Live Updates

Jharkhand Breaking News LIVE: रामगढ़ के पतरातू में सड़क हादसा, सीआईएसएफ के दो जवानों की मौत

Updated:
विज्ञापन

Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…

विज्ञापन

रामगढ़ के पतरातू में सड़क हादसा, सीआईएसएफ के दो जवानों की मौत

रामगढ़: पतरातू पथ संख्या 4 के समीप देर रात सड़क दुर्घटना में सीआईएसएफ के दो जवानों की मौत हो गयी. बताया जा रहा है कि सीआईएसएफ के दोनों जवान मेन रोड में पैदल जा रहे थे. इसी दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में दोनों जवान आ गए. दुर्घटना किस वाहन से हुई, इसका फिलहाल पता नहीं चल पाया है. दोनों जवानों की पहचान पीवीयूएनएल सीआईएसएफयूनिट में कार्यरत कांस्टेबल धर्मपाल (45 वर्ष) एवं अरविंद एम के रूप में हुई है. सूचना मिलते ही सीआईएसफ सीनियर कमांडेंट महेश पारवेल, कमांडेंट वीरेंद्र सिंह समेत सीआईएसएफ के अन्य अधिकारी व पतरातू थाने के अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को पीवीयूएनएल अस्पताल लाया. यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया.

झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय में नई शिक्षा नीति में तकनीक के प्रयोग पर व्याख्यान का आयोजन

रांची: झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय के वाणिज्य एवं वित्तीय अध्ययन विभाग द्वारा व्याख्यान का आयोजन किया गया. इसका मूल विषय नई शिक्षा नीति में तकनीक का प्रयोग था. इस कार्यक्रम में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, दिल्ली से डॉ लोकेश जिंदल एवं बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ से डॉ लीना मुख्य वक्ता थे. डॉ लोकेश जिंदल ने शोधार्थी एवं विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए ब्रांडिंग, टेक्नोलॉजी के सदुपयोग, मैसिव ओपन ऑनलाइन कोर्स तथा नई शिक्षा नीति जैसे विषयों को लेकर चर्चा की. डॉ लीना ने आत्म नियंत्रण पर चर्चा की. इस अवसर पर वाणिज्य एवं वित्त विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ बटेश्वर सिंह एवं डॉ के बी सिंह ने सभी का स्वागत किया. इस अवसर पर विभाग के प्राध्यापक डॉ अजय एवं डॉ प्रणय उपस्थित थे. कार्यक्रम में छात्र और शोधार्थी समेत लीजा, श्वेता, देवव्रत, मेघा, क्षितिज मौजूद थे.

हजारीबाग के मेढी से कोयला उठाव कर रहे मिनी ट्रक समेत 4 टन कोयला जब्त

केरेडारी : हजारीबाग जिला अंतर्गत केरेडारी थाना क्षेत्र के पताल स्थित मेढी से पुलिस ने कोयला लोड कर रहे मिनी ट्रक को कोयला के साथ जब्त किया. वहीं, पुलिस ने चार टन अवैध स्टीम कोयला जब्त किया है. जब्त कोयला और वाहन को केरेडारी पुलिस ने हेंदेगिर पुलिस पिकेट में सुरक्षित रखा है. केरेडारी पुलिस ने गुप्त सूचना पर कोयला कारोबारियों के अड्डे पर कार्रवाई किया. पुलिस को आते देख कोयला कारोबारी भागने में सफल रहे. बताया गया कि स्टॉक कोयला को कारोबारी मिनी वाहन के माध्यम से रांची के बुढ़मू स्थित ईंट भट्ठे तक पहुंचाने के फिराक में थे. इस संबंध में केरेडारी थाना प्रभारी नयाल गॉडविन केरकेट्टा ने कहा कि कोयला कारोबारी इसे ईंट भट्ठों में खपाने के फिराक में थे. काफी दिनों से कारोबारी कोयला को जमा कर रहे थे. कोयला कारोबारियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जायेगी.

ED ने रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन को भेजा समन, 21 अप्रैल को हाजिर होने को कहा

रांची : प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने रांची के पूर्व डीसी छवि रंजन को समन भेजा है. जमीन की हेराफेरी मामले में 21 अप्रैल को ईडी के जोनल ऑफिस में आने को कहा है. इस दौरान आईएएस छवि रंजन से जमीन से जुड़े मामले में पूछताछ की जाएगी. बता दें कि इस मामले में सात आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है.

सिमडेगा में 11 वोल्ट बिजली तार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत

सिमडेगा (मो इलियास) : बोलबा प्रखंड के अलिंगुड पहाड़ टोली में 11 हजार वोल्ट की तार की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी. जानकारी के मुताबिक, पहाड़टोली निवासी 55 वर्षीय कलेश्वर सिंह चिरौंजी तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ा था. इसी क्रम में पेड़ के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आ गया. जिससे उसकी मौत हो गयी. मौत के बाद भी वह पेड़ पर ही लटका रहा. लोगों ने इसकी जानकारी बिजली विभाग और पुलिस को दिया. विभाग द्वारा बिजली काटने के बाद ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतारा. सब इंस्पेक्टर सुमन कुमार के नेतृत्व में पुलिस घटनास्थल पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. इस घटना से ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ काफी गुस्सा है. लोगों ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व भी बिजली विभाग की लापरवाही के कारण बिजली की तार की चपेट में आने से पांच जानवरों की मौत हो गयी थी.

पलामू में एक अधिकारी सहित तीन कोरोना संक्रमित मिले

मेदिनीनगर : पलामू जिले में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद विभाग अलर्ट हो गया है. जिले में एक अधिकारी सहित तीन कोरोना पॉजीटिव मरीज पाये गये है. पलामू सिविल सर्जन अशोक कुमार ने बताया कि मेदिनीनगर में एक अधिकारी सहित हैदरनगर में दो कोरोना संक्रमित मिले हैं. अधिकारी की स्थिति अच्छी नहीं है. शुरूआती दौर में इन्हें सर्दी और बुखार की शिकायत थी. उन्होंने जांच कराया, तो कोरोना पोजिटिव पाये गये. उन्हें सांस लेने में परेशानी हो रही थी. इसके बाद उन्हें प्राइवेट अस्पताल में भरती कराया गया, लेकिन स्वास्थ्य में बेहतर सुधार नहीं होने पर रांची रेफर कर दिया गया. सिविल सर्जन ने बताया कि कोरोना जांच को लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीम अलर्ट है. भीड़भाड़ वाले जगहों पर कोरोना जांच शुरू कर दिया गया है. दो दिनों के अंदर रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित शहर के विभिन्न चौक- चौराहों पर कोरोना जांच शुरू कर दिया गया. सीएस ने आमलोगों से अपील किया है कि सर्दी व बुखार महसूस होने पर कोरोना का जांच जरूर कराये, ताकि इसका इलाज समय पर किया जा सके. इस तरह की परिस्थिति होने पर चिकित्सकों से जरूर मिले. उन्होंने कहा कि लापरवाही के कारण आमलोगों को परेशानी हो सकती है. घर से जब बाहर निकले तो मास्क पहनकर निकले. वहीं, सेनेटाइजर का प्रयोग करें. हाथ मिलाने से परहेज करें, ताकि परेशानी से बचा जा सके.

विज्ञापन
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola