Jharkhand Breaking News LIVE: केंद्रीय भारी उद्योग विभाग के संयुक्त सचिव से मिले संजय सेठ, एचईसी पर की बात
Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…
केंद्रीय भारी उद्योग विभाग के संयुक्त सचिव से मिले संजय सेठ, एचईसी की समस्या से कराया अवगत
रांची के सांसद संजय सेठ एवं बीजेपी के वरिष्ठ नेता विनय जायसवाल ने नई दिल्ली में केंद्रीय भारी उद्योग विभाग के संयुक्त सचिव विजय मित्तल से मुलाकात की. मुलाकात के क्रम में सांसद संजय सेठ ने एचईसी के पुनरुद्धार की दिशा में पहल किए जाने एवं एचईसी अधिकारियों व कर्मचारियों का अब तक बकाया वेतनमान नहीं मिलने सहित कई अन्य समस्याओं से अवगत कराया.
सिमडेगा में जंगली हाथी ने महिला को कुचलकर मार डाला
सिमडेगा, मो इलियास. सिमडेगा के जलडेगा प्रखंड की परबा पंचायत के परबा डोंगादरहा गांव में बुधवार की रात पुष्पा देवी को जंगली हाथी ने कुचलकर मार डाला. ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना वन विभाग एवं जलडेगा पुलिस को दी गयी. इसके बाद वन विभाग के सत्येंद्र बड़ाईक, प्रदीप कुल्लू, हेमंत कुमार एवं नितिश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे एवं मृतक के परिजनों को तत्काल दस हजार रुपये सहायता राशि के रूप में दी. कागजी प्रक्रिया के बाद चार लाख रुपये मुआवजा राशि दी जाएगी.
सिमडेगा में गला दबाकर युवती की हत्या, कुएं से शव बरामद
सिमडेगा, मो इलियास. सिमडेगा थाना क्षेत्र के किनकेल में एक युवती की गला दबाकर हत्या कर दी गयी और कुआं में डाल दिया गया. गुरुवार को किनकेल स्थित मिशन आम बागान के निकट स्थित कुआं से युवती का शव बरामद किया गया. जानकारी के अनुसार किनकेल करयगुड़ा निवासी रोहित लकड़ा एवं गांव की ही 22 वर्षीया रेखा मिंज के बीच पिछले छह साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. एक फरवरी की रात्रि सात बजे से रेखा घर से गायब थी. आठ फरवरी को लड़की के पिता ने थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया. पुलिस ने शक के आधार पर रोहित लकड़ा से पूछताछ की. इसके बाद रोहित लकड़ा ने पुलिस के समक्ष सच्चाई कबूल कर ली.
जॉब मार्केट के लिए व्यावसायिक कौशल विकास है महत्वपूर्ण, बोले सीयूजे के वीसी प्रो क्षिति भूषण दास
रांची : सीयूजे के वीसी प्रो क्षिति भूषण दास ने कहा कि व्यावसायिक कौशल विकास जॉब मार्केट के लिए महत्वपूर्ण है. छात्रों को इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए और सर्वोत्तम नौकरी के प्रस्ताव प्राप्त करने के लिए अपने कौशल को ठीक करना चाहिए. उन्होंने कहा कि कौशल डिग्री से अधिक जोर से बोलता है. वे 8 सप्ताह के व्यावसायिक कौशल विकास कार्यक्रम का उद्घाटन कर रहे थे. प्रोफेसर मनोज कुमार, डीन एकेडमिक्स अफेयर्स और डॉ डी बी लाटा, चीफ प्लेसमेंट ऑफिसर मौजूद थे. कार्यक्रम की शुरुआत प्रशिक्षण एवं नियोजन अधिकारी डॉ सुदर्शन यादव के स्वागत से हुई. प्रशिक्षण एवं नियोजन अधिकारी डॉ भास्कर सिंह ने आभार व्यक्त किया. इस कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षण एवं नियोजन अधिकारी डॉ नितेश भाटिया भी उपस्थित थे.
देवघर में सड़क हादसा, बाबा मंदिर पूजा करने आ रहीं 11 महिला श्रद्धालु घायल
झारखंड के देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र अंतर्गत देवघर-दुमका मुख्य पथ स्थित लीला मंदिर के समीप गुरुवार की सुबह श्रद्धालुओं से भरी ऑटो पलट गयी. इस घटना में सीमावर्ती बांका जिले के बौंसी व मोहनपुर थाना क्षेत्र के रत्नसार गांव से देवघर बाबा मंदिर पूजा करने आ रहे 11 श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गये. सभी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. यहां ऑन ड्यूटी चिकित्सक की देखरेख में सभी का उपचार किया गया.
कार्ड बांटने जा रहे तीन युवकों की सड़क हादसे में मौत, गांव में मातम
गुमला शहर से सटे करौंदी गांव के समीप दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है. गमी का कार्ड बांटने जा रहे तीन युवकों की सड़क हादसे में मौत हो गयी. तीनों युवक मांझाटोली के थे. करौंदी के समीप बाइक से अनियंत्रत होकर गिरने से इनकी मौत हुई. मृतकों में अमन बेक (21 वर्ष), कुलदीप खलखो (22 वर्ष) व अकाश बेक (21 वर्ष) शामिल हैं. ये तीनों युवक मांझाटोली से गुमला आ रहे थे.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए