ट्रंप का प्लान: खार्ग आइलैंड पर कब्जे की तैयारी, कहा- ‘ईरान का तेल लेना मेरा सबसे फेवरेट काम’

तस्वीर में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप. इमेज सोर्स क्रेडिट- एक्स/ @WhiteHouse
Trump Iran Oil: मिडल ईस्ट में युद्ध के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सबसे बड़े तेल भंडार खार्ग आइलैंड को कब्जे में लेने का इशारा दिया है. कच्चे तेल की कीमतें 116 डॉलर के पार जाने और सऊदी अरब में अमेरिकी बेस पर हुए हमलों ने तनाव चरम पर पहुंचा दिया है. जानिए, क्या 6 अप्रैल की डेडलाइन से पहले सुलझेगा विवाद?
Trump Iran Oil: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सबसे खास तेल एक्सपोर्ट हब ‘खार्ग आइलैंड’ पर कब्जा करने के संकेत दिए हैं. ‘फाइनेंशियल टाइम्स’ को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने साफ कहा कि उनकी सबसे पसंदीदा रणनीति ईरान के तेल संसाधनों पर कंट्रोल करना है. ट्रंप ने कहा कि ईरान का तेल लेना मेरा फेवरेट काम है, लेकिन अमेरिका में कुछ बेवकूफ लोग पूछते हैं कि आप ऐसा क्यों कर रहे हैं.
उन्होंने इसकी तुलना वेनेजुएला के ऑपरेशन से की, जहां अमेरिका ने राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को पकड़कर तेल इंडस्ट्री पर कंट्रोल की कोशिश की थी. खार्ग द्वीप ईरान का सबसे महत्वपूर्ण समुद्री तेल टर्मिनल है, जहां से देश के कुल कच्चे तेल का लगभग 90% एक्सपोर्ट किया जाता है, जो इसे ईरान की इकॉनमी और वैश्विक एनर्जी सिक्योरिटी के लिए रणनीतिक रूप से बेहद खास बनाता है.
116 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचा कच्चा तेल
मिडल ईस्ट में बढ़ते तनाव के कारण ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं. ‘फाइनेंशियल टाइम्स’ के मुताबिक, ब्रेंट क्रूड 116 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है, जो युद्ध शुरू होने के बाद का सबसे हाई लेवल है. एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर अमेरिका खार्ग आइलैंड पर हमला करता है, तो हालात और बिगड़ सकते हैं. इस आइलैंड पर ईरान का नेवल बेस भी है. वहीं, ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बागेर घलीबाफ ने ‘तस्नीम’ न्यूज एजेंसी से कहा कि उनकी सेना अमेरिकी सैनिकों के जमीन पर उतरने का इंतजार कर रही है.
ईरान के पास कोई डिफेंस नहीं, हम आसानी से कब्जा कर लेंगे
ट्रंप ने इंटरव्यू में दावा किया कि खार्ग आइलैंड पर कब्जा करना उनके लिए बहुत आसान है. उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि उनके पास कोई बचाव का रास्ता है. शायद हम खार्ग आइलैंड ले लें, शायद न लें, हमारे पास बहुत सारे ऑप्शन हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि वहां लंबे समय तक अमेरिकी सेना को रुकना पड़ सकता है. इस बीच, अमेरिका ने इस इलाके में मरीन और 82nd एयरबोर्न डिवीजन के हजारों सैनिक तैनात कर दिए हैं.
सऊदी एयरबेस पर हमला और हूतियों का बढ़ता खतरा
युद्ध का दायरा बढ़ता जा रहा है. हाल ही में सऊदी अरब के एक एयरबेस पर हुए हमले में अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं और सैन्य उपकरणों को नुकसान पहुंचा है. इसके अलावा, हूती विद्रोहियों के मिसाइल हमलों ने पूरे रीजन में डर पैदा कर दिया है. ‘फाइनेंशियल टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने ईरान को 6 अप्रैल तक की डेडलाइन दी है. अगर तब तक समझौता नहीं हुआ, तो अमेरिका ईरान के एनर्जी सेक्टर पर और बड़े हमले कर सकता है.
ये भी पढ़ें: ट्रंप का दावा: ‘ईरान के साथ जल्द होगी बड़ी डील’, पाकिस्तान के जरिए चल रही है बातचीत
20 तेल टैंकरों को मिली मंजूरी
इतनी बयानबाजी के बाद भी ट्रंप को ईरान के साथ डील की उम्मीद है. एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि ईरान के साथ डायरेक्ट और इनडायरेक्ट बातचीत चल रही है. ट्रंप के मुताबिक, पाकिस्तान के जरिए बातचीत आगे बढ़ रही है. उन्होंने दावा किया कि ईरान ने ‘सम्मान’ दिखाते हुए हॉर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) से 20 तेल टैंकरों को निकलने की इजाजत दे दी है. ट्रंप ने इसे एक पॉजिटिव संकेत बताया है.
ट्रंप का बड़ा दावा: ईरान का लीडरशिप बदल चुका है
ट्रंप ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि ईरान में ‘सत्ता परिवर्तन’ (Regime Change) पहले ही हो चुका है. उनके मुताबिक, अब जो लोग बातचीत कर रहे हैं वे बहुत प्रोफेशनल हैं. ट्रंप ने ईरान के सुप्रीम लीडर के बेटे मुजतबा खामेनेई के बारे में कहा कि वह या तो मर चुका है या उसकी हालत बहुत खराब है, उसके बारे में कोई खबर नहीं है. हालांकि, ईरानी मीडिया ‘प्रेस टीवी’ ने इन दावों को खारिज करते हुए कहा है कि उनका लीडरशिप पूरी तरह सुरक्षित है.
ये भी पढ़ें: ईरान के तबरीज में अमेरिका-इजरायल की एयरस्ट्राइक, पेट्रोकेमिकल प्लांट तबाह; न्यूक्लियर सेंटर को भी भारी नुकसान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Govind Jee
गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




