ePaper

टीवी अभिनेत्री प्रत्युषा बनर्जी का मुंबई में हुआ अंतिम संस्कार

Updated at : 02 Apr 2016 12:08 PM (IST)
विज्ञापन
टीवी अभिनेत्री प्रत्युषा बनर्जी का मुंबई में हुआ अंतिम संस्कार

मुंबई : टीवी अभिनेत्री प्रत्यूषा बनर्जी को आज विभिन्न टेलीविजन हस्तियों, मित्रों एवं परिजनों ने अश्रुपूर्ण अंतिम विदाई दी. इस टीवी कलाकार ने कल कथित रुप से आत्महत्या कर ली थी. चौबीस साल की इस अभिनेत्री ने टीवी शो बालिका वधू में आनन्दी का किरदार बखूबी निभाकर शोहरत पाई थी. उसे कल शाम उसके फ्लैट […]

विज्ञापन

मुंबई : टीवी अभिनेत्री प्रत्यूषा बनर्जी को आज विभिन्न टेलीविजन हस्तियों, मित्रों एवं परिजनों ने अश्रुपूर्ण अंतिम विदाई दी. इस टीवी कलाकार ने कल कथित रुप से आत्महत्या कर ली थी. चौबीस साल की इस अभिनेत्री ने टीवी शो बालिका वधू में आनन्दी का किरदार बखूबी निभाकर शोहरत पाई थी. उसे कल शाम उसके फ्लैट में छत से झूलता पाया गया.

प्रत्यूषा का अंतिम संस्कार शाम करीब छह बजे ओशीवाडा शव दाहगृह में किया गया. अंतिम संस्कार में काम्या पंजाबी, स्मिता बंसल, रोहित वर्मा, राखी सावंत, एजाज खान, रतन राजपूत, सारा खान, पूजा बोस, शिल्पा सकलानी, अपूर्वा अग्निहोत्री, जया भानुशाली, माही विज एवं अन्य टेलीविजन हस्तियों ने भाग लिया. प्रत्यूषा की मां काफी व्यथित थीं और वह लगातार कह रही थीं, ‘’मुझे नहीं मालूम कि मेरी पुत्री ने यह क्यों किया.” प्रत्यूषा ने जब बालिका वधू में वयस्क महिला की भूमिका निभायी थी तब वह महज 18 वर्ष की थी .

इस दैनिक धारावाहिक के बाद वह बिग बास 7 और झलक दिखला जा जैसे रियल्टी शो में आई थी. उसे अंतिम बार टीवी शो ‘‘हम हैं ना” में देखा गया था. बताया जाता है कि प्रत्यूषा के निर्माता राहुल राज सिंह के साथ संबंध थे. खबरों के अनुसार सिंह के साथ पिछले कुछ दिनों से उनके संबंधों में कुछ खटास आ गई थी. पुलिस के अनुसार अभिनेत्री ने ‘‘एट हार्मोनी” इमारत के अपने फ्लैट में प्रथम दृष्टया कल शाम करीब पांच बजे आत्महत्या कर ली. उसके बाद उसका मित्र उसे उपनगरीय क्षेत्र अंधेरी के कोकिलाबेन अस्पताल ले गये जहां उसे मृत घोषित किया गया.

सूत्रों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में आया है कि प्रत्युषा की मौत दम घुटने के कारण हुई है. इस मामले की जांच कर रहे पुलिस वाले भी आत्महत्या के एंगल से ही पूरे मामले की जांच कर रह रहे हैं. हालांकि प्रत्‍युषा बनर्जी की आत्‍महत्‍या पर रहस्‍य बरकरार है.वहीं हमारे (प्रभात खबर) के रिपोर्टर के अनुसार प्रत्युषा बनर्जी के ब्वॉयफ्रेंड राहुल राज सिंह का कहना है कि,’ पहला हम दो बीएचके फ्लैट में रहते थे और हमारे पास दो चाबियां थीं. एक प्रत्युषा रखती थीं. एक मैं. उस दिन जब मैं बेडरुम में गया तो मैंने प्रत्युषा को फंखे से टंगा पाया. मैं बहुत डर गया था. मैंने तुरंत पड़ोसियों को मदद के लिए बुलाया. और फिर मैं कोकिलाबेन हॉस्पीटल गया.’

उन्‍होंने आगे कहा,’ मैं इतना डर ग़या था कि मैंने पुलिस को भी खबर नहीं की. डॉक्टर्स ने उन्हें खबर की. बाद में मैंने उनकी मां और उनके परिवार के अन्य सदस्य को इस बारे में जानकारी दी.’प्रत्‍युषा के बॉयफ्रेंड राहुल राज सिंह को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. पुलिस राहुल को लेकर अस्‍पताल पहुंची है.प्रत्‍युषा को आत्‍हत्‍या के बाद सबसे पहलेराहुल ने ही देखा था और उसी ने अभिनेत्री को अस्‍पताल भी पहुंचाया था जहां डॉक्‍टरों ने उन्‍हें मृत घोषित कर दिया. प्रत्‍युषा के व्‍हाट्सएप स्‍टेटस के अनुसार आत्‍महत्‍या की संकेत दे चुकी थी. उनका शु्क्रवार को स्‍टेटस था,’ मर के भी तुझसे मुंह न मोड़ना’

आज मुबंई के सिद्धार्थ अस्‍पताल में प्रत्‍युषा के शव का पोस्‍टमार्टम किया जायेगा. पोस्‍टमार्टम के बाद ही इस राज से पर्दा उठ पायेगा. प्रत्‍युषा के माता-पिता जमशेदपुर से मुंबई पहुंच गये हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रत्‍युषा के बॉयफ्रेंड राहुल से भी सख्‍ती से पूछताछ कर रही है. माना जा रहा है कि घटना से पहले राहुल और प्रत्‍युषा दोनों के बीच किसी बात का लेकर बहस हुई थी.

खबरों के अनुसार इस आत्‍महत्‍या के पीछे शक भी माना जा रहा है. प्रत्‍युषा के एक करीबी दोस्‍त के अनुसार,’ उसने एक दोस्‍त को कॉल करके राहुल की एक्‍स-गर्लफ्रेंड के बारे में कई सवाल पूछे थे. उसे शक था कि राहुल उसे धोखा दे रहा था. इसके अलावा काम न मिलने के कारण और पैसे खत्‍म हो जाने के कारण भी वो तनाव में थी.’

प्रत्युषा बालिका वधू में किरदार आनंदी के किरदार से मशहूर हुई थी. रियलिटी शो बिग बॉस-7 में भी नजर आयी थी. उन्होंने हाल ही में ‘पॉवर कपल’ में भी काम किया था. ‘ससुराल सिमर का’ में वह डायन के किरादार में थी. धारावाहिक ‘बालिका वधु’ में आनंदी के किरदार से उन्‍हें खासा प्रसिद्धि मिली थी. हालांकि बाद में निर्माता के साथ अनबन होने पर उन्होंने यह धारावाहिक छोड़ दी थी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola