Live Updates

Weather Forecast Update: राजस्थान में मौसम ने बदली करवट, जयपुर सहित कई जिलों‍ में बारिश

Published at :18 Jun 2022 10:41 PM (IST)
विज्ञापन
Weather Forecast Update: राजस्थान में मौसम ने बदली करवट, जयपुर सहित कई जिलों‍ में बारिश

Surat: A commuter rides a two-wheeler amid rainfall, that brings respite from the summer heat, in Surat, Thursday, June 16, 2022. (PTI Photo)(PTI06_16_2022_000277B)

Weather Forecast Today Updates: दिल्ली में बारिश के बाद पारा नीचे आ गया है जिससे गर्मी से थोड़ी राहत मिली है. मौसम विभाग ने कहा है कि झारखंड में अगले 48 घंटो में मानसून के दस्तक देने की संभावना नजर आ रही है. जानें यूपी-बिहार सहित अन्‍य राज्यों के मौसम का हाल

विज्ञापन
Auto-updating every 30s

जयपुर सहित राज्य के कई शहरों में हुई मानसून पूर्व बारिश

राजस्थान की राजधानी जयपुर सहित अनेक शहर बीते चौबीस घंटों में मानसून पूर्व बारिश में भीगे हैं. राजधानी जयपुर में भी शनिवार को मानसून पूर्व की पहली बारिश हुई. मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के अनेक इलाकों में बारिश का यह दौर अभी जारी रहने की उम्मीद है. राजधानी जयपुर के अनेक हिस्सों में शनिवार दोपहर और शाम को बारिश हुई. मौसम केंद्र के अनुसार राज्य में मानसून पूर्व बारिश का दौर जारी है. पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ भागों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई है.

मानसून के पहुंचने पर कोलकाता बारिश में नहाया कोलकाता

दक्षिणपूर्व मानसून के दक्षिण पश्चिम बंगाल में दाखिल होने पर शनिवार को कोलकाता एवं उसके आसपास के जिलों में वर्षा हुई. मौसम विभाग आईएमडी के मुताबिक मानसून की उत्तरी सीमा (एनएलएम) के पूर्वी हिस्से हल्दिया, बर्धमान, दुमका , बांका और मोतिहारी से गुजरे हैं. पूरे उत्तर बंगाल में कल ही मानसून छा गया था. वहीं कूचबिहार, जलपाइगुड़ी, अलीपुरद्वार, दार्जिलिंग और कलिमपोंग जिलों में अगले 24 घंटे में भारी से अत्यधिक वर्षा होने की संभावना है.

झारखंड के इन जिलों में होगी बारिश 

मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक बोकारो, चतरा, धनबाद, पूर्वी सिंघभूम, गढ़वा, जामताड़ा, खुंटी, लातेहार, पलामू, रांची सराईकेला-खरसवां जिले के कुछ भागों में अगले एक से तीन घंटे में वज्रपात के साथ बारिश की संभावना है. साथ में जिले के कुछ स्थानों पर तेज हवा, जिसकी गति 30- 40 किमी प्रति घंटे तक भी देखी जा सकती है.

राजस्थान के पूर्वी भाग के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर जारी

राजस्थान के पूर्वी भाग के कुछ हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई. वहीं, पश्चिमी भाग शुष्क बना रहा. जयपुर मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर, कोटा संभाग के जिलों में मानसून पूर्व की गतिविधियां आगामी चार-पांच दिनों के दौरान जारी रहेंगी. उन्होंने बताया कि इस दौरान दोपहर के बाद गरज के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बारिश और कहीं-कहीं तेज हवाएं चलने की संभावना है.

त्रिपुरा में भारी बारिश

त्रिपुरा में भारी बारिश के बाद जलमग्न हुई अगरतला की सड़के. मौसम विभाग (आईएमडी) अगरतला के अनुसार अगले कुछ घंटों में पश्चिम त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में वज्रपात के साथ बारिश होने की संभावना है.

झारखंड में मौसम ने बदली करवट

रांची, बोकारो, धनबाद, खूंटी, लातेहार, रामगढ़, सराईकेला-खरसावां और पश्चिम सिंघभूम जिले के कुछ भागों में अगले एक से तीन घंटे में वज्रपात के साथ वर्षा होने की संभावना है. साथ में जिले के कुछ स्थानों पर तेज हवा भी देखी जा सकती है.

दिल्ली ने गर्मी से ली राहत की सांस, झमाझम बारिश हुई शुरू  

राजधानी दिल्ली में शुक्रवार दोपहर झमाझम बारिश जारी है. मौसम विभाग (आईएमडी) के मुताबिक दिल्ली में आज बादल छाए रहने के साथ मध्यम बारिश होगी.

बहुत भारी बारिश के आसार

स्‍काईमेट वेदर के अनुसार पूरे भारत में बारिश अब बढ़ने लगी है. कई राज्यों में तेज बारिश के आसार नजर आ रहे हैं. पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति पैदा हो सकती है.

दिल्ली के कई हिस्सों में भारी बारिश

राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में भारी बारिश होने के बाद दिल्लीवासियों को शुक्रवार सुबह भीषण गर्मी से राहत मिली और न्यूनतम तापमान पांच डिग्री गिरकर 22.8 प्रतिशत रहा. मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि शहर में पिछले 24 घंटे में सात मिमी बारिश दर्ज की गई. दिन में अधिकतम तापमान के 37 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में मूसलाधार बारिश

असम, मेघालय, त्रिपुरा, नगालैंड और अरुणाचल प्रदेश सहित पूर्वोत्तर भारत में कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश होने से बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई. वहीं मौसम विज्ञान विभाग ने अगले पांच दिनों में इस क्षेत्र में और बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है.

इन इलाकों में हो सकती है जोरदार बारिश

देश के कई हिस्सों में प्री मॉनसून जोरदार बारिश हो रही है. स्काईमेट वेदर के मुताबिक, ओडिशा, छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों, पूर्वी मध्य प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, लक्षद्वीप लक्ष्यदीप में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है और केरल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.

दिल्ली में गरज के साथ छीटें पड़ने की संभावना

राजधानी दिल्ली के लिए आईएमडी ने शनिवार से चार दिनों के लिए गरज के साथ छीटें पड़ने या हल्की बारिश की चेतावनी के साथ ‘येलो अलर्ट’ जारी की है. रविवार तक पारे के 36 डिग्री सेल्सियस तक गिरने का अनुमान है. विभाग के मुताबिक, 22 जून के बाद मौसम साफ हो जाएगा और शुष्क पछुआ हवाएं चलेंगी हालांकि, तापमान तेजी से बढ़ने का पूर्वानुमान नहीं है.

दक्षिण पश्चिम मानसून सोमवार तक झारखंड के सभी हिस्सों में पहुंच जायेगा

मौसम विभाग ने संभावना व्यक्त की है कि दक्षिण पश्चिम मानसून सोमवार तक झारखंड के सभी हिस्सों में पहुंच जायेगा. मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि मानसून के आगमन से पूर्व राज्य के विभिन्न भागों में कुछ जगहों पर भारी बारिश और वज्रपात का ‘यलो अलर्ट’ जारी किया गया है.

17 से 19 जून तक भारी बारिश की चेतावनी

मौसम केंद्र, रांची के अनुसार 17 जून (शुक्रवार) को राज्य के उत्तर- पूर्वी भाग यानी धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. वहीं, कहीं-कहीं गर्जन/वज्रपात की संभावना भी जतायी है. वहीं, 18 जून (शनिवार) को राज्य के उत्तरी भाग तथा 19 जून (शनिवार) को राज्य के उत्तर-पूर्वी, दक्षिण-पूर्वी तथा निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं भारी की संभावना जतायी है.

भारी से बहुत भारी स्तर की बारिश होने का अनुमान

मौसम विभाग ने कहा कि बंगाल की खाड़ी से तेज दक्षिण-पश्चिमी हवाएं चलने के कारण उप-हिमालयी जिलों दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार में अगले पांच दिन में भारी से बहुत भारी स्तर की बारिश होने का अनुमान है. मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के शुक्रवार तक पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी हिस्सों तथा राज्य के सभी उत्तरी जिलों की ओर बढ़ने का अनुमान है.

दिल्ली में ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी

रातभर बारिश के बाद दिन में आंशिक रूप से बादल छाये रहने के चलते राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को दिल्लीवासियों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली. हालांकि, शहर में मानसून से पहले की कोई प्रमुख गतिविधि दर्ज नहीं की गई. मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी करते हुए मध्यम वर्षा और गरज के साथ बौछारें पड़ने के अलावा तेज हवाएं चलने की संभावना जतायी है.

झारखंड में अगले 48 घंटो में मानसून के दस्तक देने की संभावना

झारखंड में अगले 48 घंटे के दौरान मानसून के दस्तक देने की संभावना है. भारत के मौसम विभाग (आईएमडी) की ओर से यह जानकारी दी गयी है. इस बीच, मौसम ने करवट बदली है और राज्य के अनेक भागों में मानसून पूर्व की बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया है.

आईएमडी ने लू को लेकर क्‍या कहा

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि दक्षिण पश्चिम मानसून के मध्य और पूर्वी भारत की ओर बढ़ने तथा एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण देश के सभी हिस्सों में लू की स्थिति में नरमी आई है. विभाग का कहना है कि 29 जून तक लू के हालात में नरमी बने रहने का अनुमान है. उत्तर पश्चिमी भारत दो जून से जबकि मध्य भारत 10 जून से गर्म और शुष्क पश्चिमी हवाओं के कारण लू की चपेट में था.

मध्य भारत में कब पहुंचेगा मानसून

मौसम विभाग के मुताबिक, झारखंड, पश्चिम बिहार, उत्तरी ओडिशा और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग इलाकों में भी 10 जून से 15 जून तक लोगों को लू का सामना करना पड़ा. आईएमडी ने कहा कि लू का प्रकोप 16 जून तक कम हो गया है. दक्षिण-पश्चिम मानसून के मध्य और पूर्वी भारत की ओर बढ़ने तथा एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण इसकी स्थिति में नरमी आई है. इसने कहा कि देश के उत्तर-पश्चिमी और मध्य भागों में अधिकतम तापमान में पांच से 10 डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है. मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 23 जून से 29 जून के बीच मध्य भारत के शेष हिस्सों और उत्तर पश्चिम भारत के कई हिस्सों में पहुंचने की संभावना है.

राजस्थान के अधिकांश स्थानों पर तापमान में गिरावट

राजस्थान के अधिकांश स्थानों पर गुरुवार को दिन के तापमान में बुधवार के मुकाबले मामूली गिरावट दर्ज की गई. मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार, राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान भरतपुर के वैर में दो मिलीमीटर, अलवर, भीलवाड़ा और जयपुर के सांभर में एक-एक मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है.

मानसून के शुक्रवार तक पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी हिस्से की ओर बढ़ने के आसार

बहुप्रतीक्षित दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के एक दिन के अंदर पश्चिम बंगाल स्थित गंगा के मैदानी हिस्सों की ओर बढ़ने के आसार हैं, जिससे इस इलाके समेत पूरे उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल क्षेत्र में दिन और रात के तापमान और आर्द्रता के स्तर में कमी आएगी.

विज्ञापन
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola