शेयर बाजार में आई हरियाली, तेल के दाम गिरने से इन्वेस्टर्स की हुई चांदी

Stock Market
Indian Stock Market 4 May 2026: कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से शेयर बाजार में भारी उछाल आया है. सेंसेक्स और निफ्टी में जबरदस्त बढ़त देखी गई है. जानिए आज बाजार में तेजी की असली वजह क्या है.
Indian Stock Market 4 May 2026: हफ्ते के पहले कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत जबरदस्त बढ़त के साथ हुई. सोमवार, 4 मई को बाजार खुलते ही सेंसेक्स और निफ्टी में भारी उछाल देखा गया. सेंसेक्स करीब 833 अंक तक उछल गया, वहीं निफ्टी ने 24,245 का स्तर छू लिया. इस तेजी के पीछे सबसे बड़ी वजह इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल (Crude Oil) की कीमतों में आई भारी गिरावट है. तेल की कीमतें 126 डॉलर से गिरकर 108 डॉलर प्रति बैरल पर आ गईं, जिससे इन्वेस्टर्स को महंगाई कम होने की उम्मीद जगी है.
क्या ट्रंप के बयान से बाजार को सहारा मिला?
बाजार में इस सुधार का एक बड़ा कारण भू-राजनीतिक तनाव में कमी आना है. अमेरिका और इजरायल के साथ चल रहे तनाव के बीच, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एलान किया कि अमेरिका खाड़ी क्षेत्र में फंसे जहाजों को निकालने में मदद करेगा. इस बयान के बाद तेल की कीमतों में नरमी आई. साथ ही, ईरान ने अमेरिका के शांति प्रस्ताव पर अपना 14-सूत्रीय जवाब भेजा है, जिससे युद्ध थमने की उम्मीद बढ़ गई है.
किन सेक्टरों में सबसे ज्यादा पैसा बना?
बाजार की इस रैली की अगुवाई रिलायंस, HDFC बैंक, ICICI बैंक और मारुति जैसी दिग्गज कंपनियों ने की. अगर सेक्टर की बात करें, तो ऑटो और रियल्टी इंडेक्स में करीब 1.8% की बढ़त दर्ज की गई. सरकारी बैंक (PSU) और मेटल शेयरों में भी खरीदारी देखने को मिली. हालांकि, प्राइवेट बैंक इंडेक्स में मामूली सुस्ती रही. वहीं, IT और फार्मा सेक्टर ने भी स्थिर प्रदर्शन किया.
आज किन खबरों पर रहेगी नजर?
सिर्फ ग्लोबल संकेत ही नहीं, बल्कि घरेलू खबरें भी बाजार पर असर डाल रही हैं. आज पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों के चुनाव परिणाम आने वाले हैं, जो थोड़े समय के लिए बाजार की चाल बदल सकते हैं. इसके अलावा, आज कई बड़ी कंपनियों जैसे BHEL, अंबुजा सीमेंट और टाटा टेक्नोलॉजीज के चौथी तिमाही के नतीजे (Q4 Results) आने वाले हैं. एक्सपर्ट्स का मानना है कि भले ही चुनाव परिणाम चर्चा में रहें, लेकिन बाजार की असली दिशा कच्चे तेल की कीमतों और ग्लोबल संकेतों से ही तय होगी.
ये भी पढ़ें: तेल के खेल में नया मोड़, UAE के बाहर होते ही OPEC+ ने दिखाई दरियादिली, अब बढ़ेगा प्रोडक्शन
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Soumya Shahdeo
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










