झारखंड में सरकारी नौकरी भर्ती व्यवस्था में भूचाल, 72 घंटे में कभी खुशी कभी गम

Updated:
विज्ञापन

झारखंड विधानसभा की फोटो बीच में, देवेंद्र नाथ महतो (दाएं) और प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी बाएं (Image: X and AI Generated)

Jharkhand Sarkari Naukri Updates: झारखंड की भर्ती परीक्षा व्यवस्था में पिछले तीन दिन यानी 17 अगस्त से 20 अगस्त 2026 तक किसी रोलरकोस्टर से कम नहीं रहे. एक तरफ सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए दर्जनों परीक्षाएं रद्द कर दीं, तो दूसरी तरफ हाईकोर्ट ने उसी फैसले पर रोक लगा दी.

विज्ञापन

Jharkhand Sarkari Naukri Updates: झारखंड में सरकारी नौकरी की व्यवस्था में कई उतार चढ़ाव देखने को मिल रहे हैं. 17 अगस्त से 20 अगस्त के बीच यानी 72 घंटे में कई अहम फैसले हुए. इस अंतराल के बीच के घटनाक्रम को समझना जरूरी है, क्योंकि इसका सीधा असर हजारों उम्मीदवारों और उनके परिवारों पर पड़ रहा है.

आपके शहर में

विज्ञापन

Jharkhand Sarkari Naukri Updates: पूरी टाइमलाइन एक टेबल में

तारीखघटनाक्रम
17 अगस्तसरकार ने JSSC-CGL सहित 44 परीक्षाएं रद्द कीं और मामले की जांच का आदेश दिया.
17 अगस्तदेवेंद्र नाथ महतो की 16 दिन की भूख हड़ताल खत्म हुई.
18 अगस्तनियुक्त उम्मीदवारों ने नया विरोध शुरू कर दिया.
19 अगस्तप्रोजेक्ट भवन और सचिवालय के बाहर बड़ा प्रदर्शन हुआ. नियुक्त उम्मीदवारों ने कोर्ट जाने की चेतावनी दी.
20 अगस्तहाईकोर्ट ने सरकार के आदेश पर रोक लगा दी. नियुक्त उम्मीदवारों को फिलहाल राहत मिली.

दिन 1: सरकार का बड़ा ऐलान

17 अगस्त को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने खुद प्रेस कॉन्फ्रेंस करके JSSC CGL और TDPL एजेंसी से जुड़ी सभी परीक्षाओं को रद्द करने का ऐलान किया. यह फैसला 24 दिन से चल रहे छात्र आंदोलन के दबाव में आया.

सरकार ने कुल 44 भर्ती परीक्षाएं रद्द कीं और 2014 से अब तक की भर्तियों की व्यापक जांच का आदेश भी दिया. इसी दिन छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने रांची के सदर अस्पताल में मंत्रियों की मौजूदगी में अपनी 16 दिन की भूख हड़ताल खत्म की.

ये भी पढ़ें: “I Love You CM साहब...” रात 11 बजे अल्बर्ट एक्का चौक पर छात्रों का जश्न, खुशी से झूमे आंदोलनकारी

दिन 2: खुशी नहीं, नया विरोध शुरू

सरकार को लगा था कि रद्द करने से मामला शांत हो जाएगा, लेकिन 18 अगस्त को एक बिल्कुल नई मुसीबत सामने आ गई. जो उम्मीदवार पहले ही परीक्षा पास करके सरकारी नौकरी जॉइन कर चुके थे, वो खुद सड़क पर उतर आए. करीब 1975 सफल उम्मीदवार इस रद्द होने से सीधे प्रभावित बताए गए, जिनमें से कई ने दिसंबर 2025 में नियुक्ति पत्र पाकर अभी कुछ महीने पहले ही जॉइनिंग की थी.

दिन 3: प्रदर्शन और कोर्ट का दरवाजा

19 अगस्त को रांची के प्रोजेक्ट भवन के बाहर JSSC CGL पास कर चुके उम्मीदवारों ने बड़ा प्रदर्शन किया. उनका कहना था कि उन्हें बिना किसी जांच या सबूत के सामूहिक रूप से सजा दी जा रही है. प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि यह फैसला वापस नहीं लिया गया तो वो कोर्ट का रास्ता अपनाएंगे. उसी दिन राज्य सचिवालय के बाहर करीब 2700 उम्मीदवारों ने भी प्रदर्शन किया, जिनमें करीब 2000 सिर्फ JSSC CGL के जरिए भर्ती हुए थे.

ये भी पढ़ें: JSSC CGL रद्द हुई, जाएगी किसकी नौकरी? समझें पूरा गणित

दिन 4: हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

20 अगस्त को झारखंड हाईकोर्ट ने सरकार के उस आदेश पर रोक लगा दी, जिसमें 22 परीक्षाएं रद्द की गई थीं और 23 अन्य में जांच का आदेश दिया गया था. यह फैसला उन्हीं याचिकाओं पर आया जो नौकरी जॉइन कर चुके उम्मीदवारों ने दाखिल की थीं.

View on Instagram

किसी के लिए खुशी किसी के लिए गम

झारखंड में सरकारी भर्ती व्यवस्था को लेकर पिछले 72 घंटे किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रहे, जहां हर एक दिन के साथ पासा पलटता गया. 17 अगस्त को जब सरकार ने JSSC-CGL सहित 44 परीक्षाएं रद्द करने का ऐलान किया, तो 24 दिन से आंदोलन कर रहे छात्रों के लिए यह बड़ी जीत थी, खुशी का पल था. लेकिन यही फैसला उन हजारों उम्मीदवारों के लिए गम बन गया जो पहले ही परीक्षा पास कर सरकारी नौकरी जॉइन कर चुके थे.

  • सरकार को लगा उसने आंदोलनकारी छात्रों की मांग मानकर मामला सुलझा लिया.
  • नियुक्त उम्मीदवारों को लगा उनके साथ अन्याय हो रहा है.
  • अब कोर्ट के स्टे से नियुक्त उम्मीदवारों को राहत मिली, पर CBI जांच की मांग करने वाले फिर निराश हुए.

23 परीक्षाओं की CID जांच

क्र.परीक्षा / पदविज्ञापन संख्या
1फूड एनालिस्ट05/2025
2उपनिदेशक प्रोसिक्यूशन03/2025
3प्रोजेक्ट मैनेजर04/2025
4फैक्ट्री इंस्पेक्टर01/2025
5बॉयलर इंस्पेक्टर02/2025
6निदेशक07/2025
7पांचवीं सिविल सेवा परीक्षा06/2013
8सिविल जज जूनियर10/2015
9सिविल जज जूनियर विशेष11/2015
10स्वॉयल कंजर्वेटर12/2015
11सहायक निदेशक कृषि03/2015
12सहायक निदेशक कृषि बैकलॉग04/2015
13फूड सेफ्टी ऑफिसर01/2016
14डेंटिस्ट (बेसिक कैडर)02/2016
15सिविल सेवा परीक्षा बैकलॉग27/2017
16कमर्शियल टैक्स (लिमिटेड) परीक्षा10/2010
17सिविल सेवा परीक्षा-201623/2016
18जियोलॉजिस्ट व केमिस्ट रेगुलर01/2017 व 02/2017
19एपीपी03/2018
20सिविल जज जूनियर रेगुलर12/2018
21संयुक्त असिस्टेंट इंजीनियर05/2019
22सिविल सर्विस परीक्षा-202101/2021
23डेंटल डॉक्टर रेगुलर01/2022

उनकी मेहनत से मिली कुर्सी अचानक खतरे में आ गई. 18-19 अगस्त को यही नियुक्त उम्मीदवार सड़क पर उतरे, अपनी नौकरी बचाने के लिए प्रदर्शन करने लगे. फिर 20 अगस्त को हाईकोर्ट ने सरकार के आदेश पर रोक लगाकर इन्हीं उम्मीदवारों को राहत दी, लेकिन CBI जांच की मांग करने वाले छात्रों के लिए यह फिर एक झटका साबित हुआ. यानी हर फैसले में एक पक्ष के लिए खुशी और दूसरे के लिए गम है.

ये भी पढ़ें: JSSC CGL रद्द होने के बाद नौकरी बचाने सड़क पर उतरे चयनित कर्मचारी, फ्लैश लाइट मार्च निकालकर जताया विरोध

अब आगे क्या ऑप्शन?

CBI जांच की मांग अब भी अनसुलझी है. JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच ने अपना आंदोलन दो महीने के लिए स्थगित किया है, लेकिन साफ चेतावनी दी है कि अगर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और बड़े स्तर पर लौटेगा. वहीं हाईकोर्ट के स्टे के बाद सरकार का अगला कदम क्या होगा, यह भी देखने वाली बात होगी.

इस पूरे घटनाक्रम ने एक बात साफ कर दी है कि झारखंड की भर्ती परीक्षा व्यवस्था में भरोसे का संकट कितना गहरा है. एक तरफ पारदर्शिता की मांग करने वाले छात्र हैं, तो दूसरी तरफ मेहनत से नौकरी पाने वाले वो उम्मीदवार जिन्हें अब अपनी ही सफलता साबित करनी पड़ रही है. आने वाले दिनों में कोर्ट का अगला रुख ही तय करेगा कि यह लड़ाई किस दिशा में जाएगी.

ये भी पढ़ें: देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में छात्रों ने निकाली आभार यात्रा, कहा - यह जीत सामूहिक संघर्ष का परिणाम


विज्ञापन
रवि मल्लिक

लेखक के बारे में

By रवि मल्लिक

रवि मल्लिक पिछले 7 सालों से डिजिटल पत्रकारिता से जुड़े हैं. स्कूली शिक्षा से लेकर नौकरी तक की खबरों पर काम करना पसंद है. युवाओं को बेहतर करियर ऑप्शन, करंट अफेयर्स और नई वैकेंसी के बारे में बताना अच्छा लगता है. बोर्ड परीक्षा हो या UPSC, JEE और NEET एग्जाम टॉपर्स से बात करना और उनकी स्ट्रेटजी के बारे में जानना पसंद है. युवाओं को प्रेरित करने के लिए उनके बीच के मुद्दों को उठाना और सही व सटीक जानकारी देना ही उनकी प्राथमिकता है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola