महंगाई की मार से टूट गया शेयर बाजार, सेंसेक्स ने लगाया 984 अंकों का गोता

Sensex
Stock Market: कारोबार के आखिर में बीएसई सेंसेक्स 984.23 अंक या 1.25% का गोता लगाकर 77,690.95 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान एक समय यह 1,141.88 अंक तक लुढ़क गया था.
Stock Market: महंगाई की मार से बुधवार 13 नवंबर 2023 को घरेलू शेयर बाजार टूट गया. कारोबार के आखिर में बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स ने 984 अंक का गोता लगाया. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी भी 1% से अधिक लुढ़क गया. कारोबारियों के अनुसार, खुदरा महंगाई के अक्टूबर में बढ़कर 14 महीने के उच्चस्तर पर पहुंचने और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली जारी रहने से शेयर बाजार में गिरावट रही. इसके अलावा कंपनियों के तिमाही परिणाम उम्मीद से कमजोर रहने के बीच एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे प्रमुख शेयरों में बिकवाली हुई. अमेरिकी और एशिया के दूसरे बाजारों में कमजोर रुख से भी निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई.
सेंसेक्स 77,690.95 अंक पर बंद
कारोबार के आखिर में बीएसई सेंसेक्स 984.23 अंक या 1.25% का गोता लगाकर 77,690.95 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान एक समय यह 1,141.88 अंक तक लुढ़क गया था. बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 820.97 अंक टूटा था जबकि निफ्टी में 257.85 अंक की गिरावट आई थी. निफ्टी में पांचवें कारोबारी सत्र में गिरावट रही और यह 324.40 अंक यानी 1.36% लुढ़क कर 23,559.05 अंक पर बंद हुआ. सेंसेक्स के 30 शेयरों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा स्टील, अदाणी पोर्ट्स, जेएसडब्ल्यू स्टील, इंडसइंड बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक सबसे ज्यादा नुकसान में रहे. हालांकि, टाटा मोटर्स, एनटीपीसी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एशियन पेंट और इन्फोसिस के शेयर लाभ में रहे.
एफआईआई ने 3,024.31 करोड़ के शेयर बेचे
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, खुदरा मुद्रास्फीति अक्टूबर महीने में बढ़कर 14 महीने के उच्चस्तर 6.21% पर पहुंच गई. मुख्य रूप से खाने-पीने की चीजों के दाम बढ़ने से महंगाई बढ़ी है. यह भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के संतोषजनक स्तर से कहीं अधिक है. आरबीआई को खुदरा महंगाई 2% घट-बढ़ के साथ 4% पर रखने की जिम्मेदारी मिली है. शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 3,024.31 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे.
इसे भी पढ़ें: नौकरी की तलाश में बिहार के युवा नहीं करेंगे पलायन, स्टार्टअप कंपनी ने शुरू किया इंटर्नशिप प्रोग्राम
एशिया, यूरोप और अमेरिका के बाजार भी धराशायी
एशिया के दूसरे बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट बढ़त में रहा. यूरोप के बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी रही. अमेरिकी बाजार मंगलवार को नुकसान में रहे थे. वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.93% की बढ़त के साथ 72.56 डॉलर प्रति बैरल रहा.
इसे भी पढ़ें: सरकारी बैंकों में एसबीआई सबसे बड़े कर्जदाता तो प्राइवेट में एचडीएफसी बैंक, आरबीआई ने जारी की लिस्ट
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
लेखक के बारे में
By KumarVishwat Sen
कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




