बांकीपुर उपचुनाव: प्रशांत किशोर 13 जुलाई को भरेंगे पर्चा, चुनाव से पहले जन सुराज में शामिल हुए रामांशु सर

बांकीपुर में जनसंपर्क के दौरान प्रशांत किशोर
Bankipur Bypoll: बांकीपुर उपचुनाव को लेकर जन सुराज ने तैयारियां तेज कर दी हैं. पार्टी प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने बताया कि प्रशांत किशोर 13 जुलाई को नामांकन दाखिल करेंगे. वहीं, चर्चित शिक्षक रामांशु सर ने जन सुराज का दामन थाम लिया है.
Bankipur Bypoll: जन सुराज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बड़ी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जन सुराज के उम्मीदवार और पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर 13 जुलाई को सुबह 10 बजे अपना नामांकन दाखिल करेंगे.
मनोज भारती ने कहा कि प्रशांत किशोर के नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहेंगे. सभी लोग सुबह 10 बजे पटना के छज्जूबाग स्थित स्काउट गाइड मैदान में जुटेंगे. इसके बाद वहां से पैदल मार्च करते हुए गांधी मैदान होते हुए पटना समाहरणालय पहुंचेंगे, जहां प्रशांत किशोर नामांकन दाखिल करेंगे.
बांकीपुर के 422 बूथों और 24 वार्डों में चल रहा अभियान
जन सुराज के प्रवक्ता कुमार सौरभ ने बताया कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी का चुनाव अभियान तेज गति से चल रहा है. उन्होंने कहा कि सभी 422 बूथों और 24 वार्डों में कार्यकर्ता लगातार लोगों से संपर्क कर रहे हैं.
उन्होंने दावा किया कि बांकीपुर की जनता प्रशांत किशोर को समर्थन दे रही है और लोग खुद इस चुनाव अभियान से जुड़ रहे हैं. कुमार सौरभ ने कहा कि यह चुनाव बिहार की राजनीति में बदलाव का संदेश देने वाला चुनाव है.
उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा में जनता के मुद्दों को मजबूती से उठाने के लिए प्रशांत किशोर जैसे नेता का पहुंचना जरूरी है. यह चुनाव केवल एक सीट का चुनाव नहीं, बल्कि बिहार की नई राजनीतिक दिशा तय करने वाला चुनाव है.
शिक्षक रामांशु सर ने थामा जन सुराज का हाथ
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान चर्चित शिक्षक रामांशु सर ने जन सुराज पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने उन्हें गमछा पहनाकर पार्टी में स्वागत किया.
मनोज भारती ने कहा कि चुनाव के बाद भी बड़ी संख्या में पढ़े-लिखे और जागरूक लोग जन सुराज से जुड़ना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि रामांशु सर के पार्टी में आने से संगठन को मजबूती मिलेगी.

पार्टी रामांशु सर के अनुभव और विचारों का करेगी इस्तेमाल
पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि रामांशु सर पढ़े-लिखे और अनुभवी व्यक्ति हैं. उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई की है.
उन्होंने कहा कि जन सुराज का उद्देश्य बिहार के ऐसे लोगों को जोड़ना है, जो राज्य के विकास के लिए काम करना चाहते हैं. पार्टी उनके विचारों और अनुभवों का पूरा इस्तेमाल करेगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
जाति-धर्म से ऊपर उठकर विकास की बात करता है जन सुराज: रामांशु सर
जन सुराज में शामिल होने के बाद रामांशु सर ने कहा कि वह प्रशांत किशोर के अभियान से जुड़कर बिहार के लिए काम करना चाहते हैं.
उन्होंने कहा कि बिहार में चुनाव के समय अक्सर जाति और धर्म की चर्चा होती है, लेकिन जन सुराज इन मुद्दों से अलग हटकर शिक्षा, रोजगार और विकास जैसे विषयों पर बात करता है. रामांशु सर ने कहा कि जन सुराज का सवाल है कि क्या बिहार के लोगों को उनका हक मिल रहा है और क्या राज्य को वह विकास मिल रहा है, जिसकी जरूरत है.
इस मौके पर जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरभ, पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना समेत पार्टी के कई नेता मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










