Jharkhand Breaking News LIVE: मनिका विधायक के लापता भतीजे का शव कुएं से बरामद, जांच में जुटी लातेहार पुलिस
Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
मनिका विधायक के लापता भतीजे का शव कुएं से बरामद
लातेहार के मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामचंद्र सिंह के लापता भतीजे कृष्णा सिंह का शव एक कुएं से बरामद किया गया है. लापता होने के बाद उसकी खोजबीन की जा रही थी, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल रहा था. शुक्रवार की सुबह विधायक रामचंद्र सिंह के बरवाडीह थाना क्षेत्र के मंगरा स्थित पैतृक आवास से महज कुछ ही दूरी पर सुरेश सिंह के कुएं से शव को बरामद किया गया. बरवाडीह पुलिस सभी बिंदुओं पर छानबीन शुरू कर दी है.
गुमला में जंगली हाथी ने एक वृद्धा को कुचलकर मार डाला
गुमला जिले के गुमला थाना के फट्टी गांव निवासी रूसैन देवी (60 वर्ष) को जंगली हाथी ने कुचलकर मार डाला. घटना शुक्रवार की सुबह 8.00 बजे की है. रूसैन खेत में काम कर रही थी. तभी जंगल से निकलकर एक हाथी आ गया. वृद्ध होने के कारण रूसैन भाग नहीं सकी.
बरवाअड्डा में भारी मात्रा में नकली शराब के ढक्कन व झारखंड सरकार का स्टीकर जब्त
बरवाअड्डा (धनबाद), हीरालाल. बरवाअड्डा पुलिस ने जीटी रोड लोहार बरवा के समीप एक सफेद रंग की स्कूटी से भारी मात्रा में नकली शराब की बोतल के ढक्कन व झारखंड सरकार का स्टीकर जब्त किया है. शुक्रवार को डीएसपी मुख्यालय वन अमर कुमार पांडेय ने प्रेसवार्ता कर इसकी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि शराब बनानेवाली कंपनी आइआइआरआइएस के एवीपी संजय शर्मा के द्वारा लगातार शिकायत मिल रही थी. आरोपी संजय कुमार महतो को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
रामगढ़ में सड़क हादसे में सीसीएल कर्मी विनोद नायक की मौत
चितरपुर(रामगढ़), सुरेंद्र कुमार/शंकर पोद्दार. चितरपुर-रजरप्पा मंदिर फोरलेन मार्ग के कलाली टांड़ के समीप सड़क दुर्घटना में सीसीएल कर्मी की मौत हो गयी. बताया जाता है कि विनोद नायक (32 वर्ष) रजरप्पा प्रोजेक्ट से ड्यूटी कर बाइक से अपने घर लौट रहे थे. इस बीच राज्य खाद्य निगम गोदाम चितरपुर से ग्रीन कार्डधारियों के लिए चावल लेकर तेज रफ्तार से चितरपुर जा रहे ट्रैक्टर ने इसे अपनी चपेट में ले लिया. इससे घटनास्थल पर ही इसकी मौत हो गयी. ग्रामीणों के अनुसार ट्रैक्टर में ओवरलोड चावल लदा हुआ था. ट्रैक्टर का नंबर भी नहीं है. ट्रैक्टर चालक व मालिक पर केस दर्ज करने की मांग की है.
हार्डकोर नक्सली रेणु कोड़ा देवघर से अरेस्ट
बिहार पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. सीमावर्ती बिहार के जमुई जिले की पुलिस ने एसटीएफ के सहयोग से छापामारी कर झारखंड की देवघर पुलिस के सहयोग से नक्सली कमांडर सिदो कोड़ा व प्रवेश की सहयोगी रही हार्डकोर नक्सली रेणु कोड़ा को देवघर के जसीडीह थाना क्षेत्र के चपूड़िया गांव से गिरफ्तार किया है.
पत्नी ने ही प्रेमी के साथ मिलकर की थी फौजी पति की हत्या, जेल
गुमला पुलिस ने खोरा जामटोली निवासी आर्मी जवान परना उरांव हत्याकांड का उद्भेदन कर लिया है. आर्मी जवान की पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी थी. पुलिस ने इस आर्मी जवान की हत्या के मामले में उसकी पत्नी बुद्धेश्वरी देवी व खोरा जामटोली निवासी विनय लकड़ा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए