नोटबंदी के बाद 142 करोड रुपये की नकदी, सोने का खजाना बरामद
Author Prabhat khabar digital desk
Updated:
विज्ञापन

चेन्नई / नयी दिल्ली : नोटबंदी के बाद कर चोरी मामलों के तलाशी अभियान में लगे आयकर विभाग को आज शहर के कई स्थानों पर छापों के दौरान बडी सफलता हाथ लगी है. विभाग को तलाशी अभियान में 10 करोड रुपये के नए नोटों, 127 किलो सोने सहित कुल 142 करोड रुपये की अघोषित संपत्ति […]
विज्ञापन
चेन्नई / नयी दिल्ली : नोटबंदी के बाद कर चोरी मामलों के तलाशी अभियान में लगे आयकर विभाग को आज शहर के कई स्थानों पर छापों के दौरान बडी सफलता हाथ लगी है. विभाग को तलाशी अभियान में 10 करोड रुपये के नए नोटों, 127 किलो सोने सहित कुल 142 करोड रुपये की अघोषित संपत्ति का बडा खजाना हाथ लगा है.
सरकार द्वारा आठ नवंबर को 500 और 1,000 रुपये के पुराने नोटों को चलन से बाहर करने के बाद नोटों की जब्ती का यह सबसे बडा मामला है. आयकर विभाग की जांच इकाई द्वारा यहां कल आठ स्थानों पर की गई तलाशी के दौरान यह खजाना पकडा गया. यह नकदी तमिलनाडु के रेत खनन समूह से जुडी बताई जाती है. आयकर विभाग के अधिकारियों ने बताया, ‘‘समूह के पास पूरे तमिलनाडु राज्य में रेत खनन का लाइसेंस हैं. उसके छह आवासीय और दो कार्यालयों सहित कुल आठ ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया.
आयकर विभाग की नीति निर्माता संस्था केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने दिल्ली में जारी एक वक्तव्य में कहा है, ‘‘तलाशी के दौरान 96.89 करोड रपये की नकदी पुराने नोटों में और 9.63 करोड रुपये की नकदी नये 2,000 रुपये के नोटों में जब्त की गई. इसके अलावा 127 किलो सोने की छडें मिलीं जिनकी कीमत 36.29 करोड रुपये बैठती है, की अघोषित संपत्ति जब्त की गई.’ इस पूरी संपत्ति का कुल मूल्य 142.81 करोड रुपये बैठता है. अधिकारियों ने इस बीच बताया कि राज्य सरकार के साथ काम करने वाले ठेकेदार एस. रेड्डी ने इस पूरी राशि और सोने का अपना होने का दावा किया है. कुछ अन्य लोगों के साथ उससे पूछताछ जारी है.
इसमें कहा गया है कि आठ में से चार स्थानों पर तलाशी अभियान अभी भी जारी है. जांच पूरी होने के बाद ही इस बारे में और ब्यौरा मिल सकेगा. अधिकारियों ने बताया कि विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि इतनी बडी मात्रा में नए नोट एक ही व्यक्ति के पास कैसे पहुंचे. इसके अलावा 2,000 रपये के इन नए नोटों की गड्डियों पर बैंक की कोई पर्ची भी नहीं है.
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आयकर विभाग द्वारा हाल में जब्त की गई नकदी और सोने का बडा भंडार है. उन्होंने कहा कि आयकर विभाग ने यह तलाशी अभियान पिछले कुछ दिनों से रेड्डी और कुछ अन्य लोगों की गतिविधियों के बारे में खुफिया जानकारी मिलने के बाद शुरु किया. अधिकारियों ने बताया कि वित्तीय लेन-देन, सोने की बिक्री की प्रविष्टियों और बिक्री:खरीद के रिकॉर्ड से संबंधित कई दस्तावेज भी जब्त किए गए.
उन्होंने बताया कि कथित सिंडिकेट के तीन लोगों से पूछताछ की जा रही है. जांच के दायरे में कुछ अन्य लोग भी हैं जिनमें कुछ बैंक अधिकारी भी शामिल हैं. पिछले दिनों कर विभाग ने बेंगलुरु में 5.7 करोड रुपये के नए नोट बरामद किए थे. इसके बाद सीबीआई और प्रवर्तन निदेशालय ने नोटबंदी के बाद बडे पैमाने पर हवाला लेनदेन, भ्रष्टाचार और धनशोधन की जांच शुरु की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










