ePaper

कर्नाटक : विभागों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस और जद (एस) की बातचीत बेनतीजा

Updated at : 28 May 2018 10:06 PM (IST)
विज्ञापन
कर्नाटक : विभागों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस और जद (एस) की बातचीत बेनतीजा

नयी दिल्ली : कर्नाटक में गठबंधन सरकार बनने के बाद से विभागों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान के बीच कांग्रेस और जद (एस) के वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को यहां बैठक की. हालांकि, दोनों दलों के बीच यह बातचीत बेनतीजा रही. दोनों दलों के नेताओं ने उम्मीद जतायी है कि एक-दो दिनों के […]

विज्ञापन

नयी दिल्ली : कर्नाटक में गठबंधन सरकार बनने के बाद से विभागों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान के बीच कांग्रेस और जद (एस) के वरिष्ठ नेताओं ने सोमवार को यहां बैठक की. हालांकि, दोनों दलों के बीच यह बातचीत बेनतीजा रही. दोनों दलों के नेताओं ने उम्मीद जतायी है कि एक-दो दिनों के भीतर विभागों के बंटवारे के मुद्दे को सुलझा लिया जायेगा.

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद के आवास पर हुई इस बैठक में जद (एस) की तरफ से मुख्यमंत्री कुमारास्वामी, दानिश अली और एचडी रेवन्ना तथा कांग्रेस की तरफ से गुलाम नबी आजाद, अहमद पटेल, डीके शिवकुमार, मल्लिकार्जुन खड़गे, सिद्धरमैया, केसी वेणुगोपाल और जी परमेश्वर शामिल हुए. जद (एस) नेता दानिश अली ने बताया, आज की बातचीत में हम किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सके. बातचीत चल रही है. उम्मीद है कि एक-दो दिन में समाधान निकाल लिया जायेगा. बैठक के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता केसी वेणुगोपाल ने कहा, हमने मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी और गठबंधन के सहयोगी अपने अन्य नेताओं से बातचीत की. हम एक-दो दिनों के भीतर विभागों के बंटवारे को अंतिम रूप दे सकते हैं. हम फिर बैठक करेंगे और आगे की बातचीत करेंगे.

कुमारास्वामी ने भी विश्वास जताया कि विभागों के बंटवारे का समझौता हो जायेगा. दिन की बैठक के बाद ऐसी खबरें आयी थीं कि शाम में दोनों दल के नेता फिर मिलेंगे, लेकिन दोबारा बैठक नहीं हुई. कुमारस्वामी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने के बाद देर शाम में कर्नाटक के लिए रवाना हो गये. कर्नाटक में सरकार बनाने के लिए हाथ मिलाने के बाद से ही दोनों दल विभागों के बंटवारे को लेकर मंथन कर रहे हैं. कुमारास्वामी ने पहले स्वीकार किया था कि नयी सरकार में विभागों के आवंटन को लेकर कांग्रेस के साथ कुछ मुद्दे हैं. सूत्रों का कहना है कि दोनों दल वित्त और गृह जैसे महत्वपूर्ण विभागों के अलावा लोक निर्माण विभाग, बिजली, खनन, जल संसाधन, सिंचाई और शहरी विकास अपने पास रखना चाहते हैं.

बैठक से पहले वेणुगोपाल ने कहा था कि कर्नाटक में कांग्रेस-जद (एस) सरकार में विभागों के आवंटन को एक-दो दिन में अंतिम रूप दे दिया जायेगा. वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के विदेश जाने की योजना विभागों के आवंटन के रास्ते में बाधक नहीं बनेगी. गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी के इलाज के लिए विदेश गये हैं. गठबंधन सरकार में कांग्रेस कोटे से 21 और जद (एस) के कोटे से 11 मंत्री शामिल होंगे.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola