ट्रंप की चेतावनी: 3,554 ईरानी टारगेट रडार पर, USS अब्राहम लिंकन पर दागी गई थीं 101 मिसाइलें

तस्वीर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप. इमेज सोर्स क्रेडिट- @WhiteHouse
Trump Warns Iran: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को बड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि उनके निशाने पर अभी 3,554 ईरानी टारगेट और बचे हैं. ट्रंप ने खुलासा किया कि यूएसएस अब्राहम लिंकन पर दागी गई ईरान की सभी 101 मिसाइलों को अमेरिका ने हवा में ही ढेर कर दिया. फिलहाल, रणनीतिक बातचीत के चलते ट्रंप ने 6 अप्रैल 2026 तक ईरान के एनर्जी ठिकानों पर हमले टाल दिए हैं.
Trump Warns Iran: फ्लोरिडा में आयोजित ‘फ्यूचर इन्वेस्टमेंट इनिशिएटिव’ में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा बयान दिया है. ट्रंप के मुताबिक ईरान में अभी भी 3,554 ऐसे ठिकाने (टारगेट) बचे हैं जिन्हें अमेरिकी सेना बहुत जल्द तबाह कर देगी. ट्रंप ने कहा कि हम इस वक्त ऐसी स्थिति में हैं जहां हमें तय करना होगा कि आगे क्या कदम उठाना है.
USS अब्राहम लिंकन पर ईरान का हमला नाकाम
ट्रंप ने खुलासा किया कि ईरान ने अमेरिका के एयरक्राफ्ट कैरियर ‘USS अब्राहम लिंकन’ को निशाना बनाने के लिए 101 मिसाइलें दागी थीं. उन्होंने इस जहाज को समंदर पर तैरती हुई बहुत कीमती संपत्ति बताया. ट्रंप का दावा है कि अमेरिका ने ईरान की सभी 101 मिसाइलों को हवा में ही मार गिराया और उनका मलबा समंदर में फैल गया. ट्रंप ने आगे कहा कि ईरान की एयर डिफेंस पावर अब पूरी तरह खत्म हो चुकी है, उनके पास विमानों को रोकने की ताकत नहीं बची है.
‘ऑपरेशन एपिक फरी’ से ईरान पस्त
ईरान के खिलाफ जारी सैन्य कार्रवाई को ट्रंप ने ‘ऑपरेशन एपिक फरी’ (Operation Epic Fury) का नाम दिया है. उन्होंने कहा कि अमेरिका के पास ऐसे आधुनिक हथियार हैं जो दुनिया ने पहले कभी नहीं देखे. ट्रंप के अनुसार मिडिल ईस्ट अब ईरानी आतंक और न्यूक्लियर ब्लैकमेलिंग से पूरी तरह आजाद होने के करीब है. उन्होंने ईरान को इलाके का पुराना ‘बुली’ (धौंस दिखाने वाला) बताते हुए कहा कि वह अब भाग रहा है.
बातचीत के चलते 6 अप्रैल 2026 तक टले हमले
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर जानकारी दी कि ईरानी सरकार की गुजारिश पर उन्होंने ईरान के एनर्जी प्लांट्स और बिजली घरों पर होने वाले हमलों को 10 दिनों के लिए रोक दिया है. अब यह रोक 6 अप्रैल 2026 की रात 8 बजे (ईस्टर्न टाइम) तक लागू रहेगी. इससे पहले ट्रंप ने शनिवार को ईरान को 48 घंटे का समय दिया था कि वह होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) को खोल दे, वरना उसके ठिकानों पर स्ट्राइक की जाएगी.
ये भी पढ़ें: मिडल ईस्ट में ईरान की दादागिरी खत्म! ट्रंप का दावा- अब परमाणु ब्लैकमेलिंग नहीं चलेगी
ईरान के साथ चर्चा को बताया ‘शानदार’
तनाव के बीच ट्रंप ने यह भी कहा कि तेहरान के साथ अमेरिकी सरकार की बातचीत बहुत अच्छी और सकारात्मक रही है. उन्होंने इन चर्चाओं को गहराई से भरी और विस्तृत बताया. ट्रंप के मुताबिक, हालांकि मीडिया में गलत खबरें चल रही हैं, लेकिन हकीकत में ईरान के साथ बातचीत का लहजा और तरीका काफी सही है, इसीलिए हमलों की समय सीमा (डेडलाइन) को बार-बार आगे बढ़ाया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: अमेरिका से जंग की तैयारी: ईरान ने जुटाए 10 लाख सैनिक, US भी बढ़ाएगा फौज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Govind Jee
गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




