ePaper

गुरुनानक जयंती आज : गुरुनानक देव जी एवं उनका सत्य मार्ग

Updated at : 04 Nov 2017 8:58 AM (IST)
विज्ञापन
गुरुनानक जयंती आज : गुरुनानक देव जी एवं उनका सत्य मार्ग

”हुकमें अंदर सबको, बाहर हुकम न कोय नानक हुकमें जे बुझे त हऊमें कहे न कोय” अर्थात् ये सारा संसार प्रभु के हुक्म के अनुसार ही चल रहा है, जो उस प्रभु के इस आदेश को समझ लेता है, उसका अपना अहं भाव समाप्त हो जाता है. वह स्वयं को प्रभु के चरणों में समर्पित […]

विज्ञापन
”हुकमें अंदर सबको, बाहर हुकम न कोय नानक हुकमें जे बुझे त हऊमें कहे न कोय” अर्थात् ये सारा संसार प्रभु के हुक्म के अनुसार ही चल रहा है, जो उस प्रभु के इस आदेश को समझ लेता है, उसका अपना अहं भाव समाप्त हो जाता है. वह स्वयं को प्रभु के चरणों में समर्पित कर अपनी सांसारिक चतुराई त्याग देता है.
जसबीर सिंह
महाप्रबंधक (सेवानिवृत्त) एसबीआइ
ह र व्यक्ति जीवन में सुख-शांति की लालसा रखता है, परंतु उसे पाने के लिए उसके कार्य-कलाप विपरीत दिशा में चलते हैं. परिणामत: वह दुख की बेड़ियों में ही जकड़ा रहता है.
गुरुनानक जी का कथन है-
”हम नहीं चंगे बुरा नहीं कोय,
प्रनवत नानक तारे सोय”
अर्थात् हमें सतत् अंतर मनन करते हुए अपनी कमजोरियों से मुक्ति पानी चाहिए और दूसरों के गुणों पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए.
आपने कहा है- ”सच उरे सबको, उपर सच आचार”
सत्य सर्वोपरि है, परंतु उससे भी ऊपर सत्याचार है. हमारा सारा व्यवहार सत्य के आधार पर होना चाहिए, सत्य से विचलित होकर हम मन की शांति को खो बैठते हैं.
आपने हमें समझाया है-
”मीठत नींवी नानक गुण चंगियाइयां तत्”
विनम्रता से मिश्रित सद्व्यवहार जीवन का सार तत्व है. मानव मात्र से हमारा व्यवहार ऐसा ही होना चाहिए जैसा कि हम स्वयं के साथ चाहते हैं.
आपके वचन हैं- ”घाल खाये किछु हंथो दे नानक राह पछाने सोय”
हे मानव, कठिन परिश्रम द्वारा सत्य के मार्ग पर चलते हुए धन अर्जित करो और उस अर्जित धन से दीन-हीन की सहायता करना कभी न भूलो.
नारी के प्रति व्यवहार के बारे में आपने कहा- ”सो क्यों मंदा आखिए जित हमें राजान”. अर्थात् उस नारी की भर्त्सना करना सवर्था अनुचित है, जो विद्वानों और महापुरुषों को जन्म देती है. कहा भी गया है- ”यत्र नार्यस्तु पूजयन्ते रमंते तत्र देवता:”
गुरुनानक देव जी हमें समझाते हैं –
”सब में जोत जोत है सोय तिस के चानन सब में चानन होय” सभी मानव मात्र में उस परमात्मा की लौ प्रज्वलित है, इसलिए उसे पहचानते हुए किसी को छोटा-बड़ा समझना सवर्था अनुचित है. तीर्थ जानेवाले को आप सचेत करते हैं- ”तीरथ नाऊन जाओ तीरथ नाम है, तीरथ शब्द विचार, अंतर ज्ञान है”
सही माने में तीर्थ तो परमेश्वर (अकालपुरूख) का नाम लेना है. अंतर मनन करते हुए गुरु के बताये मार्ग पर चलना ही सच्चा स्नान है. आपने मानव मात्र को सावधान किया – ”जे रत लगे कपड़े जामा होय पलीत, जे रत पीवे मानसा तिन क्यों निरमल चित”
जो मनुष्य दूसरों का खून चूस कर बड़ा बन जाता है, उसे भला कैसे मन की शांति मिल सकती है. हमारे मन की आंखें खोलते हुए आपने कहा –
”सा जात सा पत है जेहे करम कमाये” मनुष्य की जाति और उसकी प्रतिष्ठा तो उसके कर्मों के आधार पर ही निश्चित होती है, जन्म के आधार पर नहीं.
आपका कथन है – ”पाप बुरा पापी कोऊ प्यारा” अर्थात् पाप से घृणा करनी चाहिए, पापी से नहीं. पापी से घृणा की, तो उसके अच्छा बनने का मार्ग अवरूद्ध हो जायेगा. सच्चे मनुष्य की परिभाषा आपने यों दी है – ”सच बरत संतोख तीरथ गिआन धिआन धियान स्नान‍/दया देवता खिमा जपमाली ते मानस प्रधान”
अर्थात् सत्य के मार्ग पर चलना ही व्रत के समकक्ष है. संतोष धारण करना तीर्थ जाने के समान है. प्रभु का दिल से स्मरण ही सच्चा स्नान है. दूसरों के प्रति दया-भाव देवत्व के समान है और दूसरों को क्षमा-दान देना ही पवित्र सुमरनी है, ऐसे गुण धारण करनेवाला ही श्रेष्ठ मनुष्य है.
जपजी साहब में आप जीवन-सार का तत्व प्रदान करते हुए कहते हैं – ”हुकमें अंदर सबको, बाहर हुकम न कोय नानक हुकमें जे बुझे त हऊमें कहे न कोय”
अर्थात् ये सारा संसार प्रभु के हुक्म से ही चल रहा है, जो उस प्रभु के इस आदेश को समझ लेता है, उसका अपना अहं भाव समाप्त हो जाता है. ‘मैं-मैं’ की भावना विलुप्त हो जाती है. वह स्वयं को प्रभु के चरणों में समर्पित कर अपनी सांसारिक चतुराई त्याग देता है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola