ePaper

IPL 2023: शुभमन गिल के अर्धशतक से गुजरात ने एमएस धोनी के CSK को 5 विकेट से हराया, देखें तस्वीरें

Updated at : 01 Apr 2023 7:10 AM (IST)
विज्ञापन
IPL 2023: शुभमन गिल के अर्धशतक से गुजरात ने एमएस धोनी के CSK को 5 विकेट से हराया, देखें तस्वीरें

आईपीएल 2023 के उद्घाटन मैच में डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हरा दिया है. हार्दिक पांड्या की टीम ने अपने होम ग्राउंड नरेंद्र मोदी स्टेडियम में 179 रनों का लक्ष्य 4 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया. सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल ने शानदार अर्धशतक जड़ा.

विज्ञापन
undefined

सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल के अर्धशतक से डिफेंडिंग चैंपियन गुजरात टाइटंस ने इंडियन प्रीमियर लीग 2023 में अपने अभियान का आगाज जीत के साथ करते हुए शुक्रवार को यहां चेन्नई सुपरकिंग्स को पांच विकेट से हराया.

undefined

सुपरकिंग्स के 179 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए गुजरात की टीम ने गिल (36 गेंद में 63 रन) के अर्धशतक से चार गेंद शेष रहते पांच विकेट पर 182 रन बनाकर जीत दर्ज की जो इस टीम के खिलाफ तीन मैचों में उसकी तीसरी जीत है.

undefined

सुपरकिंग्स ने इससे पहले सलामी बल्लेबाज रुतुराज गायकवाड़ (50 गेंद में 92 रन, नौ छक्के, चार चौके) के अर्धशतक से सात विकेट पर 178 रन बनाये. उनके अलावा सिर्फ मोईन अली (23) ही 20 रन के आंकड़े को पार कर पाए.

undefined

गुजरात की ओर से लेग स्पिनर राशिद खान ने 26, मोहम्मद शमी ने 29 जबकि अल्जारी जोसेफ ने 33 रन देकर दो-दो विकेट चटकाये. सुपरकिंग्स ने आईपीएल के नये नियम ‘इंपेक्ट प्लेयर’ का सबसे पहले इस्तेमाल करते हुए गुजरात की पारी की शुरुआत में अंबाती रायुडू की जगह तुषार देशपांडे (51 रन पर एक विकेट) को टीम में जगह दी.

undefined

पारी के दूसरे ओवर में ही रिद्धिमान साहा ने देशपांडे की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा जबकि शुभमन गिल ने भी चौका जड़ा. साहा ने पदार्पण कर रहे राजवर्धन हेंगरगेकर (36 रन पर तीन विकेट) पर चौका मारा लेकिन इसी तेज गेंदबाज की गेंद पर थर्ड मैन पर शिवम दुबे को कैच दे बैठे. उन्होंने 25 रन बनाये.

undefined

गुजरात ने भी ‘इंपेक्ट प्लेयर’ का इस्तेमाल करते हुए क्षेत्ररक्षण के दौरान चोटिल हुए केन विलियमसन की जगह साई सुदर्शन को मैदान में उतारा. गिल ने देशपांडे के अगले ओवर में चौका और छक्का जड़ा. गुजरात ने पावर प्ले में एक विकेट पर 65 रन बनाये. गिल और सुदर्शन ने मिशेल सेंटनर पर दो-दो चौके मारे.

undefined

सुदर्शन (22) हालांकि हेंगरगेकर की ऑफ साइड से बाहर जाती गेंद से छेड़छाड़ की कोशिश में धोनी को कैच दे बैठे. गिल ने जडेजा की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ 11वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया और फिर सेंटनर की गेंद पर एक रन के साथ 30 गेंद में अर्धशतक पूरा किया.

undefined

जडेजा ने गुजरात के कप्तान हार्दिक पंड्या (08) को बोल्ड करके सुपरकिंग्स को वापसी दिलाने का प्रयास किया. गिल 57 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब देशपांडे की गेंद पर गायकवाड़ ने उनका कैच टपका दिया और गेंद छह रन के लिए चली गई. वह हालांकि इस जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाए और अगली गेंद पर गायकवाड़ को ही कैच दे बैठे.

undefined

गुजरात को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 41 रन की दरकार थी लेकिन अगले दो ओवर में सिर्फ 11 रन बने. गुजरात की टीम को अब तीन ओवर में 30 रन की जरूरत थी. विजय शंकर (27) ने हेंगरगेकर पर छक्का जड़ा लेकिन एक गेंद बाद लांग ऑफ पर डेवोन कॉनवे के हाथों लपके गये. इस ओवर में भी सिर्फ सात रन बने. राशिद खान (नाबाद 10) ने 19वें ओवर में चाहर की लगातार गेंदों पर छक्के और चौके के साथ गुजरात का पलड़ा भारी किया. गुजरात को देशपांडे के अंतिम ओवर में आठ रन की जरूरत थी और राहुल तेवतिया (नाबाद 15) ने लगातार गेंदों पर छक्का और चौका जड़कर टीम को जीत दिला दी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola