रिपोर्ट में दावा: ड्रैगन की मदद से ईरान ने की US सैन्य ठिकानों की जासूसी, चीन ने आरोपों को नकारा
Published by : Govind Jee Updated At : 15 Apr 2026 2:56 PM
सैटेलाइट की तस्वीर. सोर्स-एक्स.
Iran Uses Chinese Satellite: ईरान और चीन के बीच हुई इस सीक्रेट सैटेलाइट डील ने अमेरिका की टेंशन बढ़ा दी है. फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस तकनीक से ईरान अब अमेरिकी सैन्य ठिकानों की सटीक निगरानी कर रहा है. वहीं, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हथियार सप्लाई करने वाले देशों पर भारी जुर्माना लगाने की चेतावनी दी है.
Iran Uses Chinese Satellite: वेस्ट एशिया में चल रहे तनाव के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है. फाइनेंशियल टाइम्स (FT) की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने चीन में बने एक सैटेलाइट को गुप्त रूप से खरीदा है. इस सैटेलाइट की मदद से ईरान ने पूरे क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों की निगरानी की है. बताया जा रहा है कि इस तकनीक ने ईरान की टारगेट करने की क्षमता को काफी बढ़ा दिया है.
IRGC के हाथ लगा TEE-01B सैटेलाइट
फाइनेंशियल टाइम्स की जांच के अनुसार, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की एयरोस्पेस फोर्स ने 2024 के आखिर में इस सैटेलाइट को हासिल किया था. इस सैटेलाइट का नाम TEE-01B है, जिसे चीन की एक कंपनी ‘अर्थ आई’ (Earth Eye Co) ने बनाया और लॉन्च किया था. यह कंपनी अंतरिक्ष में सैटेलाइट भेजने के बाद उसे दूसरे देशों को हैंडओवर करने का काम करती है.
सऊदी अरब के एयरबेस की हुई निगरानी
लीक हुए दस्तावेजों और सैटेलाइट डेटा से पता चला है कि ईरान के कमांडरों ने इस सैटेलाइट का इस्तेमाल अमेरिका के खास ठिकानों को ट्रैक करने के लिए किया. मार्च 2026 में सऊदी अरब के ‘प्रिंस सुल्तान एयरबेस’ की तस्वीरें ली गई थीं. यह वही जगह है जहां मार्च में ड्रोन और मिसाइल हमले हुए थे. रिपोर्ट के अनुसार, हमलों से पहले और बाद, दोनों समय की तस्वीरें सैटेलाइट के जरिए ली गई थीं.
चीन ने आरोपों को बताया झूठा
चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने इन खबरों को पूरी तरह से बनावटी बताया है. उन्होंने कहा कि चीन ने ईरान को कोई सैन्य मदद नहीं दी है. चीन ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका इन झूठी रिपोर्टों के आधार पर चीन पर कोई टैक्स या पाबंदी लगाता है, तो चीन भी इसका कड़ा जवाब देगा.
ये भी पढ़ें: ईरान का अमेरिका-इजरायल को चैलेंज: ‘तुम जितनी तेजी से तोड़ोगे, हम उससे दोगुनी रफ्तार से बनाएंगे’
डोनाल्ड ट्रंप की 50% टैरिफ की चेतावनी
इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर सख्त चेतावनी दी है. ट्रंप ने कहा कि जो भी देश ईरान को सैन्य हथियार सप्लाई करेगा, उस देश से अमेरिका आने वाले सभी सामानों पर तुरंत 50% टैरिफ (टैक्स) लगा दिया जाएगा. उन्होंने साफ किया कि इसमें किसी भी देश को कोई छूट नहीं मिलेगी.
ये भी पढ़ें: सऊदी-पाकिस्तान के ‘सीक्रेट वॉर पैक्ट’ का खुलासा: क्या ईरान के खिलाफ युद्ध में कूदेगा इस्लामाबाद?
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Govind Jee
गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










