ईरान जंग पर ट्रंप कल सुबह करेंगे बड़ा ऐलान, क्या अब थम जाएगी तबाही?

तस्वीर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप.
Trump Announcement Iran War: ईरान-अमेरिका जंग के बीच राष्ट्रपति ट्रंप कल सुबह 7:30 बजे बड़ा ऐलान करेंगे. व्हाइट हाउस से सेना वापसी के संकेत मिलने के बाद अब सबकी नजरें न्यूक्लियर ठिकानों और नई सरकार के साथ रिश्तों पर टिकी हैं.
Trump Announcement Iran War: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 2 अप्रैल को भारतीय समयानुसार सुबह करीब 7:30 बजे दुनिया के सामने अपनी बात रखेंगे. पिछले एक महीने से चल रही अमेरिका-ईरान जंग के बीच यह ट्रंप का सबसे बड़ा संबोधन माना जा रहा है. कयास लगाए जा रहे हैं कि ट्रंप इस युद्ध को खत्म करने की अपनी अगली प्लानिंग का खुलासा करेंगे. व्हाइट हाउस ने यह जानकारी तब दी, जब ट्रंप ने खुद इस ओर इशारा किया कि मिडिल ईस्ट में चल रहा यह तनाव अब जल्द ही खत्म हो सकता है.
2 से 3 हफ्तों में लौट सकती है अमेरिकी सेना
व्हाइट हाउस में मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि हम बहुत जल्द वापस जा रहे हैं. ट्रंप ने साफ किया कि अमेरिकी सेना की वापसी अगले दो या तीन हफ्तों के भीतर हो सकती है. माना जा रहा है कि ट्रंप उस मिलिट्री ऑपरेशन को खत्म करने का ऐलान कर सकते हैं, जो 28 फरवरी को शुरू हुआ था. इस युद्ध में अब तक अमेरिका ने ईरान के कई बड़े ठिकानों को निशाना बनाया है, जिसमें पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई समेत कई टॉप अधिकारियों की जान जा चुकी है.
बिना किसी ‘डील’ के खत्म होगी जंग?
पेंटागन के चीफ पीट हेगसेथ ने पहले कहा था कि ट्रंप ईरान के साथ समझौता करने के लिए तैयार हैं, लेकिन ट्रंप ने खुद इस बात को सिरे से खारिज कर दिया. ट्रंप ने दावा किया कि उन्हें ईरान के साथ किसी भी डिप्लोमैटिक डील की जरूरत नहीं है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि ईरान को मेरे साथ समझौता करने की कोई मजबूरी नहीं है. इससे पहले वाशिंगटन ने ईरान को 15 पॉइंट का शांति प्रस्ताव भेजा था, जिसमें न्यूक्लियर प्रोग्राम रोकने और हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को फिर से खोलने जैसी शर्तें थीं. अब ट्रंप के बयान के बाद इन शर्तों के भविष्य पर सवाल खड़े हो गए हैं.
‘ईरान को पत्थर युग में पहुंचाकर ही रुकेंगे’
ट्रंप ने मंगलवार को कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि सैन्य कार्रवाई तभी खत्म होगी जब ईरान को ‘पत्थर युग’ (स्टोन एज) में पहुंचा दिया जाएगा. उनका मकसद ईरान की न्यूक्लियर ताकत को पूरी तरह खत्म करना है ताकि वह दोबारा न्यूक्लियर हथियार न बना सके. अपने अगले भाषण में ट्रंप ईरान के न्यूक्लियर ठिकानों की मौजूदा हालत पर बड़ी अपडेट दे सकते हैं.
ये भी पढ़ें: बेडरूम तक पहुंचा ईरान वॉर का असर, होर्मुज बंदी से कंडोम सप्लाई पर संकट, भयानक होंगे नतीजे
मोजतबा खामेनेई पर बदला ट्रंप का नजरिया
‘द अटलांटिक’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने रविवार को कहा था कि ईरान में इस साल दो बार सत्ता पलट हो चुकी है. ट्रंप अब ईरान की नई सरकार और मोजतबा खामेनेई को पहले के मुकाबले थोड़ा ‘समझदार’ मान रहे हैं. हालांकि, पहले उनका रुख अलग था. ‘एक्सियोस’ को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने मोजतबा को ‘हल्का खिलाड़ी’ (लाइटवेट) बताया था और कहा था कि ईरान को ऐसे नेता की जरूरत है जो क्षेत्र में शांति लाए. अब देखना होगा कि कल के संबोधन में ट्रंप ईरान की नई सरकार और सत्ता परिवर्तन पर क्या नया रुख अपनाते हैं.
ये भी पढ़ें:- इराक में अवॉर्ड विनिंग अमेरिकी पत्रकार का अपहरण, दिन-दहाड़े उठा ले गए किडनैपर्स
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Govind Jee
गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




