Jharkhand Breaking News: CM हेमंत सोरेन ने गंजिया में खरकई नदी पर बराज निर्माण कार्य का किया निरीक्षण
Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बनें हमारे साथ…
CM हेमंत सोरेन ने गंजिया में खरकई नदी पर बराज निर्माण कार्य का किया निरीक्षण

सरायकेला : खतियानी जोहार यात्रा में शामिल होने सरायकेला पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लोगों को संबोधित करने के बाद गम्हरिया के गंजिया में खरकई नदी पर बराज निर्माण कार्य का निरीक्षण किया. बता दें कि सुवर्णरेखा बहुउद्देशीय परियोजना के तहत इस बराज का निर्माण हो रहा है.
कोडरमा में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को मिली 7 साल की सजा
कोडरमा : अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश तृतीय तरुण कुमार की अदालत ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म के प्रयास के मामले की सुनवाई करते हुए आरोपी खेसमी निवासी बैकुंठ साव को धारा 307 एवं पोक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत दोषी पाते हुए सात साल की सश्रम कारावास की सजा सुनाई है. साथ ही आरोपी पर 20 हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना भी लगाया गया है. जुर्माने की राशि नहीं दिए जाने पर एक साल की अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी. बता दें कि मरकच्चो थाना में कांड संख्या 228/13 पोक्सो एक्ट 24/19 के तहत मामला दर्ज किया गया था. कोर्ट में सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष से एपीपी प्रदीप कुमार मंडल जबकि बचाव पक्ष से अधिवक्ता मोहन प्रसाद ने दलील रखी. कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलील सुनने और अभिलेख पर उपस्थित साक्ष्यों को देखते हुए आरोपी बैकुंड साव को दोषी पाते हुए सजा सुनाई है.
रामगढ़ के गोला में 4 दिनों से लापता व्यवसायी पुत्र का कुआं में मिला शव
गोला (रामगढ़) : रामगढ़ जिला अंतर्गत गोला थाना क्षेत्र स्थित हाई स्कूल, डभातु के समीप सोमवार को एक युवक का शव बरामद हुआ है. इसकी शिनाख्त डबातू निवासी प्रियांशु प्रसाद के रूप में की गयी है. यह युवक पिछले चार दिनों से लापता था. शव मिलते ही मृतक के परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है. बता दें कि 27 जनवरी को मनोज कुमार द्वारा अपने पुत्र प्रियांशु राज (17 वर्ष) का अपहरण होने का मामला गोला थाना में दर्ज कराया था. इसके बाद से पुलिस मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी थी. कई लोगों से पूछताछ भी किया गया था, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल पाया था. आज कुछ लोगों द्वारा कुएं के समीप जाने पर इसका तैरता हुआ शव दिखाई दिया. इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गयी. पुलिस ने पहुंचकर शव को बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए रामगढ़ भेज दिया. शव निकाले जाने के बाद देखा गया कि इसके शरीर व सिर पर गंभीर चोट लगी है. परिजनों का कहना है कि इसकी हत्या कर यहां फेंक दिया गया है. इधर, पुलिस ने घटना के खुलासे के लिए खोजी कुत्ता भी मंगाया. जिसके बाद खोजी कुत्ता भी पुलिस के जांच में सहयोग कर रहा है. बताया जाता है कि प्रियांशु 26 जनवरी को अपने घर से दुकान जाने के लिए निकला, लेकिन घर नहीं पहुंचा. इसके कुछ देर बाद उसका मोबाइल भी बंद हो गया. जिससे परिजन काफी परेशान हो गये. इसकी काफी खोजबीन की गयी, लेकिन वह नहीं मिला.
पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा के सहयोगी सुनील सिन्हा का निधन
हजारीबाग : शहर के समाजसेवी रामनगर निवासी 65 वर्षीय सुनील कुमार सिन्हा का निधन सोमवार को दिल्ली स्थित मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान हो गया. श्री सिन्हा पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे. उनके निधन की खबर आते ही पूरे शहर में शोक की लहर दौड़ गई. सुनील सिन्हा की लोकप्रियता शहर के अलावा झारखंड में भी काफी रही है. सामाजिक तथा धार्मिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेते थे. जरूरतमंदों को आर्थिक मदद करने में कभी पीछे नहीं रहते थे. वे अपने खर्च से कई वर्षों तक धर्म प्रेमियों को कांवर यात्रा कराने के लिए सुल्तानगंज और देवघर आने-जाने की सुविधा मुहैया कराते थे. एक सफल व्यवसायी के साथ-साथ राजनीतिक क्षेत्र में भी उनकी जड़ें काफी गहरी थी. पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा से उनका बेहतर संबंध था. दिल्ली से उनका पार्थिव शरीर लाया जा रहा है मंगलवार को मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. परिवार में पत्नी के अलावा दो पुत्र, पुत्रवधू , पौत्र ,पौत्री समेत कई बंधु बांधव छोड़ गये. उनके निधन से न सिर्फ परिवार को बल्कि पूरे समाज की अपूरणीय क्षति हुई है.
पटना में 1 फरवरी को होगी झारखंड के राजद नेताओं की बैठक
गोड्डा के पूर्व विधायक व राजद के प्रधान महासचिव संजय प्रसाद यादव ने बताया कि झारखंड के प्रदेश पदाधिकारियों व जिलाध्यक्षों की बैठक 01 फरवरी को पटना में होगी. बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की अध्यक्षता में प्रदेश कार्यालय पटना में आयोजित बैठक में झारखंड के विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक समेत अन्य भाग लेंगे. ये जानकारी प्रवक्ता डॉ मनोज कुमार ने दी.
हिट एंड रन मामले में कांग्रेस नेता सौरव अग्रवाल को 8 साल जेल, 1 लाख जुर्माना
चक्रधरपुर: अपनी कार से कुचलकर 7 लोगों की जान लेने वाले युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव सौरभ अग्रवाल को न्यायालय ने 8 साल की सजा सुनायी है. इसके अलावा एक लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए