14 जुलाई से खुलेंगे ये 3 IPO, जानिए किस कंपनी में कितना लगेगा पैसा

Upcoming IPOs: अगर आप भी हर नए IPO पर नजर रखते हैं या पहली बार शेयर मार्केट में इन्वेस्ट करने की सोच रहे हैं, तो अगले हफ्ते आपके लिए अच्छा मौका आने वाला है.
Upcoming IPOs: 14 जुलाई से 16 जुलाई के बीच दो मेनबोर्ड IPO और एक SME IPO सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेंगे. इनमें सबसे बड़ा नाम SBI Funds Management का है. इसके अलावा Alpine Texworld और Millworks Technologies भी इन्वेस्टर्स के लिए अपने IPO लेकर आ रही हैं. वहीं, इसी हफ्ते Kusumgar, Laser Power & Infra, Devson Catalyst और Happy Steels की शेयर मार्केट में लिस्टिंग भी होने वाली है.
अगले हफ्ते कौन-कौन से IPO खुल रहे हैं?
| कंपनी | IPO खुलने की तारीख | इश्यू साइज |
| SBI फंड्स मैनेजमेंट | 14-16 जुलाई | ₹11,692.91 करोड़ |
| अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड | 14-16 जुलाई | ₹126.25 करोड़ |
| मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज (SME) | 14-16 जुलाई | ₹160.34 करोड़ |
SBI फंड्स मैनेजमेंट IPO में क्या है खास?
अगर आप देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी में इन्वेस्ट करना चाहते हैं, तोSBI फंड्स मैनेजमेंट का IPO आपके लिए अहम हो सकता है. इसका आकार ₹11,692.91 करोड़ है और यह पूरी तरह Offer for Sale (OFS) है. यानी कंपनी नए शेयर जारी नहीं कर रही, बल्कि इसके प्रमोटर State Bank of India और Amundi India Holding अपनी हिस्सेदारी के 20.37 करोड़ शेयर बेच रहे हैं.
मुख्य बातें
- IPO: 14 से 16 जुलाई
- प्राइस बैंड: ₹545-₹574 प्रति शेयर
- एक लॉट: 26 शेयर
- 50% हिस्सा QIB, 35% रिटेल निवेशकों और 15% गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए आरक्षित।
कंपनी ने अपने RHP में कहा है कि शेयर बाजार में लिस्टिंग से उसकी पहचान और ब्रांड वैल्यू बढ़ेगी, साथ ही निवेशकों को शेयरों के लिए सार्वजनिक बाजार मिलेगा. SBI फंड्स मैनेजमेंट की शुरुआत 1993 में हुई थी. यह Assets Under Management (AUM) के आधार पर देश की सबसे बड़ी AMC है और इक्विटी, डेट, हाइब्रिड फंड तथा ETF समेत कई निवेश विकल्प उपलब्ध कराती है. SBI निवेशकों के लिए इस IPO में शेयरहोल्डर कोटा भी रखा गया है. इसके तहत आवेदन करने के लिए पात्रता के नियम अलग हैं.
अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड IPO से जुटाए गए पैसे का क्या होगा?
टेक्सटाइल सेक्टर की कंपनी अल्पाइन टेक्सवर्ल्ड का ₹126.25 करोड़ का IPO भी 14 से 16 जुलाई तक खुला रहेगा. यह 1.20 करोड़ नए शेयरों का फ्रेश इश्यू है.
कंपनी इस पैसे का इस्तेमाल कहां करेगी?
- नई वीविंग यूनिट लगाने में
- प्रस्तावित मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी तैयार करने में
- कुछ पुराने कर्ज चुकाने में
- सामान्य कॉर्पोरेट जरूरतों के लिए
| विवरण | जानकारी |
| प्राइस बैंड | ₹100-₹105 प्रति शेयर |
| एक लॉट | 142 शेयर |
अहमदाबाद की यह कंपनी फैब्रिक की डाइंग और प्रोसेसिंग का कारोबार करती है. कंपनी का प्रदर्शन भी मजबूत रहा है. FY26 में इसका शुद्ध मुनाफा 150% बढ़कर ₹21.45 करोड़ पहुंच गया, जो एक साल पहले ₹8.58 करोड़ था. वहीं, रेवेन्यू 44.41% बढ़कर ₹342.71 करोड़ हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष में ₹237.32 करोड़ था.
मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज IPO किसके लिए है?
अगर आप SME IPO में निवेश करने की सोच रहे हैं, तो मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज का IPO भी अगले हफ्ते खुलेगा. कंपनी ₹160.34 करोड़ जुटाना चाहती है. इसके तहत 48.44 लाख नए शेयर जारी किए जाएंगे.
जुटाई गई रकम कहां खर्च होगी?
- नए प्लांट और मशीनरी खरीदने में
- वर्किंग कैपिटल की जरूरत पूरी करने में
- सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए
| विवरण | जानकारी |
| प्राइस बैंड | ₹315-₹331 प्रति शेयर |
| एक लॉट | 400 शेयर |
| न्यूनतम निवेश | 2 लॉट (800 शेयर) |
मिलवर्क्स टेक्नोलॉजीज एक प्रिसिजन इंजीनियरिंग और मैन्युफैक्चरिंग कंपनी है. यह एयरोस्पेस, रेलवे, डिफेंस, ड्रोन, मेट्रो रेल और सेमीकंडक्टर सेक्टर के लिए हाई-प्रिसिजन कंपोनेंट्स और असेंबली तैयार करती है.
अगले हफ्ते सिर्फ IPO ही नहीं, इन कंपनियों की होगी लिस्टिंग
IPO के साथ-साथ अगले हफ्ते Kusumgar, Laser Power & Infra, Devson Catalyst और Happy Steels के शेयर भी स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट होंगे. ऐसे में प्राइमरी मार्केट में निवेश करने वालों के लिए आने वाला सप्ताह काफी व्यस्त रहने वाला है.
ये भी पढ़ें: AIS में दिख रही हर एंट्री से मत घबराइए, जानिए किन ट्रांजैक्शन पर नहीं देना पड़ता टैक्स
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Soumya Shahdeo
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










