‘पाकिस्तान से ये मोहब्बत कब खत्म होगी?’ नसीरुद्दीन शाह पर फिर बरसीं कंगना, ‘लोमड़ी’ कहने की बताई वजह
कंगना रनौत, फोटो - इंस्टाग्राम
कंगना रनौत ने नसीरुद्दीन शाह पर लगाए तीखे आरोपों को लेकर अपनी बात दोहराई है. एक्ट्रेस ने छात्र प्रदर्शनों के मुद्दे पर फिल्म इंडस्ट्री की कथित ‘हिपोक्रेसी’ पर भी सवाल उठाए.
कंगना रनौत और नसीरुद्दीन शाह के बीच जुबानी जंग एक बार फिर चर्चा में है. कंगना ने हाल ही में नसीरुद्दीन शाह को ‘लोमड़ी’ कहा था. अब उन्होंने अपने इस बयान का बचाव करते हुए अभिनेता पर निशाना साधा है.
छात्र प्रदर्शनों को लेकर फिल्म इंडस्ट्री पर उठाए सवाल
ANI से बातचीत में कंगना ने छात्र प्रदर्शनों को लेकर फिल्म इंडस्ट्री के रवैये पर सवाल उठाए. उन्होंने झारखंड में छात्रों के साथ कथित ज्यादती और जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शनों का जिक्र किया. कंगना ने दावा किया कि जंतर-मंतर के प्रदर्शन के दौरान कई सांसदों के साथ घटनाएं हुई थीं और उनके घर के बाहर भी बड़ी संख्या में लोग जमा हुए थे. उन्होंने कहा कि उस समय फिल्म इंडस्ट्री के कुछ लोगों ने चिंता जताई थी, लेकिन अब झारखंड के छात्रों के मामले में वैसा ही रुख नजर नहीं आ रहा. कंगना ने इसे फिल्म इंडस्ट्री की ‘हिपोक्रेसी’ बताते हुए कहा कि अगर युवा कहीं विरोध कर रहे हैं तो उनके मुद्दों पर समान तरीके से बात होनी चाहिए.
नसीरुद्दीन शाह को ‘लोमड़ी’ कहने पर दी सफाई
कंगना ने अपने पुराने बयान का बचाव करते हुए कहा कि उन्होंने नसीरुद्दीन शाह को ‘लोमड़ी’ उनके एक वीडियो और बयानों की वजह से कहा था. उन्होंने नसीरुद्दीन शाह पर पाकिस्तान से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार बयान देने का आरोप लगाया. कंगना ने कहा कि वह समझ नहीं पातीं कि बंटवारे के इतने साल बाद भी पाकिस्तान को लेकर यह चर्चा क्यों जारी है. एक्ट्रेस ने इसी दौरान नसीरुद्दीन शाह पर तंज कसते हुए पूछा कि पाकिस्तान को लेकर यह ‘लव स्टोरी’ आखिर कब खत्म होगी.
पहले भी कंगना ने किया था तीखा पोस्ट
इससे पहले कंगना ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए नसीरुद्दीन शाह के बयान पर प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने कहा था कि हर कोई किसी न किसी का ‘कुत्ता’ है, लेकिन उन्हें गर्व है कि वह जिस देश की रोटी खाती हैं, उसकी रक्षा और उसके लिए लड़ाई करती हैं. इसके बाद उन्होंने नसीरुद्दीन शाह को ‘लोमड़ी’ कहकर निशाना साधा था. अब एक बार फिर कंगना ने अपने बयान का बचाव किया है.
नसीरुद्दीन शाह ने किस मुद्दे पर बयान दिया था?
नसीरुद्दीन शाह ने इससे पहले जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए थे. उनका बयान छात्र आंदोलन और पुलिस कार्रवाई से जुड़े विवाद के बीच सामने आया था. अब इसी मुद्दे को लेकर कंगना और नसीरुद्दीन शाह के बीच बयानबाजी ने मनोरंजन जगत में एक नई बहस छेड़ दी है.
ये भी पढ़ें: Kangana Ranaut: कंगना रनौत ने मनाई अपनी पहली 'तीज', दिल्ली की मुख्यमंत्री संग डांस की तस्वीरें वायरल
ये भी पढ़ें: ‘दूसरी बेटी हुई तो लोग ऐसे आए जैसे मातम हो’, कंगना ने हिमाचल की सोच पर उठाए सवाल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










