7 साल बाद PM मोदी और शी जिनपिंग की मुलाकात, LAC से व्यापार तक इन मुद्दों पर हो सकती है बात

Updated:
विज्ञापन

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और पीएम मोदी (PC : AI)

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

BRICS Summit 2026 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग 7 साल बाद भारत में आमने-सामने होंगे. 18वें ब्रिक्स सम्मेलन में होने वाली इस अहम मुलाकात में LAC पर शांति, व्यापार और सीमा विवाद जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है.

विज्ञापन

BRICS Summit 2026 : राजधानी दिल्ली में 18वां BRICS सम्मेलन होने जा रहा है. 12 और 13 सितंबर को भारत मंडपम में होने वाले इस सम्मेलन में दुनिया के कई बड़े नेता पहुंचेंगे. इनमें चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी शामिल होंगे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग के बीच मुलाकात भी होने की उम्मीद है. दोनों नेताओं की भारत में करीब सात साल बाद आमने-सामने बैठक होगी.

विज्ञापन

इस मुलाकात को भारत और चीन के रिश्तों के लिए काफी अहम माना जा रहा है. 2020 में गलवान घाटी में हुई झड़प के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ गया था. इसके बाद दोनों देशों के बीच सीमा और दूसरे मुद्दों को लेकर कई दौर की बातचीत हुई है. अब दोनों नेताओं की मुलाकात से रिश्तों को आगे बढ़ाने की कोशिशों को नई दिशा मिल सकती है.

LAC पर हो सकती है सबसे अहम बात

मोदी और शी की बातचीत में सबसे बड़ा मुद्दा भारत-चीन सीमा का हो सकता है. दोनों देश LAC यानी वास्तविक नियंत्रण रेखा पर शांति बनाए रखने और सीमा पर तनाव कम करने के तरीकों पर बात कर सकते हैं.

दोनों देशों के बीच आगे ऐसी स्थिति न बने, जैसी 2020 में गलवान के दौरान बनी थी, इस पर भी चर्चा हो सकती है. सीमा पर भरोसा बढ़ाने और सैनिकों के बीच किसी नए तनाव को रोकने के लिए आगे क्या कदम उठाए जा सकते हैं, यह भी बातचीत का हिस्सा हो सकता है.

चीन के साथ कारोबार पर भी नजर

मोदी और शी के बीच व्यापार का मुद्दा भी अहम हो सकता है. भारत और चीन के बीच कारोबार काफी बड़ा है, लेकिन दोनों देशों के बीच व्यापार में भारत का घाटा लंबे समय से चिंता का विषय रहा है.

बैठक में चीनी कंपनियों के भारत में निवेश और कारोबार से जुड़े नियमों पर भी बात हो सकती है. खासकर इलेक्ट्रॉनिक्स और सौर ऊर्जा जैसे क्षेत्रों में चीन से आने वाली मशीनों और सामान से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की संभावना है.

सीधी उड़ानों और आने-जाने पर भी हो सकती है बात

भारत और चीन के लोगों के बीच आने-जाने को आसान बनाने का मुद्दा भी अहम हो सकता है. दोनों देशों के बीच सीधी उड़ानें फिर शुरू हो चुकी हैं और चीन से आने वाले कारोबारियों के लिए वीजा नियमों में भी कुछ बदलाव किए गए हैं. आगे इन सेवाओं को और आसान बनाने पर बात हो सकती है.

BRICS में दोनों देश साथ-साथ कई मुद्दे उठाएंगे

मोदी और शी की मुलाकात सिर्फ भारत-चीन रिश्तों तक सीमित नहीं रहेगी. BRICS सम्मेलन में दोनों देश दुनिया से जुड़े कई बड़े मुद्दों पर भी साथ काम करने की कोशिश करेंगे.

इसमें खाने-पीने की चीजों की सुरक्षा, ऊर्जा, कारोबार, नई तकनीक और सामान की सप्लाई को मजबूत बनाने जैसे मुद्दे शामिल हैं. भारत इस साल BRICS की अध्यक्षता कर रहा है और सम्मेलन में दुनिया के विकासशील देशों की आवाज को मजबूत करने पर भी जोर रहेगा.

भारत में 2019 में आखिरी बार मिले थे मोदी-शी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग की भारत में आखिरी बड़ी मुलाकात अक्टूबर 2019 में हुई थी. यह मुलाकात चेन्नई के पास महाबलीपुरम में हुई थी. इसके बाद 2020 में गलवान की घटना के कारण दोनों देशों के रिश्तों में तनाव बढ़ गया.

अब करीब सात साल बाद शी जिनपिंग के भारत आने और मोदी से मुलाकात को दोनों देशों के रिश्तों के लिहाज से अहम माना जा रहा है. इस बैठक से यह संकेत मिल सकता है कि भारत और चीन अपने रिश्तों को किस दिशा में आगे ले जाना चाहते हैं.

ये भी पढ़ें: BRICS Business Forum 2026: दिल्ली में जुटेंगे दुनिया के सबसे बड़े कारोबारी, Huawei और Alibaba भी होंगे शामिल

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola