बंगाल चुनाव 2021 Updates: पहले चरण में 191 कैंडिडेट्स की किस्मत EVM में बंद, 80% से ज्यादा वोटिंग, छिटपुट हिंसा
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2021Live Updates: तृणमूल कांग्रेस का गंभीर आरोप – केंद्रीय बल के जवान मतदाताओं पर भाजपा को वोट देने का बना रहे दबाव. शुरुआती दो घंटे में 109 बूथ पर इवीएम में गड़बड़ी. चुनाव के पहले चरण में राज्य के 5 जिलों की 30 सीटों पर वोटिंग से पहले पोलिंग पार्टी की गाड़ी पर हमला हो गया. पुरुलिया जिला के 252 नंबर बूथ पर पोलिंग पार्टी को पहुंचाकर लौट रहे वाहन पर 4 अज्ञात अपराधियों ने पेट्रोल बम से हमला कर दिया. वाहन पूरी तरह जल गया. ड्राइवर किसी तरह सुरक्षित बच निकला. शुक्रवार की रात को हुई इस घटना के बाद शनिवार को व्यापक सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हो गया है. पुरुलिया, पश्चिम मेदिनीपुर पार्ट-1, पूर्व मेदिनीपुर पार्ट-1, झारग्राम सहित पांच जिलों में वोट डाले जा रहे हैं. पूर्व मेदिनीपुर की सात, पश्चिम मेदिनीपुर की छह, झारग्राम की चार, पुरुलिया की नौ और बांकुड़ा की चार सीटों पर लोग अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं. पहले चरण में 21 महिला समेत कुल 191 उम्मीदवार मैदान में हैं. प्रमुख उम्मीदवारों में तृणमूल के अखिल गिरि, बीरबाहा हांसदा, टॉलीवुड अभिनेत्री जून मालिया, खगेंद्रनाथ महतो एवं भाजपा के रवींद्रनाथ माइती, तपन भुइयां और माकपा के पुलिन बिहारी बास्के शामिल हैं.
बंगाल चुनाव में असदुद्दीन ओवैसी की एंट्री
एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने नरेंद्र पीएम मोदी के दो दिवसीय बांग्लादेश दौरे पर शनिवार को निशाना साधा है. असदुद्दीन ओवैसी ने बंगाल के मुर्शिदाबाद में कहा पीएम मोदी बांग्लादेश के लिए सत्याग्रह करने की बात कहते हैं. फिर वो मुर्शिदाबाद के लोगों को बांग्लादेशी क्यों कहते हैं? वो हमें अपमानित क्यों कर रहे हैं? ओवैसी ने आगे कहा कि बीजेपी ने देश में काफी नफरत फैलाई है. यहां मुस्लिम बच्चा मंदिर में पानी पीने जाता है तो उसे पीटा जाता है. मुसलमानों को जेहादी कहा जाता है. आदिवासियों को नक्सल कहा जा रहा है. बीजेपी के लिए धर्मनिरपेक्ष सोच रखने वाले देश विरोधी हैं.
पांच बजे तक 79.79 प्रतिशत मतदान
पूर्वी मेदिनीपुर:- 82.51
पश्चिमी मेदिनीपुर:- 80.12
झारग्राम:- 80.55
पुरुलिया:- 77.07
बांकुड़ा:- 79.90
बांग्लादेश में जाते हैं वोट मार्केटिंग करने, मोदी पर बरसीं ममता
ममता बनर्जी ने खड़गपुर में व्हील चेयर पर बैठकर जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि ये लोग कभी कहते हैं कि ममता बनर्जी ने बांग्लादेशियों की घुसपैठ करायी है. लेकिन वह (प्रधानमंत्री) खुद बांग्लादेश जाते हैं और वोट मार्केटिंग करते हैं.
मोदी की बांग्लादेश यात्रा आचार संहिता का उल्लंघन- ममता
बंगाल में पहले चरण की वोटिंग के दौरान शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बांग्लादेश में हैं, तो बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने खड़गपुर की एक रैली से उन पर जमकर हमला बोला. ममता बनर्जी ने कहा कि चुनाव हो रहे हैं और वह (प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी) बांग्लादेश में जाकर लेक्चर दे रहे हैं. ममता ने इसे आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन बताया.
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए