AIS में दिख रही हर एंट्री से मत घबराइए, जानिए किन ट्रांजैक्शन पर नहीं देना पड़ता टैक्स

Updated:
विज्ञापन
ITR Filing 2026: AIS में दिख रही हर एंट्री से मत घबराइए, जानिए किन ट्रांजैक्शन पर नहीं देना पड़ता टैक्स

ITR Filing 2026: AIS स्टेटमेंट में दिखने वाले हर ट्रांजैक्शन पर टैक्स नहीं लगता. जानें किन पर छूट है और कब नोटिस आ सकता है. ITR भरने से पहले जरूरी बातें.

विज्ञापन

ITR Filing 2026: ITR भरने का समय आते ही ज्यादातर लोग सबसे पहले Annual Information Statement (AIS) चेक करते हैं. कई बार इसमें बैंक ट्रांजैक्शन, FD, म्यूचुअल फंड, प्रॉपर्टी या क्रेडिट कार्ड पेमेंट जैसी एंट्री देखकर लोग घबरा जाते हैं कि कहीं इनकम टैक्स का नोटिस तो नहीं आ जाएगा या इन सब पर टैक्स देना पड़ेगा. अगर आपके मन में भी ऐसा सवाल है, तो पहले पूरी बात जान लीजिए.

टैक्स एक्सपर्ट CA (Dr.) सुरेश सुराना के मुताबिक, AIS सिर्फ आपकी वित्तीय जानकारी का रिकॉर्ड है. इसमें दिखाई देने वाला हर ट्रांजैक्शन टैक्स के दायरे में नहीं आता. इसका काम ITR भरते समय आपकी जानकारी का मिलान कराना और टैक्स सिस्टम में पारदर्शिता बढ़ाना है. किसी ट्रांजैक्शन पर टैक्स लगेगा या नहीं, यह Income Tax Act और उस ट्रांजैक्शन की प्रकृति पर निर्भर करता है.

AIS आखिर है क्या और इसमें जानकारी कहां से आती है?

AIS एक ऐसा स्टेटमेंट है, जिसमें आपके PAN से जुड़े वित्तीय लेन-देन की जानकारी दिखाई जाती है. यह जानकारी बैंक, नियोक्ता (Employer), फाइनेंशियल संस्थान, रजिस्ट्रार और दूसरी रिपोर्टिंग एजेंसियां इनकम टैक्स विभाग को देती हैं. इसका मकसद है कि ITR भरते समय आप अपनी सभी वित्तीय जानकारी का सही मिलान कर सकें. इसलिए AIS में किसी ट्रांजैक्शन का दिखना यह साबित नहीं करता कि उस पर टैक्स देना ही होगा.

किन ट्रांजैक्शन पर टैक्स नहीं लगता?

ऐसे कई ट्रांजैक्शन हैं जो AIS में दिखाई देते हैं, लेकिन उन पर टैक्स नहीं लगता.

AIS में दिखने वाला ट्रांजैक्शनटैक्स लगेगा?क्यों?
बैंक में कैश जमा या निकासीनहींयह सिर्फ आपके अपने पैसे का लेन-देन है. केवल सेविंग अकाउंट का ब्याज टैक्स योग्य होता है.
FD खुलवानानहींFD में निवेश पर टैक्स नहीं लगता, सिर्फ मिलने वाला ब्याज टैक्स योग्य होता है.
FD मैच्योर होने पर मूल रकम मिलनानहींमूल रकम पर टैक्स नहीं, केवल ब्याज पर टैक्स लगता है.
म्यूचुअल फंड खरीदनानहींखरीदने पर टैक्स नहीं, बेचने या रिडीम करने पर कैपिटल गेन होने पर टैक्स लगता है.
शेयर खरीदनानहींखरीदने पर टैक्स नहीं, बेचने पर कैपिटल गेन टैक्स लागू होता है.
प्रॉपर्टी खरीदनानहींखरीदने पर टैक्स नहीं लगता. बाद में किराया मिलने या बेचने पर कैपिटल गेन होने पर टैक्स लग सकता है.
क्रेडिट कार्ड बिल का भुगताननहींयह सिर्फ खर्च का भुगतान है, इसे आय नहीं माना जाता.
एडवांस टैक्स जमा करनानहींयह आपकी ओर से जमा किया गया टैक्स है, कोई आय नहीं.
सेल्फ असेसमेंट टैक्स जमा करनानहींयह टैक्स क्रेडिट के मिलान के लिए दिखाया जाता है.

क्या AIS में एंट्री दिखने से इनकम टैक्स नोटिस आ जाएगा?

नहीं, CA सुरेश सुराना के अनुसार, AIS केवल एक सूचना और रिकॉर्ड मिलान का माध्यम है. इसमें किसी ट्रांजैक्शन के दिखाई देने का मतलब यह नहीं कि वह टैक्स योग्य है या आपको तुरंत इनकम टैक्स विभाग का नोटिस मिलने वाला है. हालांकि, अगर AIS में दर्ज जानकारी और आपके ITR में दी गई जानकारी में बड़ा अंतर हो, या कोई हाई-वैल्यू ट्रांजैक्शन बिना सही जानकारी के दिख रहा हो, तो विभाग उसकी जांच कर सकता है.

फिर किन कमाई पर सच में टैक्स देना पड़ता है?

इन मामलों में टैक्स देनदारी बनती है.

  • सैलरी से होने वाली आय
  • FD और सेविंग अकाउंट से मिलने वाला ब्याज
  • डिविडेंड इनकम
  • किराये से होने वाली कमाई
  • शेयर बेचने पर होने वाला कैपिटल गेन
  • म्यूचुअल फंड रिडीम करने पर होने वाला कैपिटल गेन
  • प्रॉपर्टी बेचने पर होने वाला कैपिटल गेन
  • बिजनेस या प्रोफेशन से होने वाली आय

ITR भरने से पहले क्या जरूर करें?

रिटर्न फाइल करने से पहले AIS का मिलान इन दस्तावेजों से जरूर कर लें.

  • Form 16
  • Form 26AS
  • बैंक स्टेटमेंट
  • इंटरेस्ट सर्टिफिकेट
  • कैपिटल गेन स्टेटमेंट

अगर AIS में कोई डुप्लीकेट एंट्री, गलत जानकारी या ऐसा ट्रांजैक्शन दिख रहा है जो आपका नहीं है, तो AIS पोर्टल पर फीडबैक जरूर दें. टैक्स एक्सपर्ट का कहना है कि ITR हमेशा सही और मिलान किए गए रिकॉर्ड के आधार पर ही भरें. इससे भविष्य में नोटिस, पूछताछ और दूसरी टैक्स संबंधी परेशानियों से बचा जा सकता है.

ये भी पढ़ें: ITR Filing 2026: सेविंग अकाउंट के ब्याज को छिपाया तो लग सकता है जुर्माना, गंभीर मामलों में हो सकती है जेल



विज्ञापन
Soumya Shahdeo

लेखक के बारे में

By Soumya Shahdeo

सौम्या शाहदेव ने बैचलर ऑफ़ आर्ट्स इन इंग्लिश लिटरेचर में ग्रेजुएशन किया है और वह इस समय प्रभात खबर डिजिटल के बिजनेस सेक्शन में कॉन्टेंट राइटर के रूप में काम कर रही हैं. वह ज़्यादातर पर्सनल फाइनेंस से जुड़ी खबरें लिखती हैं, जैसे बचत, निवेश, बैंकिंग, लोन और आम लोगों से जुड़े पैसे के फैसलों के बारे में. इसके अलावा, वह बुक रिव्यू भी करती हैं और नई किताबों व लेखकों को पढ़ना-समझना पसंद करती हैं. खाली समय में उन्हें नोवेल्स पढ़ना और ऐसी कहानियाँ पसंद हैं जो लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola