Bihar News: पूर्णिया से गंगा स्नान के लिए भागलपुर पहुंचे 2 युवकों की डूबने से मौत, पंचायत समिति सदस्य ने उठाया सवाल

घटनास्थल से जुड़ी तस्वीर
Bihar News: पूर्णिया से दो युवक अपने परिवार के साथ आज शनिवार को भागलपुर गंगा स्नान के लिए पहुंचे थे. लेकिन, दोनों युवकों की नदी में डूबने से मौत हो गई. इस घटना को लेकर पंचायत समिति सदस्य मनोज रविदास ने बताया कि अगर जहाज घाट पर आपदा मित्र मौजूद रहते तो दोनों की जान बच सकती थी.
Bihar News: बड़ी खबर भागलपुर जिले से है जहां गंगा स्नान करने गए दो युवकों की डूबने से मौत हो गई. घटना जिले के गोपालपुर थाना इलाके के तिनटंगा करारी स्थित जहाज घाट की है. जानकारी के मुताबिक, शनिवार की दोपहर गंगा स्नान के लिए पूर्णिया जिले से तूफान कुमार और नीतीश कुमार गंगा स्नान के लिए पहुंचे थे. लेकिन, अचानक दोनों गहरे पानी में डूबते चले गए.
पूरे परिवार के साथ भागलपुर पहुंचे थे दोनों युवक
दोनों युवक दुर्गा पूजा के शुभ अवसर पर पूरे परिवार के साथ गंगा स्नान के लिए भागलपुर पहुंचे थे. इस दौरान अन्य लोग भी स्नान कर रहे थे. लेकिन, दोनों युवक अचानक पानी में डूबने लगे. दोनों को डूबता देख उनके परिजनों ने शोर मचाना शुरू कर दिया. हालांकि, देखते ही देखते दोनों युवक डूबने लग गए.
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
ग्रामीणों की मदद से दोनों के शव को निकाला गया. घटना के बाद ग्रामीणों ने मामले की जानकारी गोपालपुर थाना पुलिस को दी. जिसके बाद आनन-फानन में गोपालपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. लेकिन, डॉक्टर ने दोनों को मृत बता दिया. यह खबर सुनते ही अस्पताल में चीख-पुकार मच गई.
पंचायत समिति सदस्य क्या बोलें?
घटना को लेकर तिनटंगा करारी पंचायत के पंचायत समिति सदस्य मनोज रविदास ने बताया कि अगर जहाज घाट पर आपदा मित्र मौजूद रहते तो दोनों की जान बच सकती थी. उन्होंने कहा कि जहाज घाट पर सीमावर्ती जिले से श्रद्धालु गंगा स्नान करने आते हैं. लेकिन घाट पर बैरिकेडिंग नहीं होने के कारण बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को नदी की गहराई का पता नहीं चल पाता है.
घटना के बाद उठाए जा रहे सवाल
उन्होंने यह भी कहा कि आये दिन इस तरह की घटना होती रहती है. पंचायत समिति सदस्य ने कहा कि हम लोगों का फोन भी प्रखंडस्तरीय अधिकारियों द्वारा नहीं उठाया जाता है. गोपालपुर पुलिस ने कागजी प्रक्रिया पूरी कर दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल नवगछिया भेज दिया.
(गोपालपुर से विपिन ठाकुर की रिपोर्ट)
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Preeti Dayal
डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




