Bihar Breaking News Live: मुंगेर में आग लगने से दो घर जलकर राख, लाखों का नुकसान
Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को…
बिहार में भी चक्रवाती तूफान मिचोंग को लेकर अलर्ट
मिचौंग तूफान के कारण बिहार के दक्षिणी-मध्य, दक्षिण-पूर्व और दक्षिण-प्रश्चिम क्षेत्र में कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना है. बारिश की संभावना अधिकतम सात दिसंबर तक है. आइएमडी पटना ने तूफान को लेकर बिहार में किसी तरह का अलर्ट अभी जारी नहीं किया है. आइएमडी के मुताबिक रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल, गया, नवादा, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, जमुई, बांका और मुंगेर आदि जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के आसार हैं.
मुंगेर में आग लगने से दो घर जलकर राख, लाखों का नुकसान
मुंगेर के हवेली खड़गपुर प्रखंड के केसौली गांव में सोमवार को बिजली की शार्ट सर्किट से अगलगी की घटना घटी. इस घटना में सुधीर मंडल और ललन मंडल का घर सहित घर में रखा सभी सामान जलकर राख हो गया. बताया गया कि आग पहले सुधीर मंडल के घर में लगी और देखते ही देखते दूसरे घर को अपनी आगोश में ले लिया. अगलगी होते देख सुधीर ने शोर मचाया और आवाज सुनकर आसपास के लोग आग बुझाने में जुट गये. लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थी कि आग पर काबू पाना संभव नहीं हो रहा था. तब इसकी सूचना अग्निशामन विभाग को दी गई. जिसके बाद आग पर काबू पाया गया और अन्य घर को आग लगने से बचाया जा सका. लेकिन तब तक घर में रखा बर्तन, कपड़ा, अनाज, आभूषण सहित अन्य समान जलकर राख हो गये. इस घटना में लगभग तीन लाख रुपये क्षति का अनुमान लगाया गया. घटना की जानकारी मिले अंचलाधिकारी स्मृति कुमारी ने राजस्व कर्मचारी को भेज कर जांच कराई और सरकारी स्तर पर सहायता उपलब्ध कराने की बात कही
भोजपुर के नथमलपुर हत्याकांड का आरोपित चाकू के साथ गिरफ्तार
भोजपुर जिला के बड़हरा थाना क्षेत्र के नथमलपुर गांव में दो दिसंबर की शाम अखिलेश राम की हुई हत्या के आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपित कमलेश राम और अखिलेश राम सगे भाई हैं. दोनों परिखा राम के पुत्र हैं, जिसने अपने सगे भाई की हत्या चाकू से गोद कर कर दी थी. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू को बरामद कर लिया है. घटना के दूसरे दिन स्व अखिलेश राम की पत्नी प्रियंका देवी ने एफआइआर दर्ज करायी थी.
ओपीडी के पर्ची कटाने के लिये मारपीट,आधा घंटों बंद रहा काउंटर
मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल में ओपीडी का पर्ची कटाने के लिये सोमवार को दो मरीज के परिजन आपस में भीड गये. दोनो परिजनों के बीच कुछ देर तक बकझक हुई, उसके बाद मारपीट होने लगी. मारपीट के दौरान अफरा तफरी मच गयी. इस बीच सुरक्षा गार्ड ने आकर दोनों को समझा कर शांत कराया.
औरंगाबाद में अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर जब्त, चालक गिरफ्तार
औरंगाबाद के दाउदनगर में अवैध खनन एवं ओवरलोडिंग के खिलाफ की गयी छापेमारी के दौरान खनन विभाग व दाउदनगर थाने की पुलिस द्वारा शीतल बिगहा के पास से अवैध बालू लदे ट्रैक्टर को जब्त किया गया है. चालक को भी गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार चालक अमरेंद्र कुमार हसपुरा थाना क्षेत्र के उच्छाल बिगहा का रहने वाला है. यह कार्रवाई खान निरीक्षक मो दानिश आलम व पुलिस पदाधिकारी नंदकिशोर कुमार के नेतृत्व में संयुक्त रूप से की गयी छापेमारी के दौरान की गयी. इस संबंध में खान निरीक्षक द्वारा एक प्राथमिकी थाना में दर्ज करायी गयी है. पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर थाना लाया गया है. दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि जिस वाहन को जब्त किया गया है, वह पूर्व में गोह में भी जब्त किया गया था, जिसका कांड संख्या 153/23 दर्ज है. वाहन चालक और मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दाउदनगर थाना में दर्ज करायी गयी है.
30 बोतल नेपाली शराब के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार
सुपौल के निर्मली में पुलिस ने 30 बोतल नेपाली शराब के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि नगर पंचायत निर्मली वार्ड नंबर 02 में शराब की तस्करी हो रही है. सूचना मिलते ही पुलिस उक्त स्थल पर पहुंच कर छापेमारी की. छापेमारी के क्रम में नगर पंचायत निर्मली वार्ड नंबर 02 निवासी बसंत मुखिया की पत्नी सोनी देवी को एक थैली में रखे 30 बोतल नेपाली देसी शराब के साथ उनके घर के समीप से गिरफ्तार किया. कागजी प्रक्रिया के बाद गिरफ्तार महिला तस्कर को न्यायिक हिरासत भेज दिया गया.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए