3 जुलाई से ड्यूटी से गायब था डायल-112 का चालक, बॉर्डर पर शराब के नशे में हंगामा करते मिला; लोगों ने बनाया वीडियो

पुलिस गिरफ्त में शराबी पुलिस चालक
आदापुर थाना में प्रतिनियुक्त डायल-112 का चालक, जो 3 जुलाई से ड्यूटी से अनुपस्थित था, 16 जुलाई को मटियरवा बॉर्डर के पास शराब के नशे में हंगामा करते पकड़ा गया. मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
Motihari Dial 112 Driver Arrested: आदापुर थाना में प्रतिनियुक्त डायल-112 का चालक, जो 3 जुलाई से बिना सूचना ड्यूटी से अनुपस्थित था, 16 जुलाई को मटियरवा बॉर्डर के पास शराब के नशे में हंगामा करते पकड़ा गया. मेडिकल जांच और एल्कोहल टेस्ट में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है.
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, चालक की पहचान रणविजय कुमार सिंह के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है.
3 जुलाई से बिना सूचना ड्यूटी से था अनुपस्थित
पुलिस के अनुसार, रणविजय कुमार सिंह आदापुर थाना में डायल-112 के चालक के रूप में प्रतिनियुक्त था. वह 3 जुलाई 2026 से बिना किसी सूचना के अपनी ड्यूटी से अनुपस्थित चल रहा था.
इसी बीच 16 जुलाई को मटियरवा बॉर्डर के समीप उसके चार अन्य लोगों के साथ शराब के नशे में हंगामा करने की सूचना मिली.
स्थानीय लोगों ने बनाया वीडियो, मौके पर पहुंची डायल-112 टीम
पुलिस की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, हंगामे के दौरान स्थानीय लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया. सूचना मिलने के बाद डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची.
टीम ने चालक रणविजय कुमार सिंह को हिरासत में लिया और आदापुर थाना लेकर आई. इसके बाद उसका चिकित्सीय परीक्षण और एल्कोहल टेस्ट कराया गया.
जांच में शराब पीने की हुई पुष्टि
पुलिस के मुताबिक, जांच में चालक के शराब सेवन की पुष्टि हुई. इसके बाद मामले में आदापुर थाना कांड संख्या-249/26 दर्ज किया गया है.
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.
एसपी बोले- कानून सबके लिए समान
एसपी स्वर्ण प्रभात ने स्पष्ट किया कि कानून सभी के लिए समान है. शराबबंदी कानून का उल्लंघन करने वाला चाहे आम नागरिक हो या पुलिस से जुड़ा कर्मी, उसके खिलाफ निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










