Jharkhand Breaking News LIVE: श्रीलंका में फंसे झारखंड के 19 मजदूरों ने लगायी वतन वापसी की गुहार
Jharkhand Breaking News LIVE Updates: भारत का 28वां राज्य है झारखंड. इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…
वतन वापसी की लगायी गुहार
गिरिडीह (कुमार गौरव) : मलेशिया में फंसे झारखंड के 30 मजदूरों में से दस मजदूर अपने वतन सकुशल लौट चुके हैं. अभी भी 20 मजदूर मलेशिया में फंसे हुए हैं. इस बीच श्रीलंका में गिरिडीह जिले के बगोदर के 13 मजदूर समेत हजारीबाग, बोकारो एवं धनबाद जिले के 19 मजदूर फंसे हुए हैं. एक बार फिर इन मजदूरों ने सोसल मीडिया के माध्यम से वतन वापसी की गुहार लगाई है. सीएम हेमंत सोरेन ने इस मामले में संज्ञान लिया है और विदेश मंत्री से इस दिशा में पहल करने का आग्रह किया है.
पत्नी ने पति पर डाला खौलता पानी, इलाज के दौरान मौत
हजारीबाग (संजय सागर) : हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र के नापो खुर्द गांव में पत्नी द्वारा सो रहे पति (एसएसबी जवान) पर खौलता हुआ पानी डालकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है. इस संबंध में अस्पताल में घायल पति ने पुलिस के समक्ष बयान दर्ज कराया है. हालांकि 1 मई को रांची के देवकमल हॉस्पिटल में घायल जवान की मौत हो गई.
1 लाख रुपये की शराब जब्त
लोहरदगा (गोपी कुंवर) : लोहरदगा जिले के बगडू थाना के ग्राम मेरले स्थित चंदन साहू के घर एवं इसकी निशानदेही पर बड़ चोरगाई के काली उरांव के घर पर छापामारी की गयी. इसमें कुल 47 पेटी अवैध शराब बरामद की गई. कुल 441 लीटर अवैध शराब बरामद की गयी. इस संबंध में बगडू थाना प्रभारी राजन कुमार सिंह बताया कि बरामद शराब का मूल्य लगभग 1 लाख रुपये है.
सुबह 6 से 10:30 बजे तक चलेंगे स्कूल
रांची में अब सुबह 6 से 10:30 बजे तक स्कूलों का संचालन किया जायेगा. भीषण गर्मी को लेकर डीसी ने ये आदेश जारी किया है. पहले सुबह 6 बजे से 12 बजे तक स्कूलों के संचालन का निर्देश दिया गया था.
छात्र का अधजला शव बरामद
देवघर (संजीत मंडल) : देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के जसीडीह बाजार के हटिया चौक के समीप से एक युवक का अधजला शव बरामद किया गया है. शव की पहचान बिहार के जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र के बोढ़वा गांव निवासी 20 वर्षीय छात्र अर्णव विशाल के रूप में की गयी है, जो वर्तमान में सिमरिया मोड़ के पास किराये के मकान में अपने परिवार के साथ रहता था.
धारदार हथियार से हत्या, चौक जाम
रांची (धर्मेंद्र गिरी) : रांची जिले के तुपुदाना ओपी क्षेत्र के तुपुदाना इंडस्ट्रियल एरिया के पीछे संदीप उरांव की धारदार हथियार से हत्या कर दी गयी है. हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ तुपुदाना चौक को जाम कर दिया है.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए