स्वर्ण पदक जीतने वालों के क्लब में शामिल हो सिंधु : बिंद्रा
Author Prabhat khabar digital desk
Updated:
विज्ञापन

नयी दिल्ली : दिग्गज निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने रियो ओलंपिक खेलों के महिला एकल फाइनल में जगह बनाने वाली पीवी सिंधु को बधाई देते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि यह बैडमिंटन खिलाड़ी भारत के व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेताओं के क्लब में शामिल हो जिसमें फिलहाल सिर्फ वही शामिल हैं. सिंधु ने सेमीफाइनल […]
विज्ञापन
नयी दिल्ली : दिग्गज निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने रियो ओलंपिक खेलों के महिला एकल फाइनल में जगह बनाने वाली पीवी सिंधु को बधाई देते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि यह बैडमिंटन खिलाड़ी भारत के व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेताओं के क्लब में शामिल हो जिसमें फिलहाल सिर्फ वही शामिल हैं.
सिंधु ने सेमीफाइनल में जापान की नोजोमी ओकुहारा को 21-19 21-10 से हराकर कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया. भारत के एकमात्र व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता बिंद्रा ने ट्विटर पर हैदराबाद की इस बैडमिंटन खिलाड़ी को बधाई दी. बिंद्रा ने ट्वीट किया, ‘‘क्या शानदार खिलाड़ी, पीवी सिंधु. मैं इंतजार कर रहा हूं कि आप क्लब में मेरे साथ आएं. आपको नहीं पता कि मैं कितना अकेला महसूस रहा हूं.” प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सिंधु को शुभकामनाएं दी.
प्रधानमंत्री ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘‘सिंधु इसी रास्ते पर आगे जाना है. बधाई हो. आपने भारत को गौरवांवित किया. फाइनल के लिए शुभकामनाएं.” एक अन्य ट्वीट में मोदी ने लिखा, ‘‘शानदार प्रदर्शन, पीवी सिंधु. आपने भारत को गौरवांवित किया. फाइनल के लिए शुभकामनाएं.” लंदन ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता निशानेबाज गगन नारंग ने भी सिंधु को बधाई देते हुए लिखा, ‘‘सुपर, पीवी सिंधु ने रियो 2016 में पदक पक्का किया. सुपर गर्ल पीला पदक लाएं.”
बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन ने ट्वीट किया, ‘‘टी2352, कभी महिला की ताकत को कम मत आंको. पीवी सिंधु, आपने ना कहने वाले कई लोगों को खत्म कर दिया. आप भारत का गौरव हैं.” महान शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद ने लिखा, ‘‘पीवी सिंधु, बधाई. रियो ओलंपिक 2016 में पदक.
भारत, महिलाओं खेलों में आगे बढ़ा.” स्टार मुक्केबाज विजेंदर सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘भाईयों इस छोरी (लड़की) ने भी लट्ठ गाड दिया. पीवी सिंधु पर गर्व और फाइनल के लिए शुभकामनाएं. उम्मीद करता हूं कि आप स्वर्ण पदक जीतें.।” तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने भी फाइनल में जगह बनाने के लिए सिंधु को बधाई दी और उम्मीद जताई कि वह इस प्रदर्शन को जारी रखते हुए फाइनल में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतेगी.
सिंधु के पिता पी वी रमन्ना के पास इस खुशी को व्यक्त करने के लिये शब्द नहीं थे. उन्होंने इसका श्रेय कोच पुलेला गोपीचंद को दिया. उन्होंने कहा, ‘‘बहुत ज्यादा खुश हूं. मेरे पास इसे बयां करने के लिये शब्द नहीं हैं. जब वह दस साल की थी तब से गोपी की निगरानी में है. हम उनके बहुत आभारी हैं. सिंधु ने भी ओलंपिक पदक जीतने के लिये काफी संघर्ष किया. ”
रमन्ना ने कहा, ‘‘मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि वह हमेशा स्वस्थ रहे. मेरी दिली इच्छा थी वह जीते ताकि कोई कुछ नहीं कह सके.” सिंधु की मां पी विजया ने कहा, ‘‘मैं साक्षी को कांस्य पदक जीतने और सिंधु को बधाई देना चाहती हैं. सिंधु की जीत से हम बहुत खुश हैं. ”
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Tags
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










