रिलायंस इंडस्ट्रीज की गुरुवार को होगी 44वीं सालाना आम बैठक, कई बड़े ऐलान कर सकते हैं मुकेश अंबानी
Author : Prabhat Khabar Digital Desk Published by : Prabhat Khabar Updated At : 23 Jun 2021 6:47 PM
पिछले एक साल के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल और खुदरा कारोबार करने वाली अनुषंगी कंपनियों में कई नए निवेशक जुड़े हैं. रिलायंस इंडस्ट्रीज ने गूगल, फेसबुक, माइक्रोसॉफ्ट तथा क्वालकॉम जैसी कई ग्लोबल कंपनियों साथ नई भागीदारी की है.
Reliance AGM 2021 : रिलायंस इंडस्ट्रीज कल गुरुवार यानी 24 जून 2021 को 44वीं वार्षिक आम सभा का आयोजन करेगी. आज के दो साल पहले वर्ष 2019 में फिजिकल फॉर्मेट में वार्षिक आम सभा का आयोजन किया गया था, तब इस बैठक में करीब 3,000 शेयर होल्डरों ने शिरकत की थी. अब कोरोना महामारी की वजह से रिलायंस अपनी वार्षिक आम सभा को इस साल लगातार दूसरे साल वर्चुअल तरीके से आयोजित करेगी.
मीडिया में आ रही खबरों के अनुसार, पिछले एक साल के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज की डिजिटल और खुदरा कारोबार करने वाली अनुषंगी कंपनियों में कई नए निवेशक जुड़े हैं. रिलायंस इंडस्ट्रीज ने गूगल, फेसबुक, माइक्रोसॉफ्ट तथा क्वालकॉम जैसी कई ग्लोबल कंपनियों साथ नई भागीदारी की है. ये निवेशक इस बात की उम्मीद कर रहे हैं कि इस साल की सालाना आम बैठक में अनुषंगी कंपनियों के कारोबार के लिए नई दिशाओं की घोषणा हो सकती है. इसके अलावा, ऐसी भी चर्चा की जा रही है कि रिलायंस गूगल के साथ नए स्मार्टफोन के लिए भागीदारी तथा इसकी कीमत का ऐलान कर सकती है.
गुरुवार को होने वाली बैठक में मुकेश अंबानी सबसे सस्ते स्मार्टफोन लॉन्च करने को लेकर ऐलान कर सकते हैं. इसका कारण यह है कि पिछले साल की बैठक में जियो ने इस बात का ऐलान किया था कि वह भारत में सबसे सस्ते स्मार्टफोन लॉन्च करने के लिए गूगल के साथ मिलकर काम कर रही है. गूगल के साथ हुई भागीदारी के बाद यह तय माना जा रहा है कि जियो का पहला 5जी स्मार्टफोन एंड्रॉयड वर्जन का होगा. मीडिया की खबरों में दावा किया जा रहा है कि जियो के 5जी स्मार्टफोन की कीमत 2,500 रुपये तक होगी.
इसके साथ ही अंदाजा यह भी लगाया जा रहा है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज की होने वाली सालाना बैठक के दिन गुरुवार को घरेलू शेयर बाजारों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. ऐसा अनुमान पिछले 10 साल के दौरान बाजार की चाल के मद्देनजर जाहिर किया जा रहा है. पिछले 10 साल के एजीएम के दिन के रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों पर नजर डालें, तो हमें इनमें मिलाजुला रुख देखने को मिला है. कंपनी की एजीएम के दौरान 10 साल में से 6 साल ऐसे रहे, जब सालाना बैठक के दिन कंपनी के शेयरों में गिरावट रही है, जबकि 4 साल की बैठक के दिन शेयरों में उछाल देखने को मिला.
Posted by : Vishwat Sen
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










