Vidhansabha Sthapna Diwas Live: झारखंड विधानसभा स्थापना दिवस पर तीन दिनों तक चलेगा समारोह
Jharkhand Vidhansabha Sthapna Diwas Live: झारखंड विधानसभा स्थापना दिवस पर समारोह का आयोजन किया जा रहा है. राज्यपाल रमेश बैस ने स्थापना दिवस कार्यक्रम का उद्घाटन किया. इस मौके पर उत्कृष्ट विधायक विनोद कुमार सिंह सम्मानित किए गए. विधानसभा स्थापना समारोह तीन दिनों तक चलेगा.
राज्यपाल रमेश बैस का संबोधन
झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस ने विधानसभा स्थापना दिवस पर लोगों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि 28वें राज्य के रूप में झारखंड का निर्माण हुआ. इसके लिए उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी को याद कर नमन किया. जनप्रतिनिधियों को सदन में जनता की आवाज बननी चाहिए. जनहित के विषयों को गरिमा के साथ सदन में उठाएं, ताकि आपके क्षेत्र की जनता को आप पर गर्व हो और कहे कि हमारा विधायक सर्वश्रेष्ठ है. उत्कृष्ट विधायक विनोद सिंह को सम्मानित होने पर उन्होंने बधाई दी. उन्होंने कहा कि विधायक विनोद सिंह की जब कार चोरी हो गयी थी, तब वहां की जनता ने उन्हें चंदा कर कार खरीदकर दी थी. ये जनता का उनके प्रति स्नेह है.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का संबोधन
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि ग्रामीण आज भी कई चुनौतियों से गुजर रहे हैं. कार्यपालिका के साथ-साथ विधायिका को भी इनकी तस्वीर बदलने की कोशिश करनी चाहिए. उत्कृष्ट विधायक विनोद कुमार सिंह, शहीदों को परिजन, टॉपर विद्यार्थियों और सम्मानित खिलाड़ियों को बधाई दी. कार्यक्रम के आयोजन को लेकर स्पीकर को भी बधाई दी.
सीएम हेमंत सोरेन का संबोधन
झारखंड विधानसभा स्थापना दिवस समारोह को सीएम हेमंत सोरेन संबोधित कर रहे हैं. उन्होंने इस मौके पर बधाई दी. आज खुशी का दिन है. उत्साह का दिन है. एकीकृत बिहार में काफी दूरी होने के कारण लोगों को बहुत परेशानी होती थी. आदिवासी-दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यकों का शोषण लंबे अरसे तक चला. ये वीर शहीदों की धरती है. इन्होंने अंग्रेजों से लोहा लिया. लंबे संघर्ष के बाद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नेतृत्व में झारखंड मिला. विधानसभा बनी. विधायिका व कार्यपालिका ने मिलकर राज्य को दिशा देने का काम किया. झारखंड की सर्वोच्च पंचायत है विधानसभा.
उत्कृष्ट विधायक विनोद कुमार सिंह का संबोधन
झारखंड विधानसभा स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया जा रहा है. इस मौके पर उत्कृष्ट विधायक विनोद कुमार सिंह संबोधित कर रहे हैं. उन्होंने बगोदर की जनता का धन्यवाद किया. इस मौके पर उन्होंने धरती आबा बिरसा मुंडा को नमन किया. उन्होंने कहा कि सदन में उठाये गए सवालों के आश्वासन पर सरकार गंभीर हो. विधायी प्रक्रिया और पारदर्शी हों. धनबाद के बाघमारा में कोयला चोरी में चार लोगों की मौत की जांच की मांग की. अपने पिता स्वर्गीय महेंद्र सिंह को याद करते हुए कहा कि किताबों से उनका नाता था. वे विधानसभा से सम्मान के रूप में मिली राशि को पुस्तक खरीदने के लिए अपने विधानसभा क्षेत्र बगोदर के कॉलेजों को देंगे.
मंत्री आलमगीर आलम का संबोधन
झारखंड के ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम विधानसभा स्थापना दिवस पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे हैं. इस मौके पर उन्होंने बधाई दी. उन्होंने पूर्व विधायक स्वर्गीय महेंद्र सिंह को याद किया. उन्होंने अपील की कि सदन में पक्ष-विपक्ष को गंभीर होना चाहिए, ताकि सदन का समय व्यर्थ न जाए. उसका सदुपयोग हो. उन्होंने लोकतंत्र की खूबसूरती पर जोर दिया.
संसदीय दायित्व के तीन वर्ष का लोकार्पण
स्पीकर रबींद्र नाथ महतो द्वारा रचित पुस्तक ‘संसदीय दायित्व के तीन वर्ष’ का लोकार्पण किया जा रहा है. इस मौके पर उड़ान पुस्तिका का विमोचन किया जा रहा है. राज्यपाल का अभिभाषण पुस्तक का विमोचन किया गया. वित्त मंत्री का बजट भाषण पुस्तक का विमोचन किया गया.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए