शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट जारी, सेंसेक्स 218 अंक टूटा
Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 27 Sep 2018 5:29 PM
मुंबई : शेयर बाजारों में गुरुवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरावट जारी रही. कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी से बाजार में गिरावट रही. ब्रोकरों ने कहा कि इसके अलावा सितंबर महीने के वायदा एवं विकल्प निपटान की वजह से भी बाजार में उतार-चढ़ाव […]
मुंबई : शेयर बाजारों में गुरुवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में गिरावट जारी रही. कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के बीच अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी से बाजार में गिरावट रही. ब्रोकरों ने कहा कि इसके अलावा सितंबर महीने के वायदा एवं विकल्प निपटान की वजह से भी बाजार में उतार-चढ़ाव रहा.
बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स सकारात्मक रुख से 36,691.93 अंक पर खुला और चुनिंदा शेयरों में शॉर्ट कवरिंग से 36,711.62 अंक के उच्चस्तर तक गया, लेकिन बाजार उच्चस्तर पर टिका नहीं रह सका और सितंबर शृंखला के निपटान की वजह से नीचे आ गया. अंत में सेंसेक्स 218.10 अंक या 0.60 फीसदी के नुकसान से 36,324.17 अंक पर बंद हुआ. एक समय यह 36,238.23 अंक के निचले स्तर तक गिर गया.
इससे पहले, बुधवार को सेंसेक्स में 109.79 अंक का नुकसान दर्ज हुआ था. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 76.25 अंक या 0.69 फीसदी के नुकसान से 11,000 अंक से नीचे 10,977.55 अंक पर बंद हुआ. कारोबार के दौरान निफ्टी 11,089.45 से 10,953.35 अंक के दायरे में रहा. सरकार ने बुधवार को जेट ईंधन तथा एसी सहित 19 उत्पादों का आयात महंगा करने की घोषणा की थी. इसके पीछे मकसद चालू खाते के घाटे पर अंकुश लगाना और रुपये की गिरावट को थामना है. इन कदमों से कुछ समय के लिए बाजार में तेजी रही.
इस बीच, भारतीय रिजर्व बैंक ने तरलता की स्थिति में सुधार के लिए सांविधि तरलता अनुपात के तहत बैंकों को अपने नकदी कवरेज अनुपात को पूरा करने के लिए कुछ राहत दी है. अमेरिका में इस साल तीसरी बार ब्याज दरों में बढ़ोतरी से वैश्विक बाजार दबाव में रहे. इस बीच, शेयर बाजारों के अस्थायी आंकड़ों के अनुसार, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों ने बुधवार को 809.95 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 1,555.44 करोड़ रुपये की लिवाली की.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










