Pakistan News: असीम मुनीर ने फिर दी गीदड़भभकी, जम्मू कश्मीर में आतंकवाद को बता दिया 'वैध संघर्ष'
Published by : Pritish Sahay Updated At : 30 Jun 2025 9:22 PM
Pakistan News
Pakistan News: पाकिस्तान ने एक बार फिर कश्मीर को लेकर बड़ा बयान दिया है. पाक सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने एक समारोह में जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को एक वैध संघर्ष बताते हुए कहा कि उनका देश कश्मीर के लोगों के संघर्ष में हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा. मुनीर ने कहा कि पाकिस्तान अपने विरोधियों के प्रयासों से विचलित हुए बिना प्रगति, विकास और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ता रहेगा. मुनीर ने इस दौरान हर तरह के आतंकवाद को खत्म करने के लिए सशस्त्र बलों की प्रतिबद्धता भी दोहराई और इस लड़ाई को उसके तार्किक निष्कर्ष तक ले जाने का संकल्प लिया.
Pakistan News: ऑपरेशन सिंदूर में बुरी तरह पिटने के बाद भी पाकिस्तान की अकड़ कम नहीं हुई है. पाकिस्तान की सरकार और उसके सेना प्रमुख बार-बार गीदड़ भभकी देने से बाज नहीं आ रहे हैं. इस बीच पाक सेना प्रमुख असीम मुनीर ने एक जम्मू कश्मीर को लेकर एक नया शिगूफा छोड़ा है. पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर ने जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को एक वैध संघर्ष बताते हुए कहा कि उनका देश कश्मीर के लोगों के संघर्ष में हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा. फील्ड मार्शल मुनीर ने भारत को भविष्य में किसी भी हमले की स्थिति में करारा जवाब देने की चेतावनी भी दी.
एक समारोह में मनीर ने फिर अलापा कश्मीरी राग
असीम मुनीर ने शनिवार को कराची स्थित पाकिस्तान नौसेना अकादमी में पासिंग आउट समारोह को संबोधित कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने कहा कि ‘‘भारत जिसे आतंकवाद कहता है, वह असल में स्वतंत्रता के लिए एक वैध और कानूनी संघर्ष है. मुनीर ने कहा कि इसे अंतरराष्ट्रीय कानून की ओर से भी मान्यता मिली हुई है. उन्होंने दावा किया ‘‘जिन लोगों ने कश्मीरी लोगों की आकांक्षाओं को दबाने और समाधान के बजाय संघर्ष को खत्म करने की कोशिश की, उन्होंने अपने कृत्यों के माध्यम से इस आंदोलन को और अधिक प्रासंगिक बना दिया है.’’ मुनीर ने कहा कि पाकिस्तान हमेशा कश्मीर के लोगों के आत्मनिर्णय के अधिकार के संघर्ष में उनके साथ खड़ा रहेगा. मुनीर ने कहा कि ‘‘पाकिस्तान संयुक्त राष्ट्र के प्रस्तावों और कश्मीरी लोगों की आकांक्षाओं के अनुसार कश्मीर मुद्दे के न्यायोचित समाधान का प्रबल समर्थक है.’’
कश्मीर गले की नस- पाकिस्तान
इससे पहले पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने कश्मीर को पाकिस्तान की ‘गले की नस’ करार दिया था. भारत ने पाकिस्तान से बार-बार कहा है कि केंद्र-शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हमेशा उसके अभिन्न अंग थे, हैं और रहेंगे. भारत सरकार के पांच अगस्त 2019 को संविधान के अनुच्छेद-370 को निरस्त करने, जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त करने और राज्य को दो-केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने के बाद दोनों देशों के बीच संबंधों में खटास बढ़ गई.
मुनीर ने फिर किया ‘झूठा’ दावा
असीम मुनीर ने मंच से दावा किया कि पाकिस्तान ने दो बार भारतीय सैन्य हमले का करारा जवाब देने के बाद खुद को पूरी तरह क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने वाले के रूप में साबित कर दिखाया. मुनीर ने दावा किया ‘‘गंभीर उकसावे के बावजूद पाकिस्तान ने संयम और परिपक्वता के साथ काम किया तथा क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता के लिए अपनी प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया, जिसके कारण पाकिस्तान ने विशुद्ध रूप से क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने वाले की भूमिका निभाई है.’’ मुनीर ने कहा ‘‘जैसा कि हम लगातार, लेकिन निश्चित रूप से, अपनी व्यापक राष्ट्रीय शक्ति का निर्माण कर रहे हैं, वैसे में रणनीतिक दंड से मुक्ति या गलत अनुमान के भ्रम में पाकिस्तान की कथित कमजोरी का फायदा उठाने वाले किसी भी दुश्मन को त्वरित और बहुत ही करारा जवाब मिलेगा.’’
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pritish Sahay
प्रीतीश सहाय, इन्हें इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव है. ये वर्तमान में प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में कार्यरत हैं. मीडिया जगत में अपने अनुभव के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विषयों पर काम किया है और डिजिटल पत्रकारिता की बदलती दुनिया के साथ खुद को लगातार अपडेट रखा है. इनकी शिक्षा-दीक्षा झारखंड की राजधानी रांची में हुई है. संत जेवियर कॉलेज से ग्रेजुएट होने के बाद रांची यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की डिग्री हासिल की. इसके बाद लगातार मीडिया संस्थान से जुड़े रहे हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत जी न्यूज से की थी. इसके बाद आजाद न्यूज, ईटीवी बिहार-झारखंड और न्यूज 11 में काम किया. साल 2018 से प्रभात खबर के साथ जुड़कर काम कर रहे हैं. प्रीतीश सहाय की रुचि मुख्य रूप से राजनीतिक खबरों, नेशनल और इंटरनेशनल इश्यू, स्पेस, साइंस और मौसम जैसे विषयों में रही है. समसामयिक घटनाओं को समझकर उसे सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने की इनकी हमेशा कोशिश रहती है. वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय राजनीति से जुड़े मुद्दों पर लगातार लेखन करते रहे हैं. इसके साथ ही विज्ञान और अंतरिक्ष से जुड़े विषयों पर भी लिखते हैं. डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में काम करते हुए उन्होंने कंटेंट प्लानिंग, न्यूज प्रोडक्शन, ट्रेंडिंग टॉपिक्स जैसे कई क्षेत्रों में काम किया है. तेजी से बदलते डिजिटल दौर में खबरों को सटीक, विश्वसनीय और आकर्षक तरीके से प्रस्तुत करना पत्रकारों के लिए चुनौती भी है और पेशा भी, इनकी कोशिश इन दोनों में तालमेल बनाते हुए बेहतर और सही आलेख प्रस्तुत करना है. वे सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की जरूरतों को समझते हुए कंटेंट तैयार करते हैं, जिससे पाठकों तक खबरें प्रभावी ढंग से पहुंच सकें. इंटरनेशनल विषयों में रुचि होने कारण देशों के आपसी संबंध, वार अफेयर जैसे मुद्दों पर लिखना पसंद है. इनकी लेखन शैली तथ्यों पर आधारित होने के साथ-साथ पाठकों को विषय की गहराई तक ले जाने का प्रयास करती है. वे हमेशा ऐसी खबरों और विषयों को प्राथमिकता देते हैं जो राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लिहाज से महत्वपूर्ण हों. रूस यूक्रेन युद्ध, मिडिल ईस्ट संकट जैसे विषयों से लेकर देश की राजनीतिक हालात और चुनाव के दौरान अलग-अलग तरह से खबरों को पेश करते आए हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










