₹24 में भी भर सकेंगे इनकम टैक्स रिटर्न, PhonePe और JioFinance लेकर आए नई सुविधा

ITR Filing 2026: हर साल ITR भरने के समय सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि क्या खुद रिटर्न भरें या किसी CA की मदद लें? अगर आप भी इसी परेशानी में हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है.
ITR Filing 2026: अब PhonePe और JioFinance ने अपने ऐप पर सिर्फ ₹24 की शुरुआती कीमत में ITR फाइल करने की सुविधा शुरू कर दी है. यानी अब नौकरीपेशा लोगों, फ्रीलांसरों, प्रोफेशनल्स और छोटे कारोबारियों को टैक्स भरने के लिए अलग-अलग वेबसाइट या दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे.
दोनों कंपनियों ने TaxBuddy के साथ साझेदारी की है, जो एक Registered E-Return Intermediary (ERI) है. इसके जरिए यूजर खुद ITR फाइल कर सकते हैं या जरूरत पड़ने पर टैक्स एक्सपर्ट की मदद भी ले सकते हैं. इसके अलावा टैक्स प्लानिंग, GST और टैक्स बचाने के ऑप्शन भी एक ही ऐप में मिलेंगे.
क्या-क्या काम अब एक ही ऐप में हो जाएंगे?
अब ITR फाइल करने के अलावा कई दूसरे टैक्स से जुड़े काम भी आसानी से किए जा सकेंगे.
- DIY (खुद से) ITR फाइलिंग प्लान, जिसकी शुरुआत ₹24 से होती है.
- एक्सपर्ट की मदद से ITR फाइल करने का ऑप्शन.
- टैक्स प्लानिंग टूल.
- टैक्स डिडक्शन कैलकुलेटर.
- GST कंप्लायंस और GST फाइलिंग.
- अलग-अलग वेबसाइट पर जाने की जरूरत नहीं, पूरा काम ऐप के अंदर.
JioFinance में क्या मिलेगा अलग?
JioFinance ने इस असेसमेंट ईयर के लिए अपना टैक्स फाइलिंग मॉड्यूल फिर से शुरू किया है. यहां भी DIY प्लान ₹24 से शुरू होता है, लेकिन इस बार कंपनी ने JioPoints का फायदा भी जोड़ा है.
JioFinance की खास बातें
| फीचर | जानकारी |
| शुरुआती कीमत | ₹24 |
| पार्टनर | TaxBuddy (Registered ERI) |
| रिवॉर्ड | फाइलिंग फीस का 25% तक JioPoints |
| JioPoints का इस्तेमाल | शॉपिंग वाउचर, पार्टनर ऑफर्स और ब्रांड डील्स |
इसके अलावा यूजर ऐप में ही—
- पुरानी और नई टैक्स व्यवस्था (Old vs New Tax Regime) की तुलना कर सकते हैं.
- Section 80C और 80D के तहत मिलने वाली टैक्स छूट को समझ सकते हैं.
- अपना टैक्स कितना बनेगा, इसका अनुमान लगा सकते हैं.
- ITR और रिफंड का स्टेटस ट्रैक कर सकते हैं.
कंपनी का कहना है कि यूजर्स का डेटा TaxBuddy के एन्क्रिप्टेड सिस्टम में सुरक्षित रखा जाता है और उसका इस्तेमाल सिर्फ ITR फाइलिंग के लिए किया जाता है. Jio Finance Platform and Service Limited के CEO Surbhe S Sharma के मुताबिक, कंपनी का मकसद टैक्स फाइलिंग को आसान, सस्ता और सभी के लिए उपलब्ध बनाना है ताकि लोग बिना ज्यादा खर्च और परेशानी के अपना ITR भर सकें.
PhonePe से ITR कैसे भर सकते हैं?
PhonePe ने भी अपने ऐप में 'Tax Filing' फीचर जोड़ दिया है. यहां भी ₹24 से सेल्फ फाइलिंग प्लान उपलब्ध है. जिन लोगों की इनकम कई सोर्स से आती है या टैक्स प्रोफाइल जटिल है, उनके लिए एक्सपर्ट-असिस्टेड प्लान भी मौजूद है. वहीं छोटे कारोबारियों और दुकानदारों के लिए GST फाइलिंग की सुविधा भी दी गई है.
PhonePe ऐप में ITR फाइल करने का तरीका
- PhonePe ऐप खोलें.
- Recharge & Pay Bills सेक्शन में जाएं.
- Utilities and Others के तहत File ITR चुनें.
- इसके बाद Self Filing, Expert Assisted या GST Filing में से अपनी जरूरत के हिसाब से ऑप्शन चुन लें.
PhonePe की Head of In-App Categories Niharika Saigal का कहना है कि कंपनी का उद्देश्य आम लोगों से लेकर छोटे व्यापारियों तक सभी के लिए सस्ती और आसान टैक्स फाइलिंग उपलब्ध कराना है.
किसे एक्सपर्ट की मदद लेनी चाहिए?
अगर आपकी इनकम सिर्फ सैलरी तक सीमित नहीं है, कई स्रोतों से कमाई होती है या टैक्स का मामला थोड़ा जटिल है, तो दोनों प्लेटफॉर्म पर टैक्स प्रोफेशनल्स की मदद ली जा सकती है.
इन प्लान्स में मिलेंगी ये सुविधाएं—
- टैक्स की सही गणना.
- पुरानी और नई टैक्स व्यवस्था में सही ऑप्शन चुनने की सलाह.
- ITR फाइल करने में पूरी मदद.
- आयकर विभाग के नोटिस का जवाब देने में सहायता..
खास बात यह है कि JioFinance के एक्सपर्ट-असिस्टेड प्लान से ITR फाइल करने वाले यूजर को बाद में अगर आयकर विभाग से नोटिस मिलता है, तो नोटिस मैनेजमेंट की सुविधा बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के दी जाएगी.
बढ़ते ITR सीजन के बीच PhonePe और JioFinance की यह पहल दिखाती है कि फिनटेक कंपनियां अब सिर्फ पेमेंट और लोन तक सीमित नहीं हैं. अब वे डिजिटल टैक्स सेवाओं पर भी तेजी से फोकस कर रही हैं, जिससे लाखों टैक्सपेयर्स के लिए ITR फाइल करना पहले से ज्यादा आसान, सस्ता और सुविधाजनक हो सकता है.
ये भी पढ़ें: अब टैक्स रिफंड के लिए महीनों का इंतजार नहीं! 7-10 दिन में खाते में आ सकता है पैसा, जानिए कैसे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Soumya Shahdeo
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










