Board exam preparation : तैयारी के अंतिम दौर में गलतियों से बचें, सफलता चुनें

Board Exam preparation 2026
बोर्ड परीक्षा की घड़ी अब करीब आ गयी है. ऐसे में छात्र बेहतर प्रदर्शन करने को लेकर थोड़ा दबाव महसूस करते हैं और मजबूत तैयारी की आपाधापी में ऐसी गलतियां कर बैठते हैं, जो उनकी महीनों की मेहनत पर पानी फेर देती हैं. आप बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के लिए इन आम गलतियों से बचें....
Board exam preparation : कुछ ही दिनों में बोर्ड परीक्षा शुरू होने जा रही है. साल भर की मेहनत को परिणाम में बदलने का समय करीब आ गया है. बोर्ड परीक्षा में सर्वश्रेष्ठ देने के लिए केवल पढ़ना ही काफी नहीं है, बल्कि उन गलतियों से बचना भी जरूरी है, जो आपका ध्यान भटका सकती हैं. आइये जानते हैं परीक्षा के इस अंतिम दौर में क्या करें और क्या न करें.
किसी की देखा-देखी न करें
आप अपने अध्ययन पैटर्न के बारे में सबसे अच्छी तरह जानते हैं. अपने दोस्त या सहपाठी की तरह पढ़ाई करने की कोशिश में आप कन्फ्यूज हो सकते हैं. तैयारी के इस अंतिम मोड़ पर आप जिस तरह अब तक पढ़ते आये है उसी रुटीन में पढ़ाई करें. किसी दूसरे को देख कर उसकी रणनीति को अपनाने की गलती न करें.
अब कुछ नया न पढ़ें
अब किसी भी नयी किताब को पढ़ना या उससे अभ्यास करना न शुरू करें. परीक्षा से कुछ दिन पहले किसी नयी किताब का संदर्भ लेना गलत निर्णय है. आप आखिरी वक्त में नयी किताब को नहीं समझ पायेंगे. हो सकता है ऐसा करने से आपका कीमती समय नष्ट हो जाये.
इसे भी पढ़ें : Board Exam preparation 2026 : स्मार्ट स्टडी प्लान से बनेगा टॉपर बनने का रास्ता
टालमटोल से बचें
तैयारी के अंतिम दौर में टालमटोल एक बड़ी बाधा साबित हो सकती है. डिस्ट्रैक्शन में फंस जाना और यह समझना कि अभी बहुत समय बचा है, आपकी परफॉर्मेंस को कमजोर बना सकता है.
सभी विषयों पर दें ध्यान
अंतिम समय की तैयारी के लिए एक ऐसी अध्ययन योजना बनाएं, जिसमें यह स्पष्ट हो कि आपको किन विषयों को कवर करना है और प्रत्येक विषय के लिए समय निर्धारित करें. कमजोर विषयों से शुरुआत करें और उन्हें अधिक समय दें. महत्वपूर्ण विषयों को प्राथमिकता दे.
पिछले प्रश्नपत्रों पर पूरी तरह निर्भर न हों
परीक्षा के पैटर्न को समझने के लिए पिछले वर्ष के प्रश्न पत्रों का अभ्यास आवश्यक है, लेकिन उन पर जरूरत से ज्यादा निर्भर रहना उल्टा पड़ सकता है. बोर्ड परीक्षाएं अक्सर नये पैटर्न और विषय पेश करती है. इसलिए अपनी पाठ्यपुस्तकों और अन्य अध्ययन सामग्री की उपेक्षा न करें.
न करें स्वास्थ्य की अनदेखी
पढ़ाई की हड़बड़ी में छात्र अक्सर शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य की उपेक्षा कर देते हैं, जिससे बर्नआउट हो सकता है और प्रोडक्टिविटी कम हो सकती है. परीक्षा के लिए शेष रह गये इन दिनों में पर्याप्त नींद लें और तनाव से दूर रहें.
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prachi Khare
Sr. copy-writer. Working in print media since 15 years. like to write on education, healthcare, lifestyle, fashion and film with the ability of produce, proofread, analyze, edit content and develop quality material.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




