Bihar Breaking News Live: सीवान में आपसी विवाद में एक की हत्या पर हंगामा, ग्रामीणों ने आगजनी कर सड़क जाम किया
Bihar Breaking News Live: बिहार में राजनीतिक हलचल, सड़क हादसे, शिक्षा, खेल, क्राइम व मौसम समेत अन्य किसी भी क्षेत्र की तमाम छोटी-बड़ी खबरों से सबसे पहले रूबरू होने के लिए पढ़ें prabhatkhabar.com के Bihar Live सेक्शन को…
जमुई में एक बोतल बीयर के साथ बेगूसराय के पांच युवक गिरफ्तार
जमुई के चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत पटना मोड़ के समीप से वाहन जांच के दौरान चंद्रमंडीह थाना अध्यक्ष ध्रुव कुमार व संजीव कुमार ने एक कार से पांच युवकों को नशे की हालत में एक बोतल बीयर के साथ गिरफ्तार किया. पुलिस ने बताया कि नशे के हालात में गिरफ्तार दिलीप कुमार, रोशन कुमार, अरुण कुमार, अमित कुमार व जसवंत कुमार बेगूसराय के रहने वाले हैं. ये सभी देवघर से वापस बेगूसराय जा रहे थे. इनके पास से बीयर की बोतल बरामद की गयी है. इन पांचों ने बियर पहले से पी रखी थी. इसकी पुष्टि ब्रेथ एनालाइजर से जांच के उपरांत की गयी. गिरफ्तार युवकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
24 बोतल विदेशी शराब के साथ धंधेबाज गिरफ्तार, जेल
वैशाली की जंदाहा थाना पुलिस ने जंदाहा बाजार स्थित एक पान दुकान के पास छापेमारी कर 24 बोतल विदेशी शराब के साथ एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार धंधेबाज की पहचान जंदाहा बाजार के वार्ड नंबर चार निवासी अजय कुमार के रूप में हुई. इस मामले में जंदाहा थाने के एसआइ अखिलेश कुमार ने प्राथमिकी दर्ज करायी है. आरोप है कि गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति जंदाहा बाजार के पटोरी रोड स्थित अपनी पान दुकान के पास विदेशी शराब की चोरी-छिपे बिक्री करता है. जैसे ही पुलिस वहां पहुंची एक व्यक्ति ने पान दुकान के पास से भागने का प्रयास किया. पुलिस ने खदेड़ कर उसे पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से 24 बोतल विदेशी शराब बरामद की गयी.
जमीन विवाद में गोली मार युवक की हत्या
पटना में जमीन के विवाद में गुटों में हुई फायरिंग के दौरान 25 वर्षीय युवक सूरज कुमार की गोली मार हत्या कर दी गयी. घटना अगमकुआं थाना क्षेत्र के भूतनाथ रोड मार्ग में स्थित आदर्श कॉलोनी में घटी है. मौके पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव नालंदा मेडिकल कॉलेज भेजा है. मामले की जांच के लिए घटना स्थल पर एएसपी शरथ आरएस और थानाध्यक्ष सुधीर कुमार पहुंचे. एएसपी ने बताया कि जमीन विवाद में हुई फायरिंग में युवक की मौत हुई है. मारे गये सूरज का जमीन विवाद से संबंध है कि नहीं इस बारे में पुलिस स्पष्ट नहीं कह रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में जांच चल रही है.
बालू लदे छह ट्रैक्टर व एक बाइक जब्त, चालक हुए फरार
नवादा जिले में एसपी अंब्रीश राहुल के निर्देश पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों से लदे बालू छह ट्रैक्टरों को जब्त किया गया. इसमें लाइनर की एक बाइक भी बरामद की गयी है. लेकिन पुलिस को देखते सभी आरोपित ट्रैक्टर छोड़ फरार हो गये. जानकारी के अनुसार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र से पंचानें नदी से तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया गया. पकरीवरावां थाना क्षेत्र से दो अवैध बालू लदे ट्रैक्टर व नरहट थाना क्षेत्र के धनन्जय नदी से एक अवैध बालू लदे ट्रैक्टरों के साथ लाइनर की एक बाइक जब्त किया गया है. लेकिन पुलिस की गतिविधि देख सभी अवैध खनन आरोपी फरार हो गया है.
1808 बोतल शराब, बोलेरो और बाइक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, दो फरार
गोपालगंज की भोरे पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई करते हुए रविवार को एक बाइक, एक बोलेरो और 1808 बोतल शराब के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया. हालांकि पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान दो तस्कर फरार होने में कामयाब हो गयी. पहली कार्रवाई खोरही के पास की गयी. यहां से पुलिस ने एक बोलेरो और उस पर लदे आठ बोरे से 1800 बोतल शराब बरामद कर ली. पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान एक युवक को गिरफ्तार किया गया. जबकि दो युवक फरार हो गये. पकड़े गये तस्कर की पहचान यूपी के देवरिया जिले के भाटपार थाना क्षेत्र के नोनापर गांव का चंदन विश्वकर्मा के रूप में की गयी. दूसरी कार्रवाई लालाछापर तीनमुहानी के पास की गयी, जहां से भोरे थाने के सिसई गांव के राजेंद्र चौहान और गुड्डू मद्धेशिया को बाइक की डिक्की में रखी आठ पीस देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया.
सिवान में आपसी विवाद में एक की हत्या, ग्रामीणों ने सड़क किया जाम
सीवान में आपसी विवाद में हुए एक शख्स की हत्या को लेकर ग्रामीणों ने आगजनी कर सड़क को जाम कर दिया है. आक्रोशित ग्रामीण सिसवन ताजपुर मुख्य सड़क को जाम कर प्रदर्शन कर रहे हैं. ग्रामीण सीवान एसपी को बुलाने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. मामला सिसवन थाना क्षेत्र के ग्यासपुर गांव का हैं. बताया जा रहा है कि 5 दिन पूर्व आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई थी. जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे. सभी घायलों को सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया था. जिसमें एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई. मौत के बाद से ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है. आक्रोशित ग्रामीणों ने आगजनी कर सड़क को जाम कर दिया है और जमकर बवाल किया है. मौके पर पुलिस प्रशासन पहुंच गई है और लोगों को समझाने बुझाने का प्रयास कर रही है. वहीं ग्रामीण सीवान एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए