भाजपा ने गांडेय उपचुनाव में दिलीप वर्मा को उतारा, आजसू ने कहा यह घोषणा एनडीए की नहीं

<P>भाजपा ने गांडेय उपचुनाव के लिए दिलीप कुमार वर्मा को उम्मीदवार बनाया है. भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने झारखंड और राजस्थान में विधानसभा की एक-एक सीट पर उपचुनाव में उम्मीदवार की
भाजपा ने गांडेय उपचुनाव के लिए दिलीप कुमार वर्मा को उम्मीदवार बनाया है. भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने झारखंड और राजस्थान में विधानसभा की एक-एक सीट पर उपचुनाव में उम्मीदवार की घोषणा शुक्रवार को की. राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने उम्मीदवारों की सूची जारी की है. श्री वर्मा प्रदेश कमेटी में मंत्री हैं. वह इससे पहले झाविमो के टिकट से गांडेय से चुनाव लड़ चुके हैं. इधर, गांडेय उपचुनाव में प्रत्याशी का नाम सामने आने के बाद आजसू ने आपत्ति जतायी है. आजसू ने कहा कि वर्मा भाजपा के उम्मीदवार हैं, एनडीए के नहीं. आजसू अध्यक्ष ने कहा कि गांडेय में भाजपा द्वारा उम्मीदवार देने की बात सामने आयी है. इसको लेकर एनडीए में कोई सहमति नहीं बनी है. वह इस मामले को एनडीए में लेकर जायेंगे. शुक्रवार को आजसू संसदीय बोर्ड ने इस तरह से उम्मीदवार बनाये जाने पर अपनी असहमति व्यक्त की है. संसदीय बोर्ड की ओर से कहा गया है कि दिलीप वर्मा गांडेय से चुनाव लड़कर नौ हजार वोट लाये थे. दिलीप वर्मा से ज्यादा वोट आजसू के उम्मीदवार को आया था. उल्लेखनीय है कि इस सीट पर 20 मई को उपचुनाव होना है. उपचुनाव को लेकर 26 अप्रैल को चुनाव आयोग अधिसूचना जारी करेगा. वहीं, तीन मई को नामांकन की आखिरी तिथि होगी. चार जून को लोकसभा चुनाव के परिणाम के साथ उपचुनाव की मतगणना होगी. झामुमो विधायक डॉ सरफराज अहमद के इस्तीफा के बाद यह सीट खाली हुई थी. डॉ अहमद ने एक जनवरी को अपना इस्तीफा विधानसभा को भेज दिया था. इधर झामुमो इस सीट से पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन को मैदान में उतारने की तैयारी में है. श्रीमती सोरेन इंडिया गठबंधन की साझा उम्मीदवार हो सकती हैं.
आजसू ने गिरिडीह से चंद्रप्रकाश चौधरी को फिर बनाया उम्मीदवार
आजसू पार्टी ने गिरिडीह लोकसभा सीट से वर्तमान सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी को फिर से उम्मीदवार बनाया है. झारखंड में एनडीए गठबंधन के तहत गिरिडीह की सीट आजसू के खाते में गयी थी. 13 सीटों पर भाजपा चुनाव लड़ रही है. शुक्रवार को आजसू पार्टी की संसदीय बोर्ड की बैठक में श्री चौधरी के नाम पर मुहर लगी. इसके बाद आजसू अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो ने श्री चौधरी के नाम की घोषणा की. बैठक के बाद श्री महतो ने कहा कि श्री चौधरी ने जनता की सेवा के साथ गिरिडीह संसदीय क्षेत्र का विकास किया है. विकास का एजेंडा लेकर हम फिर जनता के बीच जायेंगे. झारखंड में एनडीए सभी 14 सीटों पर जीत दर्ज करने के लक्ष्य को हासिल करेगा. उन्होंने कहा कि एनडीए गठबंधन का उद्देश्य राष्ट्र व राज्य के व्यापक हित में काम करना है. वहीं, इंडी गठबंधन नेतृत्व विहीन है. इंडी गठबंधन के पास देशहित में कोई एजेंडा नहीं है. संसदीय बोर्ड की बैठक में प्रत्याशी घोषित किये जाने के बाद चंद्र प्रकाश चौधरी ने पार्टी के प्रति आभार प्रकट किया. उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए हमने काम किया है. बैठक में प्रत्याशी चंद्रप्रकाश चौधरी, रामचंद्र सहिस, लंबोदर महतो, डोमन सिंह मुंडा, उमाकांत रजक, कुशवाहा शिवपूजन मेहता, डाॅ देवशरण भगत, हसन अंसारी, राजेंद्र मेहता, स्वपन सिंहदेव, डॉ मुकुंद चंद्र मेहता, राधेश्याम गोस्वामी मौजूद थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




