West Bengal Breaking News : आदर्श आचार संहिता उल्लंघन के आरोपों को लेकर हाइकोर्ट पहुंचे शुभेन्दु
West Bengal Breaking News updates : पश्चिम बंगाल भारत का चौथा सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और क्षेत्रफल की दृष्टि से भारत का तेरहवां सबसे बड़ा राज्य है . इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. पश्चिम बंगाल की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…
कई चरणों में पंचायत चुनाव कराने की अधीर की याचिका को कलकता हाइकोर्ट ने किया खारिज
पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव को कई चरणों में कराने की प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी की दायर याचिका को कलकता हाइकोर्ट ने खारिज कर दिया है. मुख्य न्यायाधीश टीएस शिवगणम और न्यायमूर्ति हिरण्मय भट्टाचार्य की अध्यक्षता वाली उच्च न्यायालय की खंडपीठ ने बुधवार को अधीर की याचिका खारिज कर दी. कोर्ट का आदेशानुसार 8 जुलाई यानि कि शनिवार को पूरे राज्य में एक चरण में ही पंचायत चुनाव होंगे.
उत्तर बंगाल में भारी बारिश की चेतावनी
उत्तर बंगाल में अगले पांच दिनों तक भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना है. अलीपुर स्थित मौसम विभाग ने यह चेतावनी जारी की है. बारिश की वजह से उत्तर बंगाल में दृश्यता कम हो जायेगी. निचले इलाकों में पानी भर जायेगा. फसल और सब्जी की खेती को नुकसान हो सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक अगर दक्षिण में बारिश होती भी है, तो इसकी मात्रा ज्यादा नहीं होगी. दूसरी ओर, दक्षिण बंगाल में छिटपुट गरज के साथ बारिश होगी, लेकिन नमी के कारण सहज गर्म मौसम का अनुभव जारी रहेगा.
कुलतली में तृणमूल नेता व कार्यकर्ताओं पर हमला
पंचायत चुनाव के पहले दक्षिण 24 परगना के अलग-अलग हिस्सों में माहौल अभी भी अशांत बना हुआ है. अब, कुलतली थाना इलाके में तृणमूल नेताओं व कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया. घटना बुधवार की है. गोपालगंज ग्राम पंचायत के बूथ नंबर-143 के तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष सनातन नाइया ने बताया कि वे कैखाली से चुनाव प्रचार के बाद घर लौट रहे थे. अचानक उपद्रवियों के एक दल ने उनपर हमला बोल दिया. इस हमले में राजाराम नस्कर नामक तृणमूल कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हुआ है. उसे जयनगर-कुलतली ग्रामीण हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. तृणमूल के स्थानीय नेताओं ने आरोप लगाया है कि घटना को भाजपा समर्थकों ने अंजाम दिया है.
बीएसएफ ने 1.05 लाख की फेंसिडील बरामद की
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने उत्तर 24 परगना, मालदा और नदिया स्थित भारत-बांग्लादेश सीमा से सटे अलग-अलग जगहों से फेंसिडील की करीब 464 बोतलें बरामद की हैं. फेंसिडील की कीमत करीब 1.05 लाख रुपये आंकी गयी हैं. तस्कर फेंसिडील की तस्करी बांग्लादेश में करने की फिराक में थे. बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार को नदिया स्थित सीमा चौकी गेदे में बीएसएफ की एडहॉक एसबी-पांचवीं बटालियन के जवानों ने अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास कुछ तस्करों की संदिग्ध हरकत को देखा.
इडी कार्यालय की जगह पंचायत चुनाव का प्रचार करने बर्दवान पहुंची सायोनी घोष
पश्चिम बंगाल में शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में आज इडी कार्यालय में तृणमूल की युवा नेता सायोनी घोष को पेश होना था. लेकिन वह पंचायत चुनाव में व्यस्त होने के कारण इडी कायार्लय नहीं गई. सूत्रों के मुताबिक उन्होंने इडी को पत्र भेज कर सूचित किया था कि चुनाव कार्य में व्यस्त होने के कारण वह बुधवार को इडी कार्यालय नहीं जा सकेंगी.
मेयर ने डेंगू की रोकथाम के लिए रेलवे को लिखा पत्र
टॉलीगंज रेल ओवर ब्रिज के दोनों तरफ कूड़े के ढेर में मच्छर के लार्वा पाये गये हैं. ऐसे में कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने रेलवे को पत्र लिख कर कूड़ा साफ करने का अनुरोध किया है. यह पत्र सियालदह डिविजन के डीआरएम रेलवे दीपक निगम को भेजा गया है. टॉलीगंज रेल ओवर ब्रिज के दोनों किनारे कचरे से भर गये हैं. वहां हाल ही में टूटे हुए मिट्टी के बर्तनों, प्लास्टिक की थैलियों में जमा पानी में मच्छर के लार्वा पाये गये हैं. नियमित जांच के दौरान निगम के वेक्टर कंट्रोल विभाग के अधिकारियों को लार्वा मिले. उन्होंने मामले की जानकारी अधिकारियों को दी.
लेखक के बारे में
By Shinki Singh
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए