ePaper

कोशिकाओं, ऑक्सीजन पर अनुसंधान के लिए तीन वैज्ञानिकों को चिकित्सा का नोबेल पुरस्कार

Updated at : 07 Oct 2019 4:22 PM (IST)
विज्ञापन
कोशिकाओं, ऑक्सीजन पर अनुसंधान के लिए तीन वैज्ञानिकों को चिकित्सा का नोबेल पुरस्कार

स्टाकहोम : मानव शरीर में कोशिकाएं ऑक्सीजन की उपलब्धता का आभास कैसे करती हैं और कैसे खुद को उसके अनुकूल बनाती हैं, इस विषय पर अनुसंधान के लिए अमेरिकी वैज्ञानिकों विलियम कैलिन तथा ग्रेग सेमेंजा और ब्रिटेन के पीटर रैटक्लिफ को चिकित्सा क्षेत्र के नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया है. निर्णायक मंडल ने सोमवार […]

विज्ञापन

स्टाकहोम : मानव शरीर में कोशिकाएं ऑक्सीजन की उपलब्धता का आभास कैसे करती हैं और कैसे खुद को उसके अनुकूल बनाती हैं, इस विषय पर अनुसंधान के लिए अमेरिकी वैज्ञानिकों विलियम कैलिन तथा ग्रेग सेमेंजा और ब्रिटेन के पीटर रैटक्लिफ को चिकित्सा क्षेत्र के नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया है.

निर्णायक मंडल ने सोमवार को तीनों वैज्ञानिकों के नाम की घोषणा करते हुए कहा, उन्होंने इस संबंध में हमारी समझ को आधार प्रदान किया कि ऑक्सीजन का स्तर कोशिकीय चयापचय (सेलुलर मेटाबोलिज्म) और शारीरिक क्रियाकलापों को किस तरह प्रभावित करता है. उन्होंने कहा, उनके अनुसंधान से एनीमिया, कैंसर और अन्य कई बीमारियों से लड़ने की भरोसा पैदा करने वाली नयी रणनीतियों का रास्ता साफ हो गया है. ज्यूरी के अनुसार तीनों वैज्ञानिकों ने उस आणविक तंत्र की पहचान की जो ऑक्सीजन के विविध स्तरों के चलते जीन्स की गतिविधियों को नियंत्रित करता है. इससे कई बीमारियां जुड़ी होती हैं.

निर्णायक मंडल ने कहा, अकादमिक प्रयोगशालाओं और फार्मास्युटिकल्स कंपनियों में इस तरह की दवाएं बनाने के गहन प्रयास चल रहे हैं जो ऑक्सीजन संवेदी तंत्र को सक्रिय कर या अवरुद्ध कर विभिन्न रोगों की अवस्थाओं में कारगर हो सकती हैं. कैलिन अमेरिका के हॉवर्ड ह्यूजिस मेडिकल इंस्टिट्यूट में काम करते हैं, वहीं सेमेंजा, जॉन हापकिन्स इंस्टिट्यूट फॉर सेल इंजीनियरिंग में वस्क्युलर रिसर्च प्रोग्राम के निदेशक हैं. रैटक्लिफ लंदन स्थित फ्रांसिस क्रिक इंस्टिट्यूट में क्लिनिकल अनुसंधान के निदेशक और ऑक्सफोर्ड में टार्गेट डिस्कवरी इंस्टिट्यूट के निदेशक हैं. तीनों के बीच नोबेल पुरस्कार की 90 लाख स्वीडिश क्रोनोर (करीब 9,14,000 अमेरिकी डॉलर) की राशि साझा होगी. वे 10 दिसंबर को स्टाकहोम में एक औपचारिक समारोह में किंग कार्ल 16वें गुस्ताफ से पुरस्कार प्राप्त करेंगे.

पिछले साल यह पुरस्कार अमेरिका के प्रतिरक्षा विज्ञानी जेम्स एलिसन और जापान के तासुकू होंजो को प्रदान किया गया था. इस साल के भौतिकी के नोबेल पुरस्कार विजेताओं की घोषणा मंगलवार को और रसायनशास्त्र के विजेताओं की घोषणा बुधवार को की जायेगी. साहित्य के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार विजेताओं का नाम बृहस्पतिवार को सामने आयेगा. शांति के नोबेल पुरस्कार के विजेता का नाम शुक्रवार को घोषित किया जायेगा. आगामी सोमवार, 14 अक्तूबर को अर्थशास्त्र के क्षेत्र में नोबेल पुरस्कार के विजेता का नाम घोषित किया जायेगा.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola