West Bengal Breaking News : ममता जी की सरकार में हिंसा और ज्यादा बढ़ गई, बोले सुकांत मजूमदार
West Bengal Breaking News Updates : पश्चिम बंगाल भारत का चौथा सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और क्षेत्रफल की दृष्टि से भारत का तेरहवां सबसे बड़ा राज्य है . इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. पश्चिम बंगाल की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…
पीड़ित परिवार से मिले जिला माकपा के प्रतिनिधि
पूर्व बर्दवान के केतुग्राम थाना क्षेत्र के उत्तरपाड़ा गांव में पंचायत चुनाव के दिन माकपा के बूथ कैंप में सक्रिय पुलक सरकार नामक कैडर की कथित तृणमूल कार्यकर्ताओं ने पीट-पीट कर हत्या कर दी थी. शुक्रवार को पीड़ित परिवार के पास जिला माकपा के प्रतिनिधि गये और हमदर्दी जताते हुए हरसंभव मदद का भरोसा दिया. साथ ही कहा कि कैडर का त्याग बेकार नहीं जायेगा. माकपा प्रतिनिधियों में बर्दवान जिला पार्टी सचिव सैयद हुसैन, राज्य कमेटी सदस्य अचिंत्य मल्लिक, जिला पार्टी सदस्य तापस चटर्जी, तापस सरकार, अपूर्व चटर्जी, अशेष कोनार, सुदीप्त बागची, शेर अली, तमाल माझी, प्रबीर गांगुली, अंसारुल हक आदि शामिल थे.
ममता जी की सरकार में हिंसा और ज्यादा बढ़ गई
पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष डॉ. सुकांत मजूमदार ने कहा कि बंगाल में कुछ दिन पहले हुए पंचायत चुनाव में जो हिंसा हुई वह सबको पता है. ये हिंसा पश्चिम बंगाल की राजनीति के साथ बहुत वर्षों से जुड़ी हुई है, लेफ्ट के शासनकाल में भी वहां हिंसा होती थी. 2011 में ममता बनर्जी ने बंगाल के लोगों को अपनी सरकार आने के बाद आश्वासन दिया था कि ये हिंसा बंद होगी, लेकिन परिवर्तन कुछ नहीं हुआ बल्कि ममता जी की सरकार में हिंसा और ज्यादा बढ़ गई है.
बस नहीं मिलने से परेशान हुए यात्री
कोलकाता में शहीद दिवस की सभा में अधिकतर बसों को लेकर जाने से गुरुवार को दैनिक यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा. शहर के गोविंद नगर बस स्टैंड में बसों की आवाजाही नहीं के बराबर देखने को मिली. एक या दो सरकारी बसों पर लोगों को निर्भर होना पड़ा. चारपहिया वाहनों में लोगों की भीड़ देखी गयी. बांकुड़ा समेत विष्णुपुर, खातड़ा के अलावा अन्य विभिन्न जगहों पर बस स्टैंड में सन्नाटा पसरा रहा. लंबे समय तक लोगों को बस का इंतजार करना पड़ा.
बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा को लेक रो पड़ीं भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी
पश्चिम बंगाल के हुगली से भाजपा सांसद लॉकेट चटर्जी शुक्रवार को नई दिल्ली में चल रही संवाददाता सम्मेलन के दौरान पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में 8 जुलाई को पंचायत चुनाव के दौरान एक भाजपा उम्मीदवार से तृणमूल कार्यकर्ताओं द्वारा यौन उत्पीड़न की कथित घटना को याद करते हुए अचानक रो पड़ीं. लॉकेट चटर्जी ने कहा कि मणिपुर में महिलाओं के साथ मारपीट और दुष्कर्म की घटना के बाद पूरे देश में आक्रोश फैला हुआ है लेकिन बंगाल की इस घटना पर किसी की नजर आखिर क्यों नहीं गई.
बंगाल में हमारी बेटियां खतरे में हैं : शुभेंदु
भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने बोला पांचला में मैंने खुद दौरा किया. बहुत खराब स्थिति है. राज्य में हमारी बेटियां खतरे में हैं. हम हर कार्यकर्ता की रक्षा के लिए कोर्ट में जाएंगे. गौरतलब है कि भाजपा महिला कार्यकर्ता के साथ कथित तौर पर TMC के लोगों द्वारा हमला और छेड़छाड़ किये जाने की घटना सामने आई है.
ममता बनर्जी पहुंची मंगलाहाट मार्केट
हावड़ा के मंगलाहाट में लगी भीषण आग का जायजा लेने के लिये मुख्यमंत्री घटनास्थल पर पहुंच चुकी है. दुकानदारों से बात-चीत की है. गुरुवार की देर रात मंगलाहाट मार्केट में अचानक आग लग गयी. लगभग 1,000 दुकानें नष्ट हो गईं. दमकल की 18 गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं. आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं है.
लेखक के बारे में
By Shinki Singh
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए