Live Updates

Business News Live: बढ़त के साथ बंद हुआ बाजार, BSE सेंसेक्स 65,075 अंक पर बंद

Updated:
विज्ञापन

Business News Live: सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन भारतीय बाजार में प्री-ओपनिंग में हल्की बढ़त के साथ खुला. BSE सेंसेक्स 57.81 अंक की बढ़त के साथ 65,054.41 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. वहीं, NIFTY 56.80 अंक यानी 0.29 फीसदी की बढ़त के साथ 19362.75 के स्तर पर कारोबार कर रहा था.

विज्ञापन

बढ़त के साथ बंद हुआ बाजार, BSE सेंसेक्स 65,075 अंक पर बंद

सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन BSE सेंसेक्स 79.22 अंक की बढ़त के साथ 65,075.82 अंक पर बंद हुआ. जबकि, निफ्टी 36.60 अंक के लाभ से 19,342.65 अंक पर बंद हुआ.

मारुति सुजुकी ने अर्नब रॉय को मुख्य वित्त अधिकारी किया गया मनोनीत

मारुति सुजुकी इंडिया ने मंगलवार को अर्नब रॉय को मुख्य वित्त अधिकारी (CFO) मनोनीत किया है. उनकी नियुक्ति 16 अक्टूबर, 2023 से प्रभावी होगी. वह वर्तमान में सीएफओ का पद संभाल रहे अजय सेठ का स्थान लेंगे. सेठ इस साल के अंत में सेवानिवृत्त होंगे. मारुति सुजुकी इंडिया ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि सेठ 31 दिसंबर, 2023 को कंपनी के पूर्णकालिक सीएफओ (मुख्य वित्त अधिकारी) के पद से सेवानिवृत्त हो जाएंगे.

गोकलदास एक्सपोर्ट्स यूएई की परिधान कंपनी का 5.5 करोड़ डॉलर में अधिग्रहण करेगी

गोकलदास एक्सपोर्ट्स लिमिटेड (जीईएल) ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की परिधान कंपनी एट्राको ग्रुप का 5.5 करोड़ डॉलर (455 करोड़ रुपये) में अधिग्रहण करने के लिए करार किया है. सिलेसिलाए परिधान बनाने और निर्यात करने वाली जीईएल ने यह करार अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनियों के जरिये किया. जीईएल ने बयान में कहा कि एट्राको का मुख्यालय दुबई में है और उसके पास केन्या में चार विनिर्माण इकाइयां और इथियोपिया में एक इकाई है. इस सौदे को कर्ज और आंतरिक स्रोतों से वित्तपोषित किया जाएगा. सौदे में शेयरों और परिसंपत्तियों का अधिग्रहण शामिल है और इसके लिए नियामकीय मंजूरियां ली जानी हैं. जीईएल के वाइस चेयरमैन और प्रबंध निदेशक शिवरामकृष्णन गणपति ने कहा कि इस अधिग्रहण से कंपनी को विनिर्माण के लिए कम लागत वाले शुल्क-मुक्त स्थान मिलेंगे.

मारुति आठ वर्षों में क्षमता दोगुनी करने को करेगी 45 हजार करोड़ रुपये निवेश

मारुति सुजुकी इंडिया ने अपनी वार्षिक उत्पादन क्षमता को आठ वर्षों में दोगुना कर 40 लाख इकाई तक लाने के लिए लगभग 45,000 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना बनाई है. कंपनी के चेयरमैन आर सी भार्गव ने मंगलवार को यह जानकारी दी. उन्होंने मारुति सुजुकी की वार्षिक आम बैठक में कहा कि कंपनी शेयर विभाजन के लिए शेयरधारकों के सुझावों पर बोर्ड बैठक में विचार करेगी. भार्गव ने कहा कि वैश्विक ऑटो उद्योग शुद्ध शून्य कार्बन उत्सर्जन के लिए प्रयास कर रहा है, और इस दिशा में मारुति सुजुकी इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी), हाइब्रिड, सीएनजी, इथेनॉल-मिश्रित तथा संपीड़ित बायोगैस जैसी प्रौद्योगिकियों के इस्तेमाल को बढ़ावा दे रही है.

स्नैप-ई कैब्स का 2023-24 में अपने बेड़े को दोगुना से अधिक करने का लक्ष्य

ऐप की मदद से टैक्सी सेवा मुहैया कराने वाली स्नैप-ई ने 2023-24 के अंत तक अपने बेड़े को बढ़ाकर दोगुना से अधिक करने का लक्ष्य तय किया है. स्नैप-ई ब्रांड के तहत कारोबार का संचालन करने वाली कंपनी ईसी व्हील्स के प्रबंध निदेशक मयंक बिंदल ने कहा कि उनका फोकस मुख्य रूप से छोटे शहरों पर रहेगा. उन्होंने बताया कि कोलकाता में तेजी से विस्तार करने के अलावा कंपनी अगले कुछ वर्षों में भुवनेश्वर, गुवाहाटी, वाराणसी, रायपुर, इंदौर, भोपाल, जयपुर और अहमदाबाद पर खासतौर से ध्यान देगी. उन्होंने कहा कि हम पर्यटकों को किफायती इलेक्ट्रिक वाहन भी उपलब्ध कराना चाहते हैं और इसकी शुरुआत वाराणसी-अयोध्या-चित्रकूट और पुरी-भुवनेश्वर-कोणार्क-चिलिका सर्किट से होगी. बिंदल ने कहा कि कंपनी की योजना चालू वित्त वर्ष के अंत तक अपने बेड़े को मौजूदा 400 से बढ़ाकर 1,000 करने की है.

इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर टाटा मोटर्स उत्साहित, नयी ब्रांड पहचान की पेशकश की

टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ने मंगलवार को एक नयी ब्रांड पहचान की पेशकश की है. कंपनी 2026 तक दस नए बैटरी आधारित इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) पेश करने की तैयारी कर रही है. टाटा मोटर्स की इकाई टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ने एक बयान में कहा कि उपभोक्ताओं की बढ़ती मांग के साथ ईवी की पेशकश बढ़ रही है और ऐसे में ग्राहक एक बेहतरीन अनुभव चाहते हैं. बयान में कहा गया कि कंपनी के इलेक्ट्रिक व्यवसाय के लिए नयी ब्रांड पहचान ‘टाटा डॉट ईवी’ पेश की गई है, जो इलेक्ट्रिक भविष्य की ओर बढ़ने के लिए एक सामूहिक पहल की दिशा में उठाया गया कदम है. टाटा पैसेंजर इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के विपणन, बिक्री और सेवा रणनीति प्रमुख विवेक श्रीवत्स ने कहा कि कंपनी ‘टाटा डॉट ईवी’ के साथ एक नए युग में प्रवेश कर रही है.

विज्ञापन
विज्ञापन
Madhuresh Narayan

लेखक के बारे में

By Madhuresh Narayan

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola