MI vs RR, 1000th IPL Match: मुंबई इंडियंस ने राजस्थान को हराकर रोहित शर्मा को दिया बर्थडे गिफ्ट
MI vs RR, IPL 2023: मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर अपने कप्तान रोहत शर्मा को बड़ा गिफ्ट दिया है. राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 212 रन बनाये. युवा बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने शानदार शतक जड़ा. जायसवाल के शतक से ही राजस्थान ने मुंबई को 213 रनों का लक्ष्य दिया. जवाब में मुंबई की शुरुआत काफी अच्छी नहीं रही. रोहत 3 रन बनाकर आउट हो गये. लेकिन ईशान किशन और कैमरुन ग्रीन ने पारी को संभाला. उसके बाद किशन 28 रन बनाकर आउट हो गये. ग्रीन भी अर्धशतक नहीं जड़ पाये और 44 रन बनाकर आउट हो गये. सूर्यकुमार ने 55 रनों की बेहतरीन पारी खेली.
मुंबई ने राजस्थान को हराया, रोहित शर्मा को मिला बर्थ डे गिफ्ट
मुंबई इंडियंस ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर अपने कप्तान रोहित शर्मा को बर्थडे गिफ्ट दिया है. टिम डेविड के 14 गेंद में 45 रन की मदद से मुंबई इंडियंस ने यशस्वी जायसवाल के शतक को बेनूर करते हुए इंडियन प्रीमियर लीग के मैच में रविवार को राजस्थान रॉयल्स पर छह विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की. जायसवाल के पहले शतक की बदौलत राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 212 रन बनाये. जायसवाल ने 62 गेंद में 16 चौकों और आठ छक्कों की मदद से 124 रन की पारी खेली. जवाब में मुंबई ने तीन गेंद बाकी रहते चार विकेट खोकर 214 रन बनाये.
सूर्यकुमार अर्धशतक बनाकर आउट, मुंबई को चौथा झटका
सूर्यकुमार यादव 29 गेंद पर 55 रन बनाकर आउट हो गये हैं. सूर्यकुमार को ट्रेंट बोल्ट ने आउट किया है. सूर्या की जगह बल्लेबाजी करने क्रीज पर टिम डेविड आये हैं. डेविड भी पावर हिटिंग के लिए जाने जाते हैं.
सूर्यकुमार यादव ने जड़ा अर्धशतक
सूर्यकुमार यादव ने आज शानदार बल्लेबाजी की है. सूर्या 23 गेंद पर अर्धशतक जड़ चुके हैं. उन्होंने जेसन होल्डर की 15वें ओवर की पहली गेंद पर 2 रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया. उनका साथ दूसरी छोर पर तिलक वर्मा दे रहे हैं. तिलक भी पावर हिटर हैं. मुंबई को यह मुकाबला जीतने के लिए 30 गेंद पर 63 रनों की जरूरत है, जबकि टीम के हाथ अब भी 7 विकेट हैं.
अश्विन ने मुंबई को दिया तीसरा झटका, कैमरून ग्रीन आउट
कैमरुन ग्रीन अर्धशतक से चूक गये हैं. रविचंद्रन अश्विन ने ग्रीन को 44 के निजी स्कोर पर आउट कर दिया है. अश्विन का यह दूसरा विकेट है और मुंबई को तीसरा झटका लगा है. नये बल्लेबाज के तौर पर तिलक वर्मा क्रीज पर आये हैं.
10 ओवर में मुंबई ने बनाये 98 रन
मुंबई इंडियंस ने 10 ओवर में 98 रन बना लिये हैं. सूर्यकुमार यादव और कैमरन ग्रीन क्रीज पर हैं. सूर्यकुमार से आज बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है. आईपीएल 2023 में अब तक उनका बल्ला नहीं चला है. दूसरी ओर ग्रीन अर्धशतक के करीब पहुंच गये हैं. मुंबई को यह मुकाबला जीतने के लिए अब भी 10 ओवर में 115 रनों की जरूरत है.
ईशान किशन आउट, मुंबई को दूसरा झटका
नौवें ओवर की दूसरी गेंद पर मुंबई इंडियंस को दूसरा झटका लगा है. अनुभवी स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने ईशान किशन को आउट कर दिया है. किशन 23 गेंद पर 28 रन बनाकर आउट हुए हैं. उनकी जगह बल्लेबाजी करने सूर्यकुमार यादव आये हैं.
लेखक के बारे में
By Sanjeet Kumar
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए