पति से लड़ाई के बाद पत्नी ने बालकनी से उड़ाए लाखों रुपये, नोट लूटने की मची होड़
Published by : Govind Jee Updated At : 18 Apr 2026 7:46 AM
अपार्टमेंट की बालकनी से पैसे उड़ाती महिला की तस्वीर.
China Woman Throws Money: चीन के शांतू शहर में पति से झगड़े के बाद एक महिला ने अपनी बालकनी से हांगकांग डॉलर की बारिश कर दी. सड़क पर नोट गिरते ही राहगीरों में पैसा बटोरने की अफरा-तफरी मच गई. पुलिस और प्रशासन अब लोगों से कैश वापस करने की अपील कर रहे हैं.
China Woman Throws Money: चीन के गुआंगडोंग प्रांत के शांतू शहर में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने अपने अपार्टमेंट की बालकनी से भारी मात्रा में हांगकांग डॉलर हवा में उड़ा दिए. आसमान से नोट गिरते देख नीचे सड़क पर मौजूद लोगों के बीच उन्हें लूटने की होड़ मच गई. सोशल मीडिया पर इस घटना के फोटो और वीडियो काफी वायरल हो रहे हैं, जिसमें लोग जमीन पर गिरे नोटों को बटोरते नजर आ रहे हैं.
बहस के बाद खिड़की से फेंकी करेंसी
हांगकांग के मीडिया आउटलेट ‘द स्टैंडर्ड’ की रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआती जानकारी में यह बात सामने आई है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी. इस झगड़े से नाराज होकर महिला ने गुस्से में घर में रखे नोटों के बंडल खिड़की से बाहर फेंकना शुरू कर दिया. रिपोर्ट्स में यह दावा किया जा रहा है कि फेंकी गई रकम करीब 20 लाख हांगकांग डॉलर (भारतीय करेंसी में करोड़ों रुपए) तक हो सकती है. वहां मौजूद चश्मदीदों ने बताया कि इसके बाद मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाना पड़ा.
मैनेजमेंट ने की नोट लौटाने की अपील
स्टार लेक सिटी के प्रॉपर्टी मैनेजमेंट ने स्थानीय मीडिया को बताया कि यह घटना उनके परिसर में हुई है. उन्होंने पुष्टि की है कि हवा में उड़ाए गए नोट असली थे. मैनेजमेंट ने यह भी जानकारी दी कि कुछ निवासियों ने ईमानदारी दिखाते हुए बटोरे गए पैसे वापस कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और प्रशासन ने अपील की है कि जिन लोगों के पास भी यह पैसा है, वे उसे पास के पुलिस स्टेशन या ऑफिस में जमा करा दें.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
लोंघू डिस्ट्रिक्ट पब्लिक सिक्योरिटी ब्यूरो के तहत आने वाले झुची पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि स्थिति को संभाल लिया गया है. हालांकि महिला ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसकी सही वजह अभी साफ नहीं हो पाई है. सोशल मीडिया पर यूजर्स इस पर मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं. एक यूजर ने लिखा कि वह कभी इतना गुस्सा नहीं हो सकता, वहीं दूसरे ने मजाकिया अंदाज में कहा कि महिला यह उदाहरण दे रही है कि पैसा ही सब कुछ नहीं होता.
ये भी पढ़ें: ईरान की घेराबंदी कर रहे अमेरिकी सैनिकों को नहीं मिल रहा भरपेट खाना; वायरल तस्वीरों ने बढ़ाई चिंता
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Govind Jee
गोविन्द जी ने पत्रकारिता की पढ़ाई माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय भोपाल से की है. वे वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर (डिजिटल) के पद पर कार्यरत हैं. वे पिछले आठ महीनों से इस संस्थान से जुड़े हुए हैं. गोविंद जी को साहित्य पढ़ने और लिखने में भी रुचि है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










