दिवाली तक 5 शहरों में JIO 5G सर्विस, आकाश-ईशा-अनंत अंबानी को लीडरशिप रोल
Reliance AGM Updates: रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड की 45वीं एन्युअल जनरल मीटिंग सोमवार को संपन्न हुई. कंपनी के चेयरपर्सन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये एजीएम को संबोधित किया. उनके अलावा, ईशा अंबानी और आकाश अंबानी ने भी एजीएम में रिलायंस रिटेल और रिलायंस जियो के भविष्य की योजनाओं को लेकर जानकारी दी. मुकेश अंबानी जियो 5जी सर्विस को लेकर ऐलान किया कि कंपनी इस साल दिवाली तक देश में यह सेवा रॉलआउट कर देगी. उन्होंने कहा कि 2 लाख करोड़ रुपये के निवेश से रिलायंस जियो दुनिया का सबसे बड़ा 5जी नेटवर्क स्थापित करेगा.
आकाश-ईशा-अनंत अंबानी को लीडरशिप रोल
मुकेश अंबानी ने अपने कारोबार का जिम्मा धीरे-धीरे नयी पीढ़ी को सौंपने के संकेत दे दिये हैं. उन्होंने रिलायंस की 45वीं एजीएम में कहा कि वह कारोबार के विभिन्न सेगमेंट्स में आकाश, ईशा और अनंत अंबानी को बड़ी जिम्मेदारियां सौंप रहे हैं. इसके तहत आकाश अंबानी को रिलायंस जियो की जिम्मेदारी दी जाएगी. ईशा अंबानी को रिलायंस रिटेल के कारोबार का जिम्मा मिलेगा. वहीं, अनंत अंबानी को न्यू एनर्जी कारोबार की जिम्मेवारी सौंपी जा रही है.
RIL चेयरमैन ने किया क्लीन एनर्जी मिशन के लिए ऐलान
मुकेश अंबानी ने अपने संबोधन में कहा कि हम न्यू एनर्जी बिजनेस मॉडल को दुनियाभर में फैलाने की योजना पर काम कर रहे हैं. भारत के नेट जीरो एमिशन लक्ष्य के तहत काम करते हुए हम न्यू एनर्जी में भारत को ग्लोबल लीडर बनाने के लिए मैन्यूफैक्चरिंग इकोसिस्टम में इनवेस्टमेंट बढ़ाएंगे. इसी प्लान के तहत सोलर पीवी मैन्युफैक्चरिंग के लिए हमने आरईसी सोलर का अधिग्रहण किया है. पिछले साल मैंने जामनगर में धीरूभाई अंबानी ग्रीन एनर्जी गीगा कॉम्प्लेक्स की घोषणा की थी, ताकि चार गीगा फैक्ट्रियां लगायी जा सकें. आज मैं हमारी नयी गीगा फैक्ट्री की घोषणा करना चाहता हूं, जो क्लीन एनर्जी मिशन का हिस्सा है.
ईशा अंबानी बोलीं- रिलायंस इस साल लॉन्च करेगी नया FMCG बिजनेस
रिलायंस रीटेल की चेयरपर्सन ईशा अंबानी ने रिलायंस रीटेल के लिए बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि इस साल नया एफएमसीजी कारोबार लॉन्च किया जाएगा. व्हॉट्सऐप और जियो मार्ट के बीच नया करार किया गया है. इसके तहत जियो मार्ट के लिए व्हॉट्सऐप पे की सुविधा मिल सकेगी.
रिलायंस जियो लॉन्च करेगा क्लाउड आधारित पीसी सर्विस
रिलायंस जियो क्लाउड बेस्ड पीसी सर्विस लॉन्च करेगा. 5जी स्मार्टफोन के लिए गूगल के साथ मिलकर काम किया जा रहा है. इसके साथ ही, स्वदेशी रूप से एंड-टू-एंड 5G स्टैक डेवलप किया है जो क्वांटम सिक्योरिटी जैसी एडवांस टेक्नोलॉजी से लैस होगी. इसे जियो के 2000 से ज्यादा यंग इंजीनियरों ने इन-हाउस डेवलप किया है. अंबानी ने जियो की 5जी सर्विस के बारे में बताया कि यह अल्ट्रा हाई स्पीड फिक्स्ड ब्रॉडबैंड है, जिसकी मदद से देशभर के हर क्लासरूप में हाई क्वालिटी एजुकेशनल कंटेट मुहैया हो सकेगा.
Jio 5G सर्विस दिवाली तक 5 शहरों में शुरू
RIL AGM में मुकेश अंबानी ने कहा कि जियो की 5जी सर्विस सबसे बड़ा 5जी नेटवर्क होगा. शुरुआत में 5 शहरों में 5जी सेवा दी जाएगी. दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई में दिवाली तक 5जी सेवा शुरू होगी. इसके बाद दिसंबर 2023 तक पूरे देश में 5जी सर्विस पहुंचा दी जाएगी. जियो 5जी हाईस्पीड जियो एयर फाइबर की भी पेशकश करेगा.
सस्ते 5जी स्मार्टफोन पर गूगल के साथ काम जारी
मुकेश अंबानी ने कहा कि सस्ते 5जी स्मार्टफोन पर गूगल के साथ काम कर रही है. 5जी आने के बाद इसकी मदद से जियो एयर फाइबर वीडियो और गेमिंग का संपूर्ण अनुभव बदल देगा और इसे नेक्स्ट लेवल पर ले जाएगा. रिलायंस जियो इंफोकॉम के चेयरमैन आकाश अंबानी ने ऐलान किया कि देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में जियो एक्सपीरिएंस सेंटर खुलेगा.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए