शेयर बाजार में 8 दिन की गिरावट पर लगा ब्रेक, सेंसेक्स 58 अंक चढ़ा
Published by : KumarVishwat Sen Updated At : 17 Feb 2025 4:51 PM
Stock Market Close
Stock Market: शेयर बाजार में 8 दिनों की गिरावट के बाद सेंसेक्स 58 अंक चढ़ा, निफ्टी में भी बढ़त रही. एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे शेयरों में तेजी से बाजार को सहारा मिला. विदेशी निवेशकों की कुल निकासी 99,299 करोड़ रुपये तक पहुंची.
Stock Market: शेयर बाजार में पिछले 8 दिनों से जारी गिरावट पर सोमवार को ब्रेक लग गया और बीएसई सेंसेक्स में 58 अंक की तेजी आई. एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे शेयरों में तेजी से बाजार बढ़त में रहा. कारोबार के आखिर में लिवाली से 30 शेयरों पर आधारित बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 57.65 अंक यानी 0.08% की बढ़त के साथ 75,996.86 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 644.45 अंक तक लुढ़क गया था. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 30.25 अंक यानी 0.13% की बढ़त के साथ 22,959.50 अंक पर बंद हुआ.
8 दिनों में 2,644.6 अंक टूटा सेंसेक्स
बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 199.76 अंक टूटा था, जबकि एनएसई निफ्टी में 102.15 अंक की गिरावट रही थी. पिछले आठ कारोबारी सत्रों में बीएसई सेंसेक्स 2,644.6 अंक नुकसान में रहा था, जबकि निफ्टी में 810 अंक की गिरावट रही थी.
इन कंपनियों के शेयरों में उछाल
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से बजाज फिनसर्व, पावरग्रिड, इंडसइंड बैंक, अदाणी पोर्ट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचडीएफसी बैंक, जोमैटो और टाटा मोटर्स प्रमुख रूप से लाभ में रहे. नुकसान में रहने वाले शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस, आईसीआईसीआई बैंक और आईटीसी शामिल हैं. शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 4,294.69 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे.
99,299 करोड़ रुपये तक पहुंची एफआईआई निकासी
डिपॉजिटरी के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की कुल पूंजी निकासी इस साल अबतक 99,299 करोड़ रुपये पहुंच गई है. एफपीआई ने इस महीने के पहले दो सप्ताह में 21,272 करोड़ रुपये निकाले हैं. अमेरिका के आयात पर शुल्क लगाने के बाद वैश्विक स्तर पर तनाव के बीच यह पूंजी निकासी की गई है.
इसे भी पढ़ें: ‘मुझे WTC फाइनल के बाद बाहर कर दिया’, अजिंक्य रहाणे ने खुल कर बताई कमजोरी, कैसे हुए टीम से बाहर
एशिया के दूसरे बाजारों का हाल
एशिया के दूसरे बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान के निक्केई225 और चीन के शंघाई कम्पोजिट बढ़त में रहे, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहा. यूरोप के प्रमुख बाजारों में तेजी का रुख रहा. अमेरिकी बाजार शुक्रवार को नुकसान में रहे थे. वैश्विक तेल बाजार में ब्रेंट क्रूड 0.21% की बढ़त के साथ 74.90 डॉलर प्रति बैरल रहा.
इसे भी पढ़ें: खादिम के कारोबार में होने जा रहा बड़ा बदलाव, मई में नई कंपनी बाजार में मारेगी एंट्री
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










