तृणमूल कांग्रेस के किस युवा नेता का चरित्र हनन कर रही है भारतीय जनता पार्टी!

ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने अपने विरोधी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर टीएमसी के युवा नेता का चरित्र हनन करने का आरोप लगाया है. पार्टी ने कहा है कि भाजपा उसके युवा सांसद पर व्यक्तिगत हमले कर रही है. वह इसलिए ऐसा कर रही है, क्योंकि भाजपा के पास दिखाने के लिए कुछ नहीं है. उसके पास कोई मुद्दा नहीं है.
कोलकाता : ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने अपने विरोधी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर टीएमसी के युवा नेता का चरित्र हनन करने का आरोप लगाया है. पार्टी ने कहा है कि भाजपा उसके युवा सांसद पर व्यक्तिगत हमले कर रही है. वह इसलिए ऐसा कर रही है, क्योंकि भाजपा के पास दिखाने के लिए कुछ नहीं है. उसके पास कोई मुद्दा नहीं है.
तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने दावा किया कि केंद्र की जन-विरोधी नीतियों के कारण उसके पास दिखाने के लिए कुछ भी नहीं है. यही वजह है कि वह पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी के एक युवा नेता पर अनर्गल आरोप लगा रही है. उस पर व्यक्तिगत हमले कर रही है और उसका चरित्र हनन कर रही है.
तृणमूल कांग्रेस के प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि टीएमसी राजनीति में व्यक्तिगत हमलों के पक्ष में नहीं है. उन्होंने कहा, ‘हम चाहते हैं कि राज्य में विकास के काम पर चर्चा होनी चाहिए. भाजपा के पास इस बारे में बात करने के लिए कुछ है नहीं. इसलिए वह नकारात्मक बयानों से अशांति पैदा करने और सबसे निंदनीय व्यक्तिगत हमलों तथा चरित्र हनन में लगी है.’
Also Read: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2021 से पहले तृणमूल कांग्रेस में असंतोष, भाजपा देख रही मौके
श्री घोष ने कहा कि किसी के खिलाफ व्यक्तिगत हमले नहीं होने चाहिए, क्योंकि इसके दूसरे परिणाम हो सकते हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने पिछले दिनों टीएमसी के युवा नेता और दो बार के सांसद पर व्यक्तिगत हमला किया.
श्री विजयवर्गीय ने एक रैली में कहा था, ‘टीएमसी में अब कोई स्वाभिमानी व्यक्ति नहीं रह सकता, क्योंकि उसकी कमान अब भाइपो (भतीजे) के हाथों में चली गयी है.’ टीएमसी प्रवक्ता ने दावा किया कि भाजपा युवा नेता पर हमला कर रही है, क्योंकि वह उनसे डर रही है.
कुणाल घोष ने टीएमसी के युवा नेता का नाम लिये बगैर कहा, ‘कैलाश विजयवर्गीय भाइपो (भतीजे) के बारे में बात कर रहे थे. मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि ऐसे संबोधनों का इस्तेमाल करने की बजाय वह उस व्यक्ति का नाम लें. या तो आप उस व्यक्ति का नाम लीजिए या झूठ फैलाना बंद कीजिए.’
भाजपा की राज्य इकाई के अध्यक्ष दिलीप घोष ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘राज्य में हर कोई जानता है कि भाइपो कौन है. हम उचित समय पर नाम लेंगे.’ उन्होंने यह भी कहा कि अगर भाजपा डरी हुई होती, तो वर्ष 2019 लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में 18 सीटें न जीत पाती.
Posted By : Mithilesh Jha
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




