रिवर्स कैमरा से ADAS तक, इस इलेक्ट्रिक स्कूटर में मिल रहे हैं महंगी कारों जैसे फीचर्स, रेंज भी 180km तक

अगर आप ऐसे इलेक्ट्रिक स्कूटर की तलाश में हैं, जो लंबी रेंज के साथ फीचर्स के मामले में भी किसी महंगी कार जैसा एक्सपीरियंस दे, तो Keeway Hypevolt-R में मिलने वाले फीचर्स आपको पसंद आ सकते हैं. यह इलेक्ट्रिक स्कूटर एक बार फुल चार्ज होने पर 180km तक चलने का दावा करता है.
Keeway Hypevolt-R इलेक्ट्रिक स्कूटर में 180km तक की IDC रेंज के साथ कई एडवांस्ड फीचर्स दिए गए हैं. इसमें रिवर्स कैमरा, ब्लाइंड स्पॉट डिटेक्शन, ADAS फीचर्स, क्रूज कंट्रोल और डुअल-चैनल ABS जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं. इसकी टॉप स्पीड 115km/h है. आइए जानते हैं कि इस नए इलेक्ट्रिक स्कूटर में और क्या खास मिलता है.
आम इलेक्ट्रिक स्कूटर्स से अलग डिजाइन
Keeway Hypevolt-R का डिजाइन बाजार में मौजूद आम इलेक्ट्रिक स्कूटर्स से काफी अलग है. इसका लुक स्पोर्टी होने के साथ प्रीमियम भी है. यह पारंपरिक स्टेप-थ्रू स्कूटर नहीं है, क्योंकि इसके बीच में सेंट्रल स्पाइन दी गई है. इसकी वजह से पहली नजर में यह स्कूटर और मोटरसाइकिल का मिला-जुला रूप नजर आता है. राइडर और पीछे बैठने वाले पैसेंजर के लिए फ्लैट सीट दी गई है. इसके हेडलैंप को वर्टिकल पोजिशन में एप्रन पर लगाया गया है, जबकि 5-इंच की TFT स्क्रीन भी हैंडलबार के बजाय एप्रन पर ही फिक्स की गई है. पीछे से देखने पर इसका डिजाइन बॉबर-स्टाइल लुक जैसा है. इसमें LED टेल लैंप और टायर हगर भी मिलता है. ग्राहक इसे Crystal White और Platinum Grey कलर ऑप्शन में खरीद सकेंगे.
ADAS फीचर्स से लैस है स्कूटर
Hypevolt-R में 5-इंच का TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया गया है, जो Bluetooth कनेक्टिविटी को सपोर्ट करता है. राइडिंग के दौरान स्क्रीन पर कॉल और मैसेज अलर्ट देखने के साथ नेविगेशन और मैप प्रोजेक्शन का इस्तेमाल भी किया जा सकता है. रोजाना शहर की भीड़भाड़ वाली सड़कों से लेकर ढलान और चढ़ाई वाले रास्तों पर राइडिंग को आसान बनाने के लिए इसमें कई एडवांस्ड फीचर्स दिए गए हैं. स्कूटर में कीलेस गो, ट्रैक्शन कंट्रोल, डुअल-चैनल ABS, हिल-होल्ड और हिल-डिसेंट कंट्रोल मिलता है. इसके अलावा लंबी राइड के लिए इंटेलिजेंट क्रूज कंट्रोल भी दिया गया है. पार्किंग से स्कूटर को पीछे निकालने में मदद के लिए इसमें रिवर्स मोड भी मिलेगा. खास बात यह है कि इसमें ब्लाइंड स्पॉट डिटेक्शन के साथ रिवर्स कैमरा भी दिया गया है. स्कूटर में कुछ ADAS फीचर्स भी मिलते हैं, जो इसे फीचर्स के मामले में कई दूसरे इलेक्ट्रिक स्कूटरों से अलग बनाते हैं.
3 घंटे में हो जाएगा 80% तक चार्ज
इस स्कूटर में मिड-माउंटेड इलेक्ट्रिक मोटर दी गई है, जो 12kW की पावर जेनरेट करती है. कंपनी के मुताबिक, यह स्कूटर सिर्फ 2.3 सेकंड में 0 से 40km/h की रफ्तार पकड़ सकता है, जबकि इसकी टॉप स्पीड 115km/h है. अलग-अलग राइडिंग जरूरतों के लिए इसमें Eco, Normal और Sport जैसे तीन राइडिंग मोड भी दिए गए हैं. रेंज की बात करें, तो Hypevolt-R में ड्यूल रिमूवेबल बैटरी पैक मिलता है, जिसकी कुल क्षमता 5kWh है. कंपनी का दावा है कि फुल चार्ज पर यह इलेक्ट्रिक स्कूटर 180km तक की IDC रेंज दे सकता है. चार्जिंग के मामले में भी कंपनी बड़ा दावा करती है. इसके मुताबिक, बैटरी को 0 से 80% तक चार्ज होने में करीब 3 घंटे का समय लगता है.
खराब सड़कों पर भी मिलेगी स्मूद राइड
Hypevolt-R में आगे और पीछे 14-इंच के अलॉय व्हील दिए गए हैं. फ्रंट में 100/80 और रियर में 120/70 साइज के टायर मिलते हैं. ब्रेकिंग के लिए दोनों पहियों पर डिस्क ब्रेक दिए गए हैं, जिन्हें डुअल-चैनल ABS का सपोर्ट मिलता है. खराब सड़कों और छोटे-मोटे गड्ढों से निपटने के लिए फ्रंट में टेलिस्कोपिक फोर्क और पीछे ट्विन शॉक एब्जॉर्बर मिलते हैं. इसकी सीट हाइट 770mm है, जो कई राइडर्स के लिए स्कूटर को संभालना आसान बना सकती है. हालांकि, 130 mm का ग्राउंड क्लीयरेंस खराब सड़कों और बड़े स्पीड ब्रेकर पर ध्यान देने वाली बात हो सकती है. रोजाना ऑफिस जाने या शहर में सामान लेकर चलने वाले यूजर्स के लिए इसमें 27 लीटर का अंडरसीट स्टोरेज मिलता है.
कीमत और बुकिंग
भारत में Keeway को 1.99 लाख रुपये के एक्स-शोरूम कीमत पर पेश किया गया है. इसकी बुकिंग 5,000 रुपये के टोकन अमाउंट के साथ शुरू हो गई है. इस इलेक्ट्रिक स्कूटर की बिक्री Adishwar Auto Ride India Pvt Ltd (AARI) द्वारा ऑपरेटेड Moto Vault शोरूम के जरिए की जाएगी.
यह भी पढ़ें: सिर्फ रेंज नहीं… इन 5 वजहों से Ather के इलेक्ट्रिक स्कूटर्स हैं शहरी खरीदारों के लिए परफेक्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Shivani Shah
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










