₹370 बिरयानी विवाद पर पहली बार हिमांशु जांगड़ा ने तोड़ी चुप्पी, बोले- मेरी हालत खराब है, सुनाई कहानी पूरी तरह सच नहीं थी
हिमांशु जांगड़ा और प्रणित मोरे, फोटो- इंस्टाग्राम
₹370 वाली बिरयानी टिप्पणी को लेकर विवादों में आए हिमांशु जांगड़ा ने पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ी है. उन्होंने कहा कि शो में सुनाई गई कहानी पूरी तरह सच नहीं थी. हिमांशु ने अपने शब्दों पर अफसोस जताते हुए माफी मांगी.
सोशल मीडिया पर ₹370 की बिरयानी को लेकर की गई टिप्पणी के बाद विवादों में आए हिमांशु जांगड़ा ने पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है. स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे के शो में दिए गए बयान के कारण हिमांशु ट्रोलिंग का सामना कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले ने उनकी जिंदगी पर गहरा असर डाला है.
‘दो हफ्तों से लगातार ट्रोल हो रहा हूं’
हाल ही में गुरुग्राम स्थित स्टारविक डिजाइन के संस्थापक विवेक विश्वकर्मा ने हिमांशु जांगड़ा के साथ बातचीत का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया. इस वीडियो में हिमांशु ने कहा, “अभी मेरी हालत काफी खराब है. इंस्टाग्राम पर लगातार ट्रोल किया जा रहा है. शुरुआत में मेरे परिवार और मेरे शहर के लोगों को इस बारे में जानकारी नहीं थी. बाद में जब उन्हें पता चला तो उन्होंने मुझे घर बुलाकर पूरी बात पूछी.” हिमांशु ने बताया कि परिवार वालों ने उन्हें डांटा भी और समझाया भी. हालांकि जब उनके माता-पिता को नौकरी छूटने की जानकारी मिली तो वे काफी तनाव में आ गए. उन्होंने कहा, “जब मैं अपने परिवार को परेशान देखता हूं तो बहुत पछतावा होता है. कई बार लगता है कि उस शो में जाना ही नहीं चाहिए था.”
विवादित कहानी को बताया ‘इम्प्रोवाइज्ड’
शो में सुनाई गई कहानी को लेकर हिमांशु ने कहा कि वह पूरी तरह सच नहीं थी. हिमांशु ने कहा, “मैंने वहां जिस लड़की का जिक्र किया था, हां मैंने एक लड़की को डेट किया था, लेकिन मैंने मंच पर जो कहानी सुनाई थी, वह पूरी तरह सच नहीं थी. मैंने उसे थोड़ा बढ़ा-चढ़ाकर और मनोरंजन के अंदाज में पेश किया था. मुझसे पहले भी कई लोग ऐसी ही कहानियां सुना रहे थे. शायद मेरी किस्मत खराब थी कि लोगों को मेरी बात बुरी लग गई. मैं मानता हूं कि मैंने कुछ गलत शब्दों का इस्तेमाल किया था और इसके लिए मैं माफी मांगना चाहता हूं. मेरा किसी को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था और न ही मेरी सोच वैसी है.”
महिला सहकर्मियों के साथ रिश्तों को लेकर भी दी सफाई
हिमांशु जांगड़ा ने कहा कि उन्होंने हमेशा अपनी महिला सहकर्मियों के साथ सम्मानजनक और अच्छे संबंध बनाए हैं. उनका कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर उनकी पूरी सोच और व्यक्तित्व का आकलन करना सही नहीं होगा. उन्होंने दोहराया कि उन्हें अपने बयान पर अफसोस है और वह इस पूरे विवाद से सबक सीख रहे हैं.
यह भी पढ़ें- Drishyam 3 OTT:सिनेमाघरों के बाद अब ओटीटी पर धमाल मचाएगी ‘दृश्यम 3’, रिलीज डेट हुई कन्फर्म
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए