ePaper

Google के सीईओ सुंदर पिचाई का ऐलान, भारत में 10 अरब डॉलर निवेश करेगी गूगल

Updated at : 24 Jun 2023 4:07 PM (IST)
विज्ञापन
Google के सीईओ सुंदर पिचाई का ऐलान, भारत में 10 अरब डॉलर निवेश करेगी गूगल

Google गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक (GIFT) सिटी में अपना वैश्विक फिनटेक संचालन केंद्र स्थापित करेगी. यह घोषणा गूगल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुंदर पिचाई ने शुक्रवार को यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद की.

विज्ञापन

Google News: बहुराष्ट्रीय प्रौद्योगिकी कंपनी गूगल गुजरात स्थित गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक (GIFT) सिटी में अपना वैश्विक फिनटेक संचालन केंद्र स्थापित करेगी. यह घोषणा गूगल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सुंदर पिचाई ने शुक्रवार को यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद की. सुंदर पिचाई ने यह भी कहा कि उनकी कंपनी 10 अरब अमेरिकी डॉलर के भारत डिजिटलीकरण कोष के माध्यम से भारत में निवेश करना जारी रखेगी.

गुजरात में वैश्विक फिनटेक संचालन केंद्र स्थापित करेगा गूगल: पिचाई

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन और उनकी पत्नी जिल बाइडन के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका की यात्रा पर थे. पीएम मोदी ने गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई के अलावा, माइक्रोसॉफ्ट के सीईओ सत्या नडेला, एप्पल के सीईओ टिम कुक, ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन और एएमडी के सीईओ लिसा सु सहित कई अन्य सीईओ से भी मुलाकात की. सुंदर पिचाई ने कहा, हम गुजरात की गिफ्ट सिटी में अपना वैश्विक फिनटेक संचालन केंद्र खोलने की आज घोषणा कर रहे हैं. इससे भारत के फिनटेक नेतृत्व को मजबूती मिलेगी, जिसमें यूपीआई और आधार की अहम भूमिका है. हम उस नींव पर निर्माण करेंगे और इसे विश्व स्तर पर ले जाएंगे.

भारत ने रोमांचक प्रगति की है: पिचाई

भारतीय मूल के सीईओ सुंदर पिचाई ने कहा कि देश ने जो प्रगति की है, विशेष रूप से डिजिटल इंडिया और आर्थिक अवसर के क्षेत्र में, उसे देखना रोमांचक है. पिचाई ने कहा, मैं प्रधानमंत्री से दिसंबर में मिला था और हमने अपनी बातचीत जारी रखी. हमने साझा किया कि गूगल भारत के डिजिटलीकरण कोष में 10 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश कर रहा है और हम इसके माध्यम से निवेश करना जारी रख रहे हैं, जिसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) पर काम करने वाली कंपनियों में भी निवेश शामिल है. उसी के तहत हमारी 100 भाषाओं की पहल है. हम बहुत जल्द और अधिक भारतीय भाषाओं में ‘बोट’ ला रहे हैं.

डिजिटल इंडिया को लेकर पिचाई ने कही ये बात

सुंदर पिचाई ने कहा कि डिजिटल इंडिया के लिए प्रधानमंत्री मोदी का दृष्टिकोण समय से आगे है. पिचाई ने कहा, अब मैं इसे एक ऐसे ब्लूप्रिंट के रूप में देखता हूं, जिसका अनुकरण अन्य देश भी करना चाह रहे हैं. विदेश मंत्रालय ने एक ट्वीट में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने पिचाई को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, फिनटेक और साइबर सुरक्षा उत्पादों एवं सेवाओं के साथ-साथ भारत में मोबाइल उपकरण विनिर्माण के क्षेत्र में सहयोग के और रास्ते तलाशने के लिए आमंत्रित किया. मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और सुंदर पिचाई ने अनुसंधान एवं विकास और कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए भारत में गूगल तथा शैक्षणिक संस्थानों के बीच सहयोग पर भी चर्चा की. जुलाई 2020 में गूगल ने अगले पांच से सात वर्षों में भारत में 10 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश करने की योजना की घोषणा की थी.

विज्ञापन
Agency

लेखक के बारे में

By Agency

Agency is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola