नई गाड़ी के साथ शोरूम से बीमा लेना जरूरी नहीं, जानें कैसे बचाएं अपने पैसे

कार बीमा खरीदने की टिप्स (Photo: Freepik)
Car Insurance Buying Tips: नई गाड़ी का बीमा शोरूम से लेना जरूरी नहीं है. अक्सर डीलर कमीशन के लिए आपको महंगी पॉलिसी बेचते हैं. सही चुनाव करके आप अपने हजारों रुपये बचा सकते हैं.
Car Insurance Buying Tips: नई कार या बाइक लेते समय हम मॉडल और कलर चुनने में तो घंटों बिताते हैं, लेकिन इंश्योरेंस (बीमा) के मामले में शोरूम वाले की बात पर आंख मूंदकर भरोसा कर लेते हैं. अक्सर ‘ऑन-रोड’ कीमत के नाम पर हमें वही पॉलिसी थमा दी जाती है जिसमें डीलर का फायदा ज्यादा होता है.
क्या डीलर से ही बीमा लेना जरूरी है?
बिल्कुल नहीं, कानूनी तौर पर गाड़ी का बीमा होना जरूरी है, लेकिन उसे डीलर से ही खरीदना अनिवार्य नहीं है. डीलर अक्सर ग्राहकों को यह कहकर डराते हैं कि बाहर से बीमा लेने पर क्लेम मिलने में दिक्कत होगी या वारंटी खत्म हो जाएगी, जबकि यह पूरी तरह गलत है. सच तो यह है कि डीलर को पॉलिसी बेचने पर मोटा कमीशन मिलता है, इसलिए वे अपनी पॉलिसी पर जोर देते हैं.
प्रीमियम कम दिखाने के पीछे क्या खेल है?
कई बार डीलर की पॉलिसी सस्ती लगती है, लेकिन इसके लिए वे IDV (Insured Declared Value) यानी आपकी गाड़ी की कीमत कम कर देते हैं. अगर गाड़ी चोरी हो जाए या पूरी तरह डैमेज हो जाए, तो आपको बाजार मूल्य से बहुत कम पैसा मिलेगा. इसके अलावा, वे प्रीमियम घटाने के लिए जरूरी ‘एड-ऑन्स’ जैसे इंजन प्रोटेक्शन या कंज्यूमेबल्स कवर हटा देते हैं, जिसका खामियाजा आपको क्लेम के समय अपनी जेब से पैसा भर कर भुगतना पड़ता है.
पुराना बोनस (NCB) भूल तो नहीं गए?
डीलरशिप पर अक्सर No Claim Bonus (NCB) की बात छिपाई जाती है. अगर आपने अपनी पुरानी गाड़ी पर कोई क्लेम नहीं लिया था, तो आप उस बोनस को अपनी नई गाड़ी के इंश्योरेंस में ट्रांसफर करा सकते हैं. इससे आपको प्रीमियम पर 20% से 50% तक की बड़ी छूट मिल सकती है. यह बोनस ड्राइवर का होता है, गाड़ी का नहीं.
समझदार खरीदार बनने के लिए क्या करें?
गाड़ी की डिलीवरी लेने से पहले 10 मिनट निकालकर ऑनलाइन इंश्योरेंस की तुलना जरूर करें. समान कवरेज वाली पॉलिसी आपको बाहर 10 से 15 हजार रुपये तक सस्ती मिल सकती है. पॉलिसी लेते समय सिर्फ कीमत न देखें, बल्कि यह देखें कि उसमें IDV कितनी है और क्या उसमें जीरो-डेप्थ या इंजन कवर जैसे जरूरी फायदे शामिल हैं या नहीं.
ये भी पढ़ें: बदल गई पैन कार्ड आवेदन प्रक्रिया, अब कैटेगरी के हिसाब से भरने होंगे 4 अलग फॉर्म
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Soumya Shahdeo
सौम्या शाहदेव ने बैचलर ऑफ़ आर्ट्स इन इंग्लिश लिटरेचर में ग्रेजुएशन किया है और वह इस समय प्रभात खबर डिजिटल के बिजनेस सेक्शन में कॉन्टेंट राइटर के रूप में काम कर रही हैं. वह ज़्यादातर पर्सनल फाइनेंस से जुड़ी खबरें लिखती हैं, जैसे बचत, निवेश, बैंकिंग, लोन और आम लोगों से जुड़े पैसे के फैसलों के बारे में. इसके अलावा, वह बुक रिव्यू भी करती हैं और नई किताबों व लेखकों को पढ़ना-समझना पसंद करती हैं. खाली समय में उन्हें नोवेल्स पढ़ना और ऐसी कहानियाँ पसंद हैं जो लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




