कुवैती अतिथि का बटुआ चोरी का वीडियो सामने आने के बाद आरोपी पाक नौकरशाह निलंबित

Updated at : 01 Oct 2018 3:46 PM (IST)
विज्ञापन
कुवैती अतिथि का बटुआ चोरी का वीडियो सामने आने के बाद आरोपी पाक नौकरशाह निलंबित

इस्लामाबाद : पाकिस्तान के एक वरिष्ठ नौकरशाह द्वारा यात्रा पर आये एक कुवैती गणमान्य अतिथि का बटुआ चुराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने संबंधित नौकरशाह को निलंबित कर दिया है. मीडिया में ऐसी खबर आयी है. यह गणमान्य अतिथि उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा था जो द्विपक्षीय व्यापार पर […]

विज्ञापन

इस्लामाबाद : पाकिस्तान के एक वरिष्ठ नौकरशाह द्वारा यात्रा पर आये एक कुवैती गणमान्य अतिथि का बटुआ चुराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने संबंधित नौकरशाह को निलंबित कर दिया है. मीडिया में ऐसी खबर आयी है.

यह गणमान्य अतिथि उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा था जो द्विपक्षीय व्यापार पर चर्चा करने के लिए पाकिस्तान आया. डॉन न्यूज के अनुसार उद्योग एवं उत्पादन मंत्रालय में संयुक्त सचिव और पाकिस्तान प्रशासनिक सेवा के बीएस-20 अधिकारी जर्रार हैदर खान बटुआ चुराते हुए सीसीटीवी में पकड़े गये हैं. इस पर्स में अच्छी खासी कुवैती मुद्रा दिनार थी. छह सेकेंड के वीडियो में खान मेज से बटुआ उठाकर अपनी जेब में डालते हुए नजर आ रहे हैं.

दरअसल कुवैती प्रतिनिधि और मंत्रालय के अधिकारी जब अपनी बातचीत के बाद आर्थिक कार्य संभाग के हॉल से चले गये तब उन्होंने ऐसा किया. चोरी सामने आने के बाद दोषी संयुक्त सचिव को अनुशासनात्मक आधार पर सेवा से निलंबित कर दिया गया है. लेकिन, अब तक इस संबंध में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं करायी गयी है.

यह मुद्दा तब सामने आया जब कुवैती प्रतिनिधिमंडल के एक सदस्य ने पाकिस्तानी अधिकारियों के सामने बटुआ गायब होने की शिकायत दर्ज करायी. उसके बाद मंत्रालय में तलाशी ली गयी, सभी कमरे और कार्यालय खंगाले गये. निचले स्तर के कर्मचारियों से पूछताछ की गयी और उनकी तलाशी ली गयी, लेकिन शुरुआती तौर पर कुछ नहीं मिला. सूत्रों के अनुसार, बाद में हॉल के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जब जांच की गयी तब खान की चोरी पकड़ी गयी. सीसीटीवी फुटेज जब खान को दिखाया गया तब उन्होंने पर्स सामने रख दिया.

जब कुवैती अधिकारियों को पर्स मिल जाने की सूचना दी गयी तब उन्होंने पाकिस्तानी अधिकारियों से अपराधी के बारे में जानना चाहा. शुरू में तो पाकिस्तानी अधिकारियों ने आनाकानी की और आश्वासन दिया कि संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जायेगी. सूत्रों के अनुसार लेकिन इस घटना से नाराज प्रतिनिधियों ने जब जोर डाला तब उन्हें अपराधी के बारे में बताया गया और सीसीटीवी फुटेज दिखाया गया. सूत्रों के अनुसार, आंतरिक जांच चल रही है तथा आगे और कार्रवाई की जायेगी.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola